
मिडल ईस्ट में हालिया ईरान पर सैन्य हमलों के बाद तनाव बढ़ गया है. ईरान ने कई खाड़ी शहरों में ब्लास्ट किए थे, जिसके बाद क्षेत्र में हवाई यात्रा में भारी रुकावट देखने को मिली. आम जनता के साथ-साथ बॉलीवुड के कुछ सितारे दुबई समेत अबू धाबी में फंस गए थे. इस बीच रैपर यो यो हनी सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से फैंस को आश्वस्त किया कि वे सुरक्षित हैं और शहर में अपने काम को जारी रख रहे हैं.
हनी सिंह ने फैंस को किया आश्वस्त
हनी सिंह ने इंस्टाग्राम पर दुबई में सुरक्षा को लेकर अफवाहों पर रिएक्शन दिया. अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर उन्होंने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें रैपर एक रेस्टोरेंट में आराम करते हुए टेस्टी खाने का आनंद ले रहे हैं. उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, ]दुबई में सब चिल है. सुपर सेफ. न्यूज में बेवकूफ अफवाहों पर विश्वास न करें.'
3 मार्च को हनी सिंह ने दुबई में एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो के अंदर से एक वीडियो पोस्ट किया था. वीडियो में रैपर म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट्स और अपनी तकनीकी टीम के सदस्यों से घिरे दिखे. उन्होंने वीडियो को कैप्शन दिया, 'हम दुबई में सेफ हैं गाइज. काम कर रहे हैं.'

मलाइका अरोड़ा की मां फंसी
दुबई में फंसे लोगों में से एक हैं बॉलीवुड एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा की मां जॉयस अरोड़ा भी हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि वे अपनी बड़ी बहन का जन्मदिन मनाने दुबई गई थीं. हालांकि संघर्ष के कारण एयरलाइंस ने उड़ानें निलंबित कर दीं, जिससे 3 मार्च को मुंबई लौटने की उनकी योजना रद्द हो गई. तनावपूर्ण स्थिति के बावजूद, जॉयस ने कहा कि वे अभी भी दुबई में सुरक्षित महसूस कर रही हैं. उन्होंने आसमान में मिसाइल इंटरसेप्शन देखा, जिसे डरावना लेकिन सुरक्षा उपायों के मामले में आश्वस्त करने वाला बताया. उन्होंने कहा यह भी बताया कि वे दिन में कई बार बेटी मलाइका और अमृता से बात करती हैं. जॉयस ने कहा, 'मेरी बेटियां मुंबई में हैं, और उन्हें पता है कि मैं सुरक्षित हाथों में हूं.'
ईशा गुप्ता और सोनल चौहान लौटीं भारत
बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता और सोनल चौहान भी दुबई और अबू धाबी में फंसी हुई थीं. दोनों अब सुरक्षित भारत लौट आई हैं. ईशा गुप्ता ने मंगलवार, 2 मार्च की सुबह इंस्टाग्राम पर अपनी वापसी का ऐलान करते हुए एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया था. उन्होंने लिखा था, 'घर वापस आ गई हूं. आप सभी की प्रार्थना और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. हम जिस स्थिति का सामना कर रहे थे, वह बहुत कठिन थी. सुरक्षित होना वाकई भगवान का आशीर्वाद है.'
28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमले किए थे, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई. जवाब में, ईरान ने मिडल ईस्ट में अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी हमले किए. हमलों की वजह से कई खाड़ी देशों में दैनिक जीवन प्रभावित हुआ. अबू धाबी, दुबई, कतर और कुवैत में धमाकों की रिपोर्ट आई थी. स्थिति के कारण हवाई अड्डों ने अस्थायी रूप से हवाई क्षेत्र बंद कर दिए, जिससे सैकड़ों उड़ानें रद्द या डायवर्ट हो गई थीं.