पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए विवादित बयान के बाद देश की राजनीति गरमा गई है. इस बयान के विरोध में पटना के कोतवाली थाने में पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है. भारतीय जनता पार्टी ने खड़गे की टिप्पणी के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन करने और पुतला दहन करने का ऐलान किया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने राजनीतिक मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं.