बॉलीवुड के 'सुल्तान' सलमान खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं. खबर है कि वह फेमस डायरेक्टर जोड़ी राज और डीके के साथ एक बड़े प्रोजेक्ट के लिए हाथ मिला रहे हैं. राज और डीके, जिन्होंने 'द फैमिली मैन' और 'फर्जी' जैसी सुपरहिट वेब सीरीज से अपनी एक अलग पहचान बनाई है, अब सलमान खान के साथ एक सुपरहीरो फिल्म लेकर आ रहे हैं. इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें सलमान के साथ करीना कपूर खान की जोड़ी नजर आ सकती है.
'बजरंगी भाईजान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म के सालों बाद इन दोनों सितारों को फिर से एक साथ देखना फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं होगा. हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन खबरों ने फिल्म जगत में हलचल तेज कर दी है.
करीना कपूर खान ने दिखाई दिलचस्पी
'वैरायटी इंडिया' की रिपोर्ट के अनुसार, करीना कपूर इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने के लिए बातचीत के अंतिम दौर में हैं. बताया जा रहा है कि सलमान खान ने खुद करीना से इस रोल को लेकर बात की है, जिसके बाद बेबो ने फिल्म में गहरी दिलचस्पी दिखाई है. हालांकि उन्होंने अभी तक आधिकारिक तौर पर फिल्म साइन नहीं की है, लेकिन मौखिक रूप से उन्होंने अपनी सहमति दे दी है. पहले इस रोल के लिए सामंथा रुथ प्रभु का नाम चर्चा में था, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि करीना ही इस रेस में सबसे आगे हैं.
12 साल बाद लौटेगी सलमान-करीना की जोड़ी
अगर यह प्रोजेक्ट फाइनल हो जाता है, तो सलमान और करीना पांचवीं बार एक साथ काम करेंगे. इससे पहले दोनों 'क्यूं की...', 'मैं और मिसेज खन्ना', 'बॉडीगार्ड' और 'बजरंगी भाईजान' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं. साल 2015 के बाद यह पहला मौका होगा जब यह सुपरहिट जोड़ी स्क्रीन शेयर करेगी. फैंस के बीच इन दोनों की केमिस्ट्री हमेशा से ही पसंदीदा रही है.
राज और डीके की बड़े पर्दे पर वापसी
यह फिल्म राज और डीके के लिए भी काफी महत्वपूर्ण है. पिछले कुछ सालों से ओटीटी की दुनिया में 'गन्स एंड गुलाब्स' और 'सिटाडेल: हनी बनी' जैसे प्रोजेक्ट्स के साथ धमाल मचाने के बाद, यह जोड़ी 2017 की फिल्म 'ए जेंटलमैन' के बाद फिर से सिनेमाघरों की ओर रुख कर रही है.
कब शुरू होगी शूटिंग?
फिल्म की टाइमलाइन को लेकर भी जानकारियां सामने आई हैं. सलमान खान फिलहाल वामशी पैडिपल्ली की फिल्म में व्यस्त हैं. उम्मीद है कि उस प्रोजेक्ट को पूरा करने के बाद वह अक्टूबर-नवंबर 2026 के आसपास इस सुपरहीरो फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकते हैं. 2027 में इसे रिलीज किया जा सकता है.