बॉलीवुड के लेजेंडरी एक्टर धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं हैं. मगर उन्हें लेकर आज भी चर्चा होती रहती है. उनकी पत्नी हेमा मालिनी ने हाल ही में धर्मेंद्र को लेकर कई सारी बातें शेयर कीं. उनका कहना है कि एक्टर की गैरमौजूदगी ने उनके परिवार में एक ऐसा खालीपन छोड़ दिया है, जिसे कोई दूसरा नहीं भर सकता.
धर्मेंद्र की याद में इमोशनल हेमा मालिनी
एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के सपोर्ट पर कहा- मुझे उस बारे में बात करते वक्त असहज महसूस होता है, मगर मैं भगवान का शुक्रिया करती हूं कि उन्होंने मेरी जिंदगी में एक ऐसी आत्मा को भेजा जिनकी यादें मैं अपने जीवन के अंत तक संजोकर रखूंगी. उनकी जगह कोई दूसरा नहीं ले सकता है. वो मेरी जिंदगी, करियर और हर चीज में मेरे सबसे मजबूत पिलर थे.
'शादी के बाद भी उन्होंने मुझे सबकुछ करने की आजादी दी. उन्होंने कभी नहीं कहा कि घर बैठो. वो जानते थे कि मैं एक आर्टिस्ट हूं, डांसर हूं. उन्होंने मेरी ग्रोथ देखी है, वो मुझे हमेशा डांस करने और फिल्में करते रहने के लिए प्रोत्साहित करते थे. वो मुझसे कहते थे कि तुम्हें ये सबकुछ करते रहना चाहिए, कभी नहीं रुकना है.'
हेमा मालिनी ने आगे बताया कि धर्मेंद्र हमेशा अपने परिवार से प्यार करते थे. वो चाहते थे कि सब एक साथ रहें. एक्ट्रेस ने कहा- उन्हें परिवार से बहुत लगाव था, हम सभी का साथ रहना उन्हें बहुत पसंद था. वो हमेशा कहते थे कि साथ रहो. कभी अकेले मत रहना. हमेशा बच्चों के साथ रहो. मैं खुश हूं, मगर साथ ही साथ मेरे अंदर थोड़ी उदासी भी है जब मैं अपनी दोनों बेटियों को पापा के ना होने से बहुत दुखी देखती हूं. वो खालीपन कभी भरा नहीं जा सकता.'
लेजेंडरी एक्टर धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को हुआ था. वो लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे, जिस वजह से उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बाद में वो अपने घर पर भी लौटे, जहां उन्होंने अपने परिवार के बीच अंतिम सांस ली. उनके जाने से इंडस्ट्री में हर किसी को गहरा सदमा पहुंचा था.