रणबीर कपूर बॉलीवुड के सबसे स्टाइलिश और हैंडसम एक्टर्स में गिने जाते हैं. उनका हर लुक सोशल मीडिया पर ट्रेंड बन जाता है. उनके कपड़ों से लेकर शानदार घड़ियों तक, हर चीज पर फैंस की गहरी नजर रहती है. अब फिल्म 'रामायण' के एक प्री-रिलीज इवेंट के दौरान रणबीर ने एक बेहद खास घड़ी पहनी है, जिसकी कीमत और खूबसूरती इस वक्त हर तरफ चर्चा का विषय बनी हुई है.
क्यों खास है रणबीर की घड़ी?
हाल ही में हैदराबाद में 'रामायण' के प्री-रिलीज इवेंट में रणबीर ने अपने डैशिंग लुक से हर किसी को इंप्रेस किया. वो नेवी-ब्लू कलर के आउटफिट में सुपर हैंडसम लगे. हालांकि, उनके कपड़ों से ज्यादा उनकी कलाई पर बंधी नीले रंग की खूबसूरत घड़ी ने उनके पूरे लुक में चार चांद लगा दिए.
रणबीर कपूर ने जो घड़ी पहनी है, वो लग्जरी वॉच बनाने वाले ब्रांड Jacob & Co. की है. घड़ी का नाम 'एपिक एक्स शेर-ए-पंजाब एडिशन' (Jacob & Co. Epic X Sher-E-Punjab Edition) है. ये एक क्लासिक लग्जरी घड़ी है. इसकी कीमत 35,88,000 रुपये बताई जा रही है.
यह केवल एक महंगी घड़ी नहीं है, बल्कि ये लिमिटेड-एडिशन वॉच है. इसके डिजाइन का सिख विरासत से खास कनेक्शन है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुनियाभर में इस घड़ी के केवल 50 पीस ही बनाए गए हैं, जो इसे काफी खास बनाते हैं.
क्या है घड़ी की खासियत?
जैकब एंड कंपनी की इस खास घड़ी (Epic X Sher-E-Punjab Edition) को मजबूत टाइटेनियम मेटल से बनाया गया है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसके डिजाइन में बने तीन खास निशान हैं. शेर, खंडा और एक ओंकार (ईश्वर की एकता का मैसेज देता है). ये तीनों निशान ताकत, एकता और आस्था का संदेश देते हैं. घड़ी के डिजाइन का सिख धर्म और पंजाबी संस्कृति से गहरा कनेक्शन है. यह घड़ी सिखों के गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी और खालसा पंथ की स्थापना को श्रद्धांजलि अर्पित करती है.
रणबीर की घड़ी के नीले रबर स्ट्रैप पर मधुमक्खी के छत्ते जैसा टेक्सचर बना है, जो इसके नायाब डिजाइन को एक स्पोर्टी लुक देता है. इसके अलावा, इसका ओपनवर्क्ड डायल इसे यूनिक बनाता है. अगर आपको भी रणबीर कपूर की ये घड़ी पसंद आ रही है, तो इसके लिए आपको लाखों रुपये खर्च करने होंगे, क्योंकि घड़ी की कीमत 35,88,000 रुपये बताई जा रही है.
रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' की बात करें तो इस दो-पार्ट में बनाया गया है. फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रहा है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का दूसरा पार्ट अगले साल रिलीज किया जाएगा.