महाराष्ट्र के पुणे में एक पुलिस कांस्टेबल ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपनी कार पुलिस कमिश्नर के बंगले के गेट से भिड़ा दी. यह घटना मंगलवार शाम की है, जब कांस्टेबल ने पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार के सरकारी आवास के गेट पर कार से टक्कर मार दी.
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल को हिरासत में ले लिया. अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना पुणे के कैंटोनमेंट इलाके में स्थित पुलिस कमिश्नर के आधिकारिक आवास पर हुई.
पुणे पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि घटना के वक्त कांस्टेबल कथित तौर पर शराब के नशे में था. उन्होंने बताया कि आरोपी का पहले भी अनुशासनहीनता से जुड़ा रिकॉर्ड रहा है.
वह पहले भी कई अपराधों में शामिल रहा है. कमिश्नर के मुताबिक, आरोपी कांस्टेबल को साल 2025 में निलंबित किया गया था, लेकिन 2026 में उसे दोबारा सेवा में बहाल कर दिया गया था.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कांस्टेबल के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से भी जूझने की बात सामने आई है. फिलहाल उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.