
रैपर बादशाह के गाने 'टटीरी' के लिरिक्स में स्कूल गर्ल स्टूडेंट पर की गई टिप्पणी के बाद मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. हरियाणा पुलिस की गिरफ्तारी की तलवार, दूसरी तरफ लॉरेंस गैंग की जान से मारने की धमकी ने बादशाह का जीना मुश्किल कर दिया है. जो हो रहा है उससे सहमत, असहमत होने में सबके अपने विचार हो सकते हैं. लेकिन बादशाह के 'टटीरी' गाने के बोल शर्मनाक थे इस पर किसी की दो राय नहीं है. लेकिन आज बात बादशाह की नहीं, नोरा फतेही की है.
विवादों में नोरा का नया गाना
बादशाह के विवाद के बीच नोरा फतेही-संजय दत्त का नया गाना सामने आया है, जिसके बोल सुनकर फैंस के कानों से धुंआ निकल गया है. गाने के बोल हैं 'सरके चूनर तेरी सरके', जो संजय दत्त की फिल्म 'केडी-द डेविल' का है. कन्नड़ फिल्म में नोरा फतेही का डेब्यू है. इस बात पर नोरा ने खुशी जताते हुए कहा है कि ये मेरे लिए बहुत बड़ा मौका है. इस गाने की एनर्जी डांस स्टेप्स लोगों को याद रहेंगे.
लेकिन इन सबके बीच नोरा ने कहीं भी गाने के लिरिक्स पर बात नहीं की है. शायद उनकी हिंदी की समझ इसके पीछे वजह है. लेकिन नौरा के डांस स्टेप्स तो हाय गर्मी बढ़ाने वाले होते हैं, इस बार गाने के बोल भी उसी राह पर हैं. मगर अश्लील ट्रैक पर क्यों विरोध के स्वर सुनाई नहीं दे रहे?
किसने लिखा गाना?
यूट्यूब पर मौजूद जानकारी के मुताबिक इस गाने को हिंदी में रकीब आलम ने लिखा है. रकीब आलम ने भारतीय फिल्म उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों जैसे तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में काम किया है. उन्होंने 'स्लमडॉग मिलियनेयर', 'गैंगस्टर', 'मैक्सिमम', दीपा मेहता की 'वॉटर' और कई अन्य फिल्मों में काम किया है. गाना 'ऊ बोलेगा या ऊ ऊ बोलेगा' सुनिधि चौहान का गाना 'सामी सामी', नकाश अजीज का गाना 'एय बिद्दा ये मेरा अड्डा' और विशाल ददलानी का गाना 'जागो जागो बकरे' इन सभी गानों को रकीब ने लिखा है.
संजय दत्त की क्या है मजबूरी
बॉलीवुड के खलनायक संजय दत्त की जलवा आज भी कायम है. लेकिन इस गाने को सुनकर और स्टेप्स देखकर फैन्स यही पूछ रहे हैं बाबा क्या मजबूरी थी? लुंगी पहनकर वल्गर डांस करते हुए संजय दत्त को देखना फैन्स को पसंद नहीं आ रहा है.


क्या पहली बार हुआ है ऐसा?
बादशाह ने विरोध के बाद माफी मांगी थी लेकिन ये पहली बार नहीं है. अश्लील गाने पहले भी बने हैं. बस विरोध कम हुआ है. जब आवाज बुलंद हुई है तो जरूरी है हिट होने के इस शॉर्टकट पर लगाम लगे. गाने में क्या है ऐसा जो बवाल मचा रहा है तो उसके लिए सुनें ये ट्रैक. बस इंतजार है कि कब लगेगी ऐसे गानों पर रोक.