इंडियन फोल्कलोर पर बेस्ड TVF और एकता कपूर एक फिल्म द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट ला रहे हैं, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की जोड़ी होगी. इसे रिलीज होने में महज एक महीने का समय बचा है. लेकिन इस बीच फिल्म से जुड़ी एक हैरतअंगेज रिपोर्ट सामने आई है.
सिद्धार्थ की फिल्म संग हुई ट्रैजेडी?
द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट को लेकर कहा जा रहा है कि फिल्म में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं. इसे दोबारा से शूट और एडिट किया जा रहा है. पंचायत जैसी हिट सीरीज बनाने वाले दीपक मिश्रा, जो इस फिल्म के डायरेक्टर हैं उन्हें TVF की पूरी टीम समेत प्रोजेक्ट से बाहर किया गया है. फिल्मफेयर की रिपोर्ट में इन बातों का खुलासा किया गया है.
रिपोर्ट के अनुसार, एकता कपूर ने अपने प्रोडक्शन में काम कर रहे नीराज कोठारी और साहिर रजा को फिल्म की एडिटिंग की जिम्मेदारी संभालने के लिए दी है. दोनों सीधे उनके डायरेक्शन में काम कर रहे हैं. चूंकि एकता कपूर की कंपनी बालाजी मोशन पिक्चर्स इस फिल्म को को-प्रोड्यूस कर रही है, इसलिए क्रिएटिव कामों में उनका भी योगदान है.
आगे ये भी बताया गया है कि सिद्धार्थ मल्होत्रा ने खुद फिल्म के लिए 17 दिनों के अतिरिक्त रीशूट की मांग की है. इस दौरान फिल्म के क्लाइमेक्स और एक्शन सीक्वेंस में दोबारा काम किया जाएगा. हैरानी की बात ये है कि फिल्म की रिलीज डेट 25 सितंबर है, ऐसे में मेकर्स के पास रीशूट पूरा करने और फिल्म को दोबारा एडिट करने के लिए बहुत कम समय बचा है. हालांकि इस बात की कोई पुष्टि नहीं की जा सकती क्योंकि ना तो एकता और ना ही TVF की तरफ से इन रिपोर्ट्स पर कोई आधिकारिक बयान आया है.
वैसे इन रिपोर्ट्स के बीच आज फोल्कलोर डे के मौके पर एकता कपूर और TVF के फाउंडर अरुणाभ कुमार ने एक पोस्ट शेयर की थी. इस दौरान दोनों देशभर के कई सारे प्रतिष्ठित मंदिरों में जाकर भगवान का आशीर्वाद लेते नजर आए. अरुणाभ अपनी पोस्ट में ये भी बता रहें हैं कि उन्हें द वन फिल्म बनाने का आइडिया किस तरह आया, और कैसे उन्हें एकता का सपोर्ट मिला था. ऐसे में ये कह पाना मुश्किल है कि उनकी फिल्म किसी मुश्किल में फंसी है. देखना दिलचस्प रहेगा कि मेकर्स की तरफ से क्या रिएक्शन आता है.