दिल्ली के जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' का शांतिपूर्वक प्रदर्शन जारी है. छात्रों को न्याय दिलाने के लिए CJP भी अनशन पर बैठी है. CJP प्रोटेस्ट को अब बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों का सपोर्ट मिल रहा है. दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आजमी ने भी जंतर-मंतर पहुंचकर CJP का समर्थन किया और देश के युवा के हक के लिए आवाज उठाई.
क्या बोलीं शबाना आजमी?
शबाना आजमी ने जंतर-मंतर पर 'द रेड माइक' संग बातचीत में दावा किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखी, कोई जवाब नहीं आया तो वो प्रोटेस्ट में आ गईं. उन्होंने बताया कि जावेद अख्तर ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खत लिखा है, लेकिन उन्हें अब तक कोई जवाब नहीं मिला.
शबाना आजमी बोलीं- जब पानी हद से गुजर जाता है, मैं तभी बोलती हूं. मैं हर बात पर नहीं बोलती, क्योंकि अब मेरी उम्र 75 साल हो गई है. मैं ये सब देख चुकी हूं. मैं इनके बीच आई हूं, क्योंकि जब मुझे अंदर से कोई चीज झिंझोड़ती है, मैं तभी बोलती हूं.
शबाना-जावेद अख्तर ने लिखा खत
शबाना आजमी आगे बोलीं- हमने खत में कहा कि आप सिर्फ एक डायलॉग इनिशिएट करिए. हम प्रेस के पास नहीं जा रहे हैं. हम इसे पब्लिक मैटर नहीं बाएंगे. हम राज्यसभा के एक्स सांसद हैं, तो हम उस लिहाज से कह रहे हैं कि आप उनकी बात तो सुनिए.
दिग्गज एक्ट्रेस ने कहा- पहले तो हमसे कहा गया कि आपको 2 दिन में जवाब मिल जाएगा. लेकिन जवाब दो दिन में नहीं आया, तीन दिन में नहीं आया, 4 दिन में नहीं आया तो फिर 5वें दिन हम यहां आ गए.
बता दें कि शबाना आजमी के अलावा एक्ट्रेस पूनम पांडे ने भी सरकार से छात्रों को जवाब देने की अपील की है. एक्ट्रेस ने कहा कि छात्रों की इस लड़ाई में वो उनके साथ हैं.