scorecardresearch
 

'CM का बेटा' 23 साल, 60 फिल्में लगीं ये टैग हटाने में, रितेश देशमुख का दर्द

रितेश देशमुख ने लॉक अप शो में अपने शुरुआती संघर्ष का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि लोग उन्हें सिर्फ महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री का बेटा मानते थे और कहते थे कि उन्हें फिल्में पिता की वजह से मिलती हैं. रितेश बोले, ये टैग तोड़ने में 23 साल और 60 फिल्में लगीं.

Advertisement
X
रितेश देशमुख का दर्द (Photo: Screengrab)
रितेश देशमुख का दर्द (Photo: Screengrab)

बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख इन दिनों नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' को होस्ट कर रहे हैं. शो के लेटेस्ट एपिसोड में रितेश ने अपनी जिंदगी का ऐसा दर्द साझा किया, जिसे सुनकर कंटेस्टेंट्स भी भावुक हो गए. उन्होंने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखते ही लोग उनकी मेहनत नहीं, बल्कि उनके पिता की कुर्सी देखते थे.

'लोग कहते थे, CM का बेटा है इसलिए फिल्में मिलती हैं'

दरअसल, शो में कंटेस्टेंट योगेश रावत अपने ऊपर लगे 'चीटर' के टैग को लेकर दुख जाहिर कर रहे थे. उन्होंने कहा कि बिना पूरी सच्चाई जाने लोग उन्हें चीटर कह रहे हैं और इससे उनके परिवार को भी शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है.

योगेश की बात सुनने के बाद रितेश ने उन्हें समझाया कि लोगों की राय अक्सर उसी आधार पर बनती है, जो बाहर दिखाई देता है. फिर उन्होंने अपनी जिंदगी का उदाहरण देते हुए कहा- परसेप्शन यानी लोगों की धारणा वही बनती है, जो आप बाहर दिखाते हैं. हम सभी इस दौर से गुजरे हैं. जब मैंने अपनी पहली फिल्म की थी, उस वक्त मेरे पिता महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे. मेरे डेब्यू के बाद हर कोई यही कहता था कि 'इसके पिता CM हैं, इसलिए इसे काम मिलता है और इसकी फिल्में चलती हैं.' मैं इस दौर से गुजरा हूं.

Advertisement

'23 साल और 60 फिल्में लगीं ये टैग तोड़ने में'

रितेश ने आगे कहा- आज 23 साल और 60 फिल्में करने के बाद मैं आपके सामने खड़ा हूं. मैंने वो सारे टैग तोड़ दिए हैं. कुछ टैग टूटने में वक्त और मेहनत लगती है, लेकिन अगर इंसान ठान ले तो वो जरूर टूटते हैं. उनकी ये बात सुनकर बाकी कंटेस्टेंट्स भी काफी इंस्पायर हुए.

रितेश देशमुख, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे हैं. उन्होंने साल 2003 में फिल्म 'तुझे मेरी कसम' से बॉलीवुड में कदम रखा था. इसके बाद क्या कूल हैं हम, धमाल, हे बेबी, हाउसफुल जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में अपनी दमदार कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया.

हाल ही में रितेश की बतौर डायरेक्टर-प्रोड्यूसर फिल्म 'राजा शिवाजी' भी जबरदस्त हिट साबित हुई. ये दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली मराठी फिल्मों में शामिल हो गई.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement