फिल्म मेकर्स अपनी मचअवेटेड फिल्मों को भुनाने और त्यौहारों के मौके पर रिलीज करने की होड़ में अक्सर नई तारीखों का ऐलान करते रहते हैं. इसी सिलसिले में ब्लॉकबस्टर निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की आने वाली फिल्म 'स्पिरिट', जिसमें पैन-इंडिया स्टार प्रभास और तृप्ति डिमरी लीड रोल में हैं, अब एक नई रिलीज डेट के साथ दर्शकों के सामने आने को तैयार है.
पहले यह फिल्म 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी, लेकिन वांगा ने अपना प्लान बदलते हुए इसे 29 अक्टूबर 2027 यानी दीवाली के पावन मौके पर रिलीज करने का फैसला लिया है. इस नई तारीख की घोषणा के साथ ही तय हो गया है कि दीवाली 2027 पर बॉक्स ऑफिस पर साल का सबसे बड़ा और धमाकेदार क्लैश देखने को मिलेगा, क्योंकि इसी मौके पर नितेश तिवारी की महाकाव् 'रामायण पार्ट 2' भी रिलीज होने वाली है.
वांगा ने शेयर किया नया पोस्टर
संदीप रेड्डी वांगा ने खुद रविवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल 'X' पर एक नया पोस्टर शेयर करते हुए इस नई तारीख से पर्दा उठाया. प्रभास के एक नए और दिलचस्प लुक वाले पोस्टर को शेयर करते हुए वांगा ने कैप्शन में लिखा, 'इसे देखें... #Spirit 29 अक्टूबर, दीवाली 2027 - वर्ल्डवाइड रिलीज डेट.' इस ऐलान के बाद से ही सोशल मीडिया पर प्रभास और वांगा के फैंस के बीच जबरदस्त माहौल देखने को मिल रहा है. 'स्पिरिट' की सबसे खास बात यह है कि इसके जरिए प्रभास और संदीप रेड्डी वांगा पहली बार किसी प्रोजेक्ट में एक साथ काम कर रहे हैं.
'स्पिरिट' बनाम 'रामायण पार्ट 2'
वांगा की इस नई रिलीज डेट के ऐलान से साफ है कि 'स्पिरिट' सीधे तौर पर 'रामायण पार्ट 2' को चुनौती देती नजर आएगी. नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के भव्य प्रोडक्शन में बन रही फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी सीता और साउथ सुपरस्टार यश रावण की भूमिका में दिखाई देंगे. दो पार्ट में बनने वाली महाकाव्य का पहला पार्ट यानी 'रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड' 5 नवंबर को बड़े पर्दे पर आने वाला है.
हालांकि मेकर्स ने अभी तक सीक्वल की आधिकारिक तारीख नहीं बताई है, लेकिन इसे दीवाली 2027 के लिए ही शेड्यूल्ड माना जा रहा है. ऐसे में दो इतने बड़े प्रोजेक्ट्स का आमने-सामना होना ट्रेड पंडितों और फैंस दोनों के लिए एक्साइटमेंट बढ़ा देने वाला है.
प्रभास का पैक शेड्यूल
प्रभास के आने वाले प्रोजेक्ट्स की लिस्ट काफी लंबी है और वे बैक-टू-बैक बड़े धमाके करने की तैयारी में हैं. 'सीता रामम' फेम निर्देशक हनु राघवपुडी द्वारा निर्देशित उनकी पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म 'फौजी' की रिलीज को लेकर पहले खबर आई थी कि यह दिसंबर 2026 में आ सकती है, लेकिन अब कयास हैं कि यह 18 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में उतरेगी.
इसके अलावा, सुपरस्टार प्रभास के पास भारतीय सिनेमा के दो सबसे बड़े सीक्वल 'कल्कि 2898 AD पार्ट 2' और 'सालार पार्ट 2' भी कतार में हैं, जिनकी शूटिंग और प्री-प्रोडक्शन का काम तेजी से चल रहा है.