उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल और फेमस सिंगर दलेर मेहंदी के बीच एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने इन दिनों तूल पकड़ लिया है. इस घटना के सामने आने के बाद अब जाने-माने बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव खुलकर दलेर मेहंदी के समर्थन में उतर आए हैं.
सोशल मीडिया पर जारी अपने वीडियो संदेश में राजपाल यादव ने न सिर्फ दलेर मेहंदी का पुरजोर बचाव किया है, बल्कि मंत्री सुबोध उनियाल के इस तरह के रवैये और भाषा पर कड़ी आपत्ति भी जताई है.
राजपाल यादव ने क्या कहा?
वीडियो की शुरुआत करते हुए राजपाल यादव कहते हैं, 'जिस तरीके से एक सम्मानित मंत्री, हजारों लोगों के सामने, एक ऐसे लेजेंड सिंगर जिसकी दशकों से आवाज ने सबकी देश-दुनिया में सेवा की है, ऐसे अशोभनीय, निंदनीय शब्दों से... जो है, व्यवहार कर रहे थे और मारपीट को उदाहरण दे रहे थे, माननीय मंत्री जी, आपको यह शोभा नहीं देता. ऐसा लगा कि जैसे आपने कला को ही खरीद लिया हो. कला कभी खरीदी नहीं जा सकती. कला एक जीवन है, जीवन का सम्मान करिए.'
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए राजपाल यादव ने दलेर मेहंदी के स्वास्थ्य और उनके बारे में फैलाई जा रही बातों पर सफाई दी। उन्होंने कहा, 'और आपकी जानकारी के लिए बता दूं, दलेर पाजी शराब नहीं पीते. मैंने भी उनके साथ 'वेलकम टू द जंगल' में काम किया है. उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा है, और जिसको सब लोगों के द्वारा प्रयास चल रहा है कि जल्दी से जल्दी वो अच्छे हों.'
कला और कलाकारों का सम्मान करने की बात जोर देकर राजपाल यादव ने कहा, 'पद आते हैं, जाते हैं, लेकिन कद हमेशा रहता है और कला का कद हजारों वर्षों से है. कला के कद का सम्मान करिए. गॉड ब्लेस यू.'
दलेर मेहंदी विवाद की शुरुआत कैसे हुई
यह विवाद तब शुरू हुआ जब टिहरी के नरेंद्र नगर में कुंजापुरी मेले में मेहंदी के प्रदर्शन के कुछ वीडियो ऑनलाइन सामने आए. इन क्लिप्स में उनियाल को मंच पर गायक से सवाल करते, उनके प्रदर्शन की क्षमता पर सवाल उठाते और उन्हें रुकने के लिए कहते हुए देखा जा सकता है.
उत्तराखंड के वन मंत्री ने कथित तौर पर मेहंदी की हालत पर आपत्ति जताई. उनका तर्क था कि देवी दुर्गा को समर्पित नवरात्रि के कार्यक्रम में शराब के नशे में प्रदर्शन करना बिल्कुल भी उचित नहीं है.
रैपर बादशाह, कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा और गायक मीका सिंह ने भी मेहंदी का समर्थन किया है. मीका, जिन्होंने बताया कि उनके भाई की हाल ही में सर्जरी हुई है और वे ठीक हो रहे हैं. मीका ने ये भी कहा कि अगर कोई यह साबित कर दे कि मेहंदी ने शराब पी थी, तो वे गाना छोड़ देंगे.