'धुरंधर 2' ने सिर्फ 3 दिनों में पक्का कर दिया है कि इसका भौकाल हिंदी फिल्मों के इतिहास में सुनहरे अक्षरों से लिखा जाएगा. ईद के दिन रणवीर सिंह की इस फिल्म के लिए जनता में ऐसा दीवानापन दिखा कि देशभर में कई थिएटर्स चौबीस घंटे के लिए खुले हैं. कुछ थिएटर्स में एक दिन में ऑलमोस्ट 40 शोज चल रहे हैं, लेकिन फिर भी टिकट बुक करने पर अपनी पसंद की सीटें मिल पाना मुश्किल है.
'धुरंधर 2' का ये दीवानापन शनिवार को ऐसा बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड लेकर आया, जो पिछले 8 सालों से एक सपना था. शनिवार को, ईद 2026 के दिन 'धुरंधर 2' ने सिर्फ हिंदी वर्जन से ही 100 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन किया है.
'धुरंधर 2' लेकर आई हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा दिन
गुरुवार को 'धुरंधर 2' ने पहली बार बॉलीवुड को दिखाया कि एक दिन में 100 करोड़ कलेक्शन संभव है. इसका नेट ओपनिंग कलेक्शन 102 करोड़ से ज्यादा था, जिसमें हिंदी वर्जन का हिस्सा 99.10 करोड़ था. 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर पहली बार सिर्फ हिंदी से एक दिन में 100 करोड़ कमाने के ऐतिहासिक मोमेंट से बहुत करीब पहुंचकर चूक गई थी. 2018 में जब आमिर खान की 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' ने एक दिन में 50 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन किया था, तब से बॉलीवुड फैन्स में ये चर्चा होती रही है कि क्या कभी कोई फिल्म हिंदी में 100 करोड़ का सिंगल डे कलेक्शन कर पाएगी?
सैकनिल्क की रिपोर्ट बताती है कि 'धुरंधर 2' ने ईद के दिन करीब 113 करोड़ नेट इंडिया कलेक्शन किया है. ये किसी बॉलीवुड फिल्म का सबसे बड़ा सिंगल डे कलेक्शन है और इसमें सिर्फ हिंदी वर्जन से 105 करोड़ आए हैं. आदित्य धर की शानदार फिल्म 'धुरंधर 2' अब हिंदी में 100 करोड़ सिंगल डे कलेक्शन करने वाली पहली फिल्म बन गई है. इससे पहले हिंदी में सबसे बड़ा सिंगल डे कलेक्शन 'पुष्पा 2' के नाम था. अल्लू अर्जुन की फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन, रविवार को हिंदी वर्जन से 86 करोड़ नेट कलेक्शन किया था.
सबसे तेज 300 करोड़
'धुरंधर 2' ने शनिवार की शानदार कमाई के साथ सिर्फ 3 दिन में 300 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर लिया. 5 दिन में 300 करोड़ कलेक्शन का बॉक्स ऑफिस माइलस्टोन पार करने वाली 'पुष्पा 2' को इसने पीछे छोड़ दिया है. 'धुरंधर 2' अब सबसे तेज 300 करोड़ कमाने वाली फिल्म है. तीन दिन में फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 339 करोड़ से ज्यादा पहुंच गया.
रविवार को सुबह से ही 'धुरंधर 2' रॉकेट बन चुकी है. आपके सामने ये रिपोर्ट पहुंचने तक 'धुरंधर 2' करीब 350 करोड़ नेट कलेक्शन के साथ 2026 की सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्म बन चुकी है. 341 करोड़ कमाने वाली 'बॉर्डर 2' को 'धुरंधर 2' ने 4 दिन पूरे होने से पहले ही पीछे छोड़ दिया है.
वर्ल्डवाइड 500 करोड़ पार
शुक्रवार तक 'धुरंधर 2' का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 365 करोड़ से ज्यादा हो गया था. शनिवार के ग्रॉस इंडिया कलेक्शन और ओवरसीज कलेक्शन के साथ 'धुरंधर 2' 3 दिन (+प्रीव्यू) में ही 500 करोड़ वर्ल्डवाइड कलेक्शन का आंकड़ा भी पार कर चुकी है.
संडे को फिल्म की एडवांस बुकिंग देखकर ही पता चल रहा है कि क्या धमाका होने वाला है. गुरुवार और शनिवार के बाद 'धुरंधर 2' संडे को भी एक दिन में 100 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन कर सकती है. मात्र 4 दिन में इसका नेट इंडिया कलेक्शन 400 करोड़ का लैंडमार्क पार कर जाएगा. 'धुरंधर' ने जनता को कहानी के जिस मोड़ पर छोड़ा था, उससे आगे देखने की जिज्ञासा 'धुरंधर 2' को लगातार पुश कर रही है. इसका वीकेंड कलेक्शन रिकॉर्ड्स की ऐसी बारिश लेकर आएगा, जो बॉलीवुड ने आज तक नहीं देखी है.