आज से 6 महीने पहले किसी ने नहीं सोचा था कि रणवीर सिंह की फिल्म कभी दूसरे वीकेंड में ऐसी भीड़ जुटाएगी, जो बहुत फिल्मों को पहले वीकेंड में नहीं मिलती. लेकिन आदित्य धर की धुरंधर 2 ने रणवीर की दमदार एक्टिंग को एक शानदार कहानी और प्रेजेंटेशन दिया. नतीजा― धुरंधर 2 एक बॉक्स ऑफिस सुनामी बन चुकी है.
मात्र 8 दिनों में धुरंधर 2, सिर्फ अपने ही पहले पार्ट को छोड़कर, हर बड़ी बॉलीवुड फिल्म को पीछे छोड़ चुकी है. नौवें दिन धुरंधर 2 ने 700 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया. और ये अब जाहिर सी बात हो चुकी है कि रणवीर की फिल्म जो भी बॉक्स ऑफिस माइलस्टोन पार करेगी, वहां तक ये सबसे तेज बॉलीवुड फिल्म होगी!
दूसरे शुक्रवार का ऑल टाइम रिकॉर्ड
सैकनिल्क का डेटा बताता है कि नौवें दिन धुरंधर 2 ने एक बार फिर से 40 करोड़ डेली कलेक्शन का आंकड़ा पार किया. बॉक्स ऑफिस पर अपने दूसरे शुक्रवार को धुरंधर 2 ने करीब 41.55 करोड़ नेट कलेक्शन किया है. इसमें सिर्फ हिंदी वर्जन से ही 37.50 करोड़ कलेक्शन हुआ है.
ये दूसरे शुक्रवार को सबसे बड़े हिंदी कलेक्शन का ऑल टाइम रिकॉर्ड बन गया है. इससे पहले धुरंधर ने दूसरे शुक्रवार को 34.70 करोड़ और पुष्पा 2 ने 27.50 करोड़ के साथ ये रिकॉर्ड बनाया था. लेकिन धुरंधर 2 इन दोनों से बहुत आगे निकल चुकी है.
700 करोड़ क्लब में रणवीर की दूसरी एंट्री
शुक्रवार के कलेक्शन से धुरंधर 2 ने 9 दिनों में कुल 715.72 करोड़ कलेक्शन कर डाला है. ये बॉलीवुड की सिर्फ दूसरी फिल्म है जिसने 700 करोड़ का बॉक्स ऑफिस लैंडमार्क पार किया है. बॉलीवुड से यहां तक पहुंची पहली फिल्म इसी का पहले पार्ट, धुरंधर (2025) थी, जिसे 23 दिन लगे थे.
सिर्फ हिंदी फिल्में देखें तो अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 ने सबसे पहले 700 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन किया था. साउथ से आई इस फिल्म को हिंदी का ये रिकॉर्ड बनाने में 19 दिन लगे थे. धुरंधर 2 का हिंदी नेट कलेक्शन 680 करोड़ के बहुत करीब है. संडे की कमाई से धुरंधर 2, 10 दिन में पुष्पा 2 का ये रिकॉर्ड भी तोड़ डालेगी.
शुक्रवार की कमाई से धुरंधर 2 का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन, गुरुवार तक 1088 करोड़ था. शुक्रवार को सिर्फ इंडिया की कमाई जोड़ने भर से ही ये वर्ल्डवाइड 1100 करोड़ क्रॉस कर चुकी है. शुक्रवार का इंडिया कलेक्शन, गुरुवार के करीब 49 करोड़ से थोड़ा कम है. गुरुवार को कई जगहों पर राम नवमी की छुट्टी से फिल्म को फायदा हुआ था, जबकि शुक्रवार नॉर्मल वर्किंग डे था. लेकिन अब शनिवार-रविवार को धुरंधर 2 फिर से तगड़ा वीकेंड धमाका लेकर आएगी. देखते हैं जनता की ये फेवरेट फिल्म वीकेंड में और कितने नए रिकॉर्ड्स बनाती है.