scorecardresearch
 

Subodh Uniyal Apologises To Daler Mehndi: बैकफुट पर आए मंत्री सुबोध उनियाल! दलेर मेहंदी से मांगी माफी, मीका सिंह बोले- सम्मान...

उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने कुंजापुरी देवी मेले में दलेर मेहंदी से विवाद को लेकर फोन पर माफी मांगी है. इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी माफी मांगी थी.

Advertisement
X
मंत्री जी ने मांगी माफी (Photo: Social Media)
मंत्री जी ने मांगी माफी (Photo: Social Media)

उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने सिंगर दलेर मेहंदी से कुंजापुरी देवी मेले में हुए विवाद को लेकर फोन पर माफी मांग ली है. इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मेहंदी बंधुओं से बात कर उनियाल की ओर से माफी मांगी थी. इसकी जानकारी मीका सिंह ने खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी थी.

अब मंत्री उनियाल द्वारा मांफी मांगे जाने को लेकर भी सिंगर मीका सिंह की टीम ने बयान जारी किया है. बयान में कहा गया कि वो मंत्री सुबोध उनियाल के इस कदम की सराहना करते हैं. उन्होंने कहा कि कलाकारों और उनकी गरिमा का सम्मान करना बेहद जरूरी है.

बयान में कहा गया- 'हम इस बात की सराहना करते हैं कि सुबोध उनियाल जी ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर टेलीफोन पर बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी पाजी से माफी मांगी है. कलाकारों और उनकी गरिमा का सम्मान करना बेहद जरूरी है. दलेर पाजी एक सीनियर कलाकार हैं, जिन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में बहुत बड़ा योगदान दिया है. हर कलाकार के साथ सम्मान से पेश आया जाना चाहिए. हमें उम्मीद है कि अब ये मामला यहीं खत्म हो जाएगा. सभी आपसी सम्मान और समझ के साथ आगे बढ़ेंगे, टीम मीका सिंह.'

Advertisement

इस माफी के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल के बीच छिड़ा विवाद अब शांत हो जाएगा. हालांकि, इससे पहले मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने बयान पर कायम रहते हुए कहा था कि अगर कलाकार की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें आयोजकों या दर्शकों को पहले ही बता देना चाहिए था.

मामला क्या था?
18 अक्टूबर को नवरात्रि के मौके पर टिहरी गढ़वाल के कुंजापुरी देवी मेले में दलेर मेहंदी लाइव परफॉर्म कर रहे थे. इस दौरान मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उनकी परफॉर्मेंस बीच में रोक दी. उन्होंने आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी शराब के नशे में हैं और लिप-सिंक कर रहे हैं.

इस घटना के बाद दलेर मेहंदी के छोटे भाई, गायक मीका सिंह ने मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. मीका ने कहा था कि उनके भाई ने कभी शराब नहीं पी और वे परफॉर्मेंस के वक्त बीमार थे. उन्होंने ये भी सवाल उठाया कि किसी सीनियर कलाकार को सार्वजनिक मंच पर इस तरह कैसे बोला जा सकता है. 

हालांकि, पूरे विवाद पर अब तक दलेर मेहंदी ने सामने आकर कुछ नहीं बोला है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement