scorecardresearch
 

'नसीरुद्दीन मुझे थप्पड़ मार देते' खुद बोले इम्तियाज, बीच सीन में किया कुछ ऐसा, घबराए दिलजीत

'मैं वापस आऊंगा' के ट्रेलर को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स के बीच इम्तियाज अली ने शूट का एक बेहद दिलचस्प किस्सा शेयर किया है. उन्होंने बताया कि कैसे चलते टेक के बीच वो दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह को जूनियर आर्टिस्ट की तरह इंस्ट्रक्शन दे रहे थे, जिसके बाद उन्हें लगा कि नसीर साहब उन्हें थप्पड़ ही मार देंगे.

Advertisement
X
इम्तियाज अली ने बताया नसीरुद्दीन शाह के साथ काम करने का अनुभव (Photo: IMDB)
इम्तियाज अली ने बताया नसीरुद्दीन शाह के साथ काम करने का अनुभव (Photo: IMDB)

जब वी मेट और लव आज कल जैसी आइकॉनिक लव स्टोरीज बनाने वाले इम्तियाज अली की अगली फिल्म मैं वापस आऊंगा काफी चर्चा में है. कुछ दिन पहले आए इसके ट्रेलर को बहुत पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला है और सोशल मीडिया पर कई लोग कह रहे हैं कि वो अभी से कई-कई बार ट्रेलर देख चुके हैं. मैं वापस आऊंगा एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है जो बंटवारे के वक्त भारत चला आया. लेकिन अब जब वो दुनिया से विदा लेने के करीब है, तो उसे अपनी अधूरी प्रेम कहानी याद आ रही है.

ये किरदार फिल्म में नसीरुद्दीन शाह ने निभाया है. उनकी जवानी का किरदार वेदांग रैना निभा रहे हैं और शरवरी वाघ उनकी प्रेमिका बनी हैं. दिलजीत दोसांझ, नसीर साहब के पोते के रोल में हैं. अब इम्तियाज अली ने बताया है कि अपने शानदार काम के लिए आइकॉन माने जाने वाले नसीरुद्दीन शाह को डायरेक्ट करना उनके लिए कैसा एक्सपीरियंस था.

'वो मुझे थप्पड़ मार देते'
द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया के साथ एक बातचीत में इम्तियाज ने नसीर साहब के साथ शूट याद करते हुए कहा, 'अब सोचने पर मुझे लग रहा है कई जगहों पर वो मुझे थप्पड़ मार देते!'

हंसते हुए इम्तियाज ने बताया, 'कैमरा रोल हो रहा है, टेक चल रहा है, वो परफॉर्म कर रहे हैं. और चलते टेक के बीच में मैं उन्हें इंस्ट्रक्शन दे रहा था. मुझे पता था कि उस टेक में मेरी आवाज नहीं रहेगी इसलिए मैं उन्हें ऐसे इंस्ट्रक्शन दे रहा हूं जैसे वो कोई जूनियर आर्टिस्ट हैं. और सिर्फ मैं इंस्ट्रक्शन दे नहीं रहा, वो रिसीव भी कर रहे हैं. मुझे दिख रहा है कि मेरे हर इंस्ट्रक्शन के साथ जैसे उनके शरीर में कुछ बदल रहा है, उनकी आंखें बदल रही हैं.'

Advertisement

इम्तियाज ने कहा कि वो ऐसा भी करते थे कि एक बहुत खूबसूरत टेक के बाद, जिसमें नसीर साहब एकदम निचुड़ चुके हैं, वो उनसे एक और टेक मांग लेते थे. इम्तियाज ने बताया कि एक बार नसीरुद्दीन के साथ सीन में दिलजीत भी थे. टेक खत्म होने के बाद जब इम्तियाज ने एक और टेक लेने की बात कही तो दिलजीत डर गए. वो बोले, 'ओ बाप रे, मैं तो बाहर जा रहा हूं. आप ही बात करो, ऑल द बेस्ट.'

नसीरुद्दीन शाह ने कभी एक्स्ट्रा टेक से इनकार नहीं किया
इम्तियाज का कहना है कि नसीर साहब के पहले टेक से तसल्ली उन्हें खुद भी हो जाती थी, मगर दूसरे टेक की कोशिश उन्होंने सिर्फ इसलिए की क्योंकि कभी-कभी बाद वाले टेक में कुछ अद्भुत निकल आता है. दोबारा टेक के लिए बोले जाने पर नसीरुद्दीन कई बार खीझे भी. बोल भी पड़े कि 'तुम्हें आखिर चाहिए क्या', लेकिन उन्होंने फिर से दूसरा टेक करने से कभी इनकार नहीं किया.

इम्तियाज ने कहा कि नसीरुद्दीन शाह ऐसे इसलिए रिएक्ट करते हैं क्योंकि वो बच्चे की तरह हैं. 'ये काम थकाऊ होता है. और वो ऐसा नहीं कहना चाहते कि चलो मैं दोबारा कर देता हूं, मेरे लिए बहुत आसान है, क्योंकि ये आसान काम नहीं है. वो जो करते हैं, बहुत मुश्किल काम है.'

Advertisement

फिल्म देखने के बाद नसीरुद्दीन शाह ने इम्तियाज से बाकी सारी बातें कर लेने के बाद एक ही सवाल पूछा, 'तो फाइनली तुमने फिल्म में कौन सा टेक रखा!' इम्तियाज ने बताया कि उनकी पूरी टीम को नसीरुद्दीन शाह के साथ काम करके बहुत मजा आया, सब उन्हें बहुत प्यार करते हैं. अपनी बात खत्म करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं कि लोग इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह को देखकर कैसे रिएक्ट करते हैं.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement