बॉलीवुड के चॉकलेटी हीरो शाहिद कपूर अपनी फिटनेस और यंग लुक्स के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं. 45 उम्र का होने के बावजूद शाहिद आज भी कई यंग सितारों को फिटनेस के मामले में कड़ी टक्कर देते हैं. यही वजह है कि पर्दे पर उन्हें कॉलेज स्टूडेंट या यंग रोमांटिक हीरो के रोल में देखना दर्शकों के लिए कोई नई बात नहीं है.
शाहिद को हुआ 'गिल्ट'
हाल ही में रिलीज हुए 'कॉकटेल 2' के ट्रेलर में भी यंग एज रोमांस का तड़का देखने को मिला है. फिल्म में शाहिद कपूर एक बार फिर यंग ऐज लव स्टोरी का हिस्सा बने नजर आ रहे हैं. हालांकि इस तरह के किरदार निभाने को लेकर खुद शाहिद ने अब एक दिलचस्प और मजेदार बात कही है.
शाहिद कपूर इससे पहले सुपरहिट फिल्म 'कबीर सिंह' में भी कॉलेज स्टूडेंट के रोल में नजर आए थे. जब उनसे उम्र और ऐसे किरदारों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने हंसते हुए माना कि एक उम्र के बाद कॉलेज जाने वाले लड़के का किरदार निभाना थोड़ा अजीब और शर्मिंदगी भरा महसूस हो सकता है.
शाहिद ने कहा- मैं हमेशा से अपने बच्चों से माफी मांगना चाहता हूं. क्योंकि जब वो बड़े होंगे तो मुझे पता है कि वो मेरी ये फिल्में देखकर कहेंगे- आप 45 साल के थे जब आप ये किरदार निभा रहे थे, क्यों?
डिसिप्लिन्ड लाइफ जीते हैं शाहिद
शाहिद का ये जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग भी हंस पड़े. लेकिन उनकी बात में एक सच्चाई भी छिपी थी. बॉलीवुड में अक्सर सितारे अपनी उम्र से काफी छोटे किरदार निभाते नजर आते हैं और दर्शक भी उन्हें पसंद करते हैं. शाहिद खुद इसका बड़ा उदाहरण हैं.
45 की उम्र के करीब पहुंचने के बावजूद शाहिद की फिटनेस और स्क्रीन प्रेजेंस आज भी कमाल की है. उनकी फिट बॉडी, एनर्जी और यंग लुक्स देखकर उनकी असली उम्र का अंदाजा लगाना आसान नहीं है. यही कारण है कि फिल्ममेकर्स आज भी उन्हें रोमांटिक और कॉलेज जाने वाले किरदारों में कास्ट करने से नहीं हिचकते.
शाहिद ने 2015 में मीरा राजपूत से शादी की थी और दोनों मिलकर अपने बच्चों की परवरिश करते हैं. कपल की एक बेटी मिशा कपूर और एक बेटा जैन कपूर है.
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहिद कपूर की कॉकटेल 2 थियेटर्स में 19 जून को रिलीज होगी. फिल्म में उनके साथ कृति सेनन और रश्मिका मंदाना भी हैं. वहीं इससे पहले वो ओ रोमियो में गैंगस्टर उस्तारा का किरदार करते नजर आए थे.