2026 की सबसे बड़ी इंडियन फिल्मों में से एक, सुपरस्टार शाहरुख खान की किंग पर लंबे समय से काम चल रहा है. कुछ महीनों पहले शाहरुख की इंजरी के चलते इस फिल्म का शूट रुक गया था. अब एक बार फिर से इसका शूट रुकने की खबर आ रही है. इस बार शूट रुकने की वजह बना है मिडिल ईस्ट में चल रहा युद्ध. अप्रैल में किंग का एक हिस्सा दुबई में शूट होना था. लेकिन दुबई और उस पूरे क्षेत्र में युद्ध की वजह से हालात बहुत अनिश्चित हैं. इस चक्कर में किंग का शूट कैंसिल करना पड़ा है. अब वो शूट मुंबई में लगाए गए सेट पर शूट किया जाएगा.
'पठान' के शूट में रोड़ा बना मिडिल ईस्ट का युद्ध
मिड डे की एक रिपोर्ट में सामने आया है कि किंग का रेगिस्तान में बेस्ड एक एक्शन सीक्वेंस 9 अप्रैल से दुबई में शूट होना था. ये शेड्यूल एक हफ्ते में पूरा होने की उम्मीद थी. मेकर्स ने इस शूट के लिए सारी जरूरी परमिशन ले ली थी और तैयारियां पूरी थीं. लेकिन अब कास्ट और क्रू की सुरक्षा पर किसी तरह का रिस्क न लेते हुए ये शेड्यूल कैंसिल कर दिया गया है.
एक सूत्र के हवाले से बताया गया कि प्लान बदलने की वजह से अब मेकर्स मुंबई में ही रेगिस्तान का एक सेट रीक्रिएट कर रहे हैं. बिना किसी रुकावट शूट पूरा हो सके, इसलिए मुंबई के विले पार्ले में ये सेट लगाया गया है. डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने किंग का ये एक्शन सीक्वेंस बहुत ग्रैंड स्केल पर प्लान किया है. दुबई में इसका शूट कैंसिल भले हुआ हो, लेकिन मुंबई वाला सेट बहुत रियल बताया जा रहा है. सेट पर शूट होने की वजह से डायरेक्टर को लाइटिंग और बाकी चीजों पर भी बेहतर कंट्रोल मिलेगा.
पहले भी रुका था किंग का शूट
इससे पहले जुलाई-अगस्त 2025 में शाहरुख को चोट लगने के चलते किंग का शूट रुका था. सामने आया था कि एक एक्शन सीक्वेंस के शूट के दौरान स्ट्रेन पड़ने से शाहरुख को दिक्कत हुई थी. उन्हें जरूरी ट्रीटमेंट के लिए यूएस जाना पड़ा था, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें एक महीने पूरी तरह रेस्ट करने की सलाह दी थी. नवंबर से शाहरुख दोबारा शूट पर लौटे थे.
दुबई या मिडिल ईस्ट के हालात पर काबू तो खैर किसी का नहीं है. लेकिन मुंबई का सेट क्या सीन में रियल रेगिस्तान वाला फील दे पाएगा, ये एक बड़ा सवाल है. एक और सवाल फैन्स की नजर में बना हुआ है— दो बार शूट हॉल्ट कर चुकी किंग क्या समय पर बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार हो पाएगी? किंग 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने के लिए शेड्यूल है. शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी किंग में डेब्यू करने जा रही हैं. फिल्म में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, अरशद वारसी और जयदीप अहलावत जैसे दमदार नाम हैं.