Motorola ने Moto G47 Power स्मार्टफोन को चुनिंदा ग्लोबल बाजारों में पेश किया है. इस फोन में 7,000mAh की बड़ी बैटरी, 108 मेगापिक्सल का मेन कैमरा और 120Hz रिफ्रेश रेट वाली स्क्रीन मिलती है. हालांकि, इसकी एक बात आपको हैरान कर सकती है. इतनी बड़ी बैटरी वाले इस फोन में सिर्फ 4GB रैम दी गई है.
Moto G47 Power में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है और यह Android 16 पर काम करता है. कंपनी ने इसकी कीमत ब्रिटेन में 299.99 पाउंड रखी है, जो भारतीय रुपये में करीब 36,000 रुपये बैठती है. यह सिर्फ करेंसी के हिसाब से अनुमान है, भारत में फोन की कीमत नहीं.
Moto G47 Power की 7,000mAh बैटरी कितनी खास?
आजकल कई स्मार्टफोन में 5,000mAh या 6,000mAh की बैटरी मिलती है. ऐसे में Moto G47 Power की 7,000mAh बैटरी इसे अलग बनाती है. बड़ी बैटरी का फायदा उन लोगों को मिल सकता है जो दिनभर फोन पर वीडियो देखते हैं, सोशल मीडिया इस्तेमाल करते हैं या लगातार कॉल और इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं.
यह भी पढ़ें: Vivo S2 FE: कल से भारत में मिलेगा वीवो का 10000mAh बैटरी वाला फोन, जानें कीमत और फीचर्स
Motorola के मुताबिक, फोन में 30W TurboPower चार्जिंग दी गई है. इसमें 6W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है. यानी जरूरत पड़ने पर फोन से दूसरे डिवाइस को भी चार्ज किया जा सकता है.
108MP कैमरा, लेकिन साथ में सिर्फ 2MP का दूसरा कैमरा
Moto G47 Power में पीछे की तरफ दो कैमरे दिए गए हैं. इसका मुख्य कैमरा 108 मेगापिक्सल का है, जिसमें f/1.7 अपर्चर और 3x लॉसलेस जूम का सपोर्ट मिलता है. इसके साथ 2 मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा है. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है.
120Hz डिस्प्ले, लेकिन स्क्रीन फुल HD नहीं
फोन में 6.67 इंच की LCD स्क्रीन दी गई है. इसका रिजॉल्यूशन 1604 × 720 पिक्सल यानी HD+ है और यह 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है. ज्यादा रिफ्रेश रेट की वजह से स्क्रॉलिंग और सपोर्ट करने वाले गेम में मूवमेंट स्मूद दिखाई दे सकता है.
स्क्रीन की मैक्सिमम ब्राइटनेस 1,050 निट्स बताई गई है. इसमें Water Touch तकनीक भी है, जिससे गीली उंगलियों से स्क्रीन इस्तेमाल करने में मदद मिलती है. डिस्प्ले की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass 7i दिया गया है.
यह भी पढ़ें: ₹12 हजार में 7000mAh बैटरी और 120Hz डिस्प्ले, मौका न चूकें!
फोन में कितना दम है?
Moto G47 Power में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है. इसके साथ 4GB LPDDR4X रैम और 128GB स्टोरेज मिलती है. फोन में Android 16 बेस्ड Hello UI दिया गया है. माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से स्टोरेज को 1TB तक बढ़ाया जा सकता है.
यह कॉन्फिगरेशन रोजमर्रा के काम, कॉलिंग, मैसेजिंग और सामान्य ऐप के लिए ठीक हो सकता है. लेकिन जो लोग एक साथ कई भारी ऐप चलाते हैं या बड़े गेम खेलते हैं, उन्हें 4GB रैम की सीमा महसूस हो सकती है. इसलिए सिर्फ 108MP कैमरा और बड़ी बैटरी देखकर इसे गेमिंग फोन मान लेना सही नहीं होगा.
भारत में कितनी होगी कीमत?
Motorola Moto G47 Power की ब्रिटेन में कीमत 299.99 पाउंड है. यह 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत है. कंपनी ने भारत में इसकी कीमत और लॉन्च की तारीख का ऐलान नहीं किया है. इसलिए इसे भारत में 36 हजार रुपये का फोन कहना अभी सही नहीं होगा. लेकिन ये इसे कंपनी अगर भारत में लॉन्च करती है तो कीमत 30 हजार के अंदर ही रखना चाहगी, क्योंकि इसमे रैम कम है.