scorecardresearch
 

'बॉलीवुड में मेरी मदद करने वाला कोई नहीं', बोलीं प्रियंका चोपड़ा, याद किए डेब्यू के दिन

प्रियंका चोपड़ा काफी बार अपनी बॉलीवुड जर्नी पर बात कर चुकी हैं. अब एक्ट्रेस ने अपने हालिया इंटरव्यू में कहा कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें किसी से मदद नहीं मिली, उनका यहां कोई नहीं था इसलिए उन्होंने अपना सफर खुद तय किया.

Advertisement
X
बॉलीवुड जर्नी पर बोलीं प्रियंका चोपड़ा (Photo: Instagram/PriyankaChopra)
बॉलीवुड जर्नी पर बोलीं प्रियंका चोपड़ा (Photo: Instagram/PriyankaChopra)

प्रियंका चोपड़ा आज के समय में एक ग्लोबल स्टार बन चुकी हैं. हॉलीवुड की बिग-बजट फिल्में इस समय उनकी झोली में हैं. इसके अलावा, प्रियंका एस.एस. राजामौली की अपकमिंग फिल्म 'वाराणसी' में भी है, जो इंडियन सिनेमा की दूसरी सबसे महंगी फिल्म बन रही है. एक्ट्रेस ने अपने 20 साल से ज्यादा के फिल्मी करियर में काफी ऊंचाई हासिल कर ली है. हालांकि प्रियंका का ये सफर उतना आसान नहीं था, जितना उन्होंने अब बनाया है. 

प्रियंका ने करीब 12 साल तक बॉलीवुड में काम किया, मगर उन्हें वैसा फेम नहीं मिला जैसा उन्होंने हॉलीवुड जाकर कमाया. एक्ट्रेस ने अपने हालिया इंटरव्यू में बॉलीवुड जर्नी पर बात की और बताया कि कैसे उन्होंने बिना किसी कनेक्शन अपने दम पर पहचान बनाई.

बॉलीवुड में मुश्किल रही प्रियंका की शुरुआत

वोग अरेबिया को दिए इंटरव्यू में देसी गर्ल ने कहा, 'मुझे सीधे मैदान में फेंक दिया गया था. मैं वैसी इंसान हूं कि अगर कोई मुश्किल आ जाए, तो मैं उसमें ना सिर्फ बचना चाहती हूं, बल्कि उसमें अच्छे से आगे भी निकलना चाहती हूं. मैं हमेशा से बहुत कॉम्पिटिटिव रही- यहां तक कि खुद से भी. चाहे पेजेंट की दुनिया हो या सिनेमा, मेरे परिवार में किसी का भी इस लाइन से कोई कनेक्शन नहीं था. इसलिए इस बिजनेस में मेरी मदद करने वाला कोई नहीं था. मुझे बहुत जल्दी सब कुछ खुद सीखना पड़ा.'

Advertisement

प्रियंका ने आगे कहा कि वो शुरू-शुरू में अच्छी डांसर नहीं थी. अपने को-स्टार, कोरियोग्राफर के साथ ठीक तरह से तालमेल नहीं बिठा पाती थीं. एक्ट्रेस को शुरुआत में एक्टिंग करने में भी तकलीफ महसूस होती थी. उनके मुताबिक, उस उम्र में उनके लिए इतना सब सीखना काफी मुश्किल था. उन्होंने इससे जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया, जब एक कोरियोग्राफर ने उन्हें सभी के सामने माइक पर डांट दिया था. 

प्रियंका ने सुनाया कोरियोग्राफर का किस्सा

देसी गर्ल ने कहा, 'मैं साउथ अफ्रीका में राजू खान के साथ फिल्मिंग कर रही थी. मैं बार-बार स्टेप्स और पोजीशन भूल हो रही थी. राजू खान इतने नाराज हो गए कि उन्होंने माइक नीचे फेंक दिया और बोले कि तुम पेजेंट से आई हो, लेकिन एक्ट्रेस बनने से पहले डांस तो सीख लेती. फिर वो चले गए. मैं बहुत शर्मिंदा हो गई थी…  अब हम अच्छे दोस्त हैं.'

प्रियंका चोपड़ा ने अपना बॉलीवुड डेब्यू साल 2003 में आई फिल्म अंदाज से किया था. इसके करीब 13 साल बाद यानी 2016 में वो हॉलीवुड चली गईं और वहां के टीवी शो में काम करने लगीं. इसके बाद से वो कभी किसी बड़े बॉलीवुड प्रोजेक्ट में नजर नहीं आई हैं. अब उनकी 'वाराणसी' फिल्म आ रही है, जो एक पैन-इंडिया फिल्म है और 7 अप्रैल 2027 को रिलीज होनी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement