scorecardresearch
 

काला हिरण विवाद: फंस गए गोविंद नामदेव! मेकर्स ने ठोका 50 लाख का जुर्माना, 7 दिन की दी मोहलत

सलमान खान के काले हिरण केस पर आधारित फिल्म 'काला हिरण' नया विवाद खड़ा कर रही है. ट्रेलर पर सवाल उठाने के बाद गोविंद नामदेव को प्रोड्यूसर अमित जानी ने लीगल नोटिस भेजा है और 50 लाख रुपये के जुर्माने और सार्वजनिक माफी की मांग की है.

Advertisement
X
काला हिरण विवाद: गोविंद नामदेव के खिलाफ लीगल नोटिस (Photo: Screengrab)
काला हिरण विवाद: गोविंद नामदेव के खिलाफ लीगल नोटिस (Photo: Screengrab)

सलमान खान के साल 1998 के चर्चित काले हिरण शिकार मामले पर आधारित फिल्म 'काला हिरण' इस साल की सबसे विवादित फिल्मों में से एक बन गई है. फिल्म में मेकर्स ने सलमान खान का नाम तो इस्तेमाल नहीं किया है, लेकिन फर्स्ट लुक टीजर में उनके जैसा दिखने वाला किरदार नजर आता है, जिसका नाम 'अयान खान' रखा गया है. टीजर में कई और एक्टर्स भी दिखाई देते हैं, जिनमें दिग्गज एक्टर गोविंद नामदेव भी शामिल हैं, जो सलमान खान के साथ कई फिल्मों में काम कर चुके हैं.

गोविंद नामदेव को लगा झटका

हाल ही में एक इंटरव्यू में गोविंद नामदेव ने कहा था कि 'काला हिरण' का ट्रेलर देखकर वो खुद हैरान रह गए थे. उनका कहना था कि उन्होंने जो शूट किया था, फिल्म का ट्रेलर उससे बिल्कुल अलग नजर आया. अब फिल्म मेकर अमित जानी ने इस बयान पर कड़ा रुख अपनाया है और गोविंद नामदेव को कानूनी नोटिस भेज दिया है. साथ ही उनसे सार्वजनिक माफी और 50 लाख रुपये के जुर्माने की मांग की गई है.

अमित जानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा- गोविंद नामदेव को लीगल नोटिस भेजा गया है. उन्हें 7 दिन के अंदर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी और प्रोडक्शन हाउस को 50 लाख रुपये का जुर्माना देना होगा, नहीं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

रविवार को अमित जानी ने एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें उन्होंने गोविंद नामदेव की आलोचना की थी. उन्होंने ये भी दावा किया कि गोविंद नामदेव ने सिर्फ 'काला हिरण' ही नहीं, बल्कि फिल्म के सीक्वल को भी साइन किया हुआ है.

वहीं, हाल ही में एक्टर सोनू मिश्रा ने भी बड़ा खुलासा किया था. उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें फिल्म 'काला हिरण' में सलमान खान जैसे किरदार को निभाने का ऑफर मिला था. लेकिन सिर्फ दो दिन की शूटिंग के बाद उन्होंने फिल्म छोड़ दी.

लीड एक्टर ने किया किनारा

सोनू मिश्रा ने कहा- मैंने फिल्म इसलिए छोड़ दी क्योंकि मैंने अभी तक कोई एग्रीमेंट साइन नहीं किया था. हमने दो दिन शूटिंग की थी, जिसके बाद मैंने मेकर्स से एग्रीमेंट और पूरी स्क्रिप्ट मांगी. मुझे लगने लगा था कि फिल्म में एक बड़े सुपरस्टार के खिलाफ एकतरफा कहानी दिखाई जा रही है.

उन्होंने आगे कहा- जब मैंने एग्रीमेंट मांगा तो उन्हें समझ आ गया कि मैं उनके जाल में फंसने वाला नहीं हूं. मैं जानना चाहता था कि उसमें क्या-क्या शर्तें हैं. काफी समय बाद जब उन्होंने कुछ दस्तावेज और बातें दिखाईं, तब मुझे पता चला कि मुझे मीडिया के सामने उस बड़े स्टार के खिलाफ नकारात्मक बातें बोलनी थीं. ये सब मेरे उसूलों और नैतिकता के खिलाफ था, इसलिए मैंने तुरंत फिल्म छोड़ने का फैसला कर लिया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement