Daler Mehndi Controversy Son Reaction: पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों सुर्खियों में छाए हुए हैं. हाल ही में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सिंगर को भरी महफिल में जमकर अपमानित किया था. उन्होंने दलेर मेहंदी का शो बीच में रोकर ये दावा किया था कि वो शराब के नशे में हैं. दलेर मेहंदी पर लगे इन आरोपों के बाद मीका सिंह समेत कई सितारे उनके सपोर्ट में आगे आए थे. अब खुद दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी ने इस पूरे विवाद पर अपना रिएक्शन दिया है.
क्या बोले दलेर मेहंदी के बेटे?
सिंगर दलेर मेहंदी के बेटे गुरदीप मेहंदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल संग हुए उनके पिता के विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. इस पूरे मामले पर गुरदीप ने कहा कि यह घटना उनके परिवार के लिए काफी दुखद और ठेस पहुंचाने वाली रही है. उन्होंने बताया कि जब यह विवाद हुआ था, तब वो विदेश में थे, लेकिन खबर मिलते ही वो तुरंत भारत लौट आए हैं, ताकि पिता से मिलकर पूरी बात समझ सकें.
पिता दलेर मेहंदी के साथ हुई बातचीत को याद करते हुए गुरदीप ने बताया कि उन्होंने इस पूरे विवाद पर अपने पिता से पूछा था- पापा जी क्या हुआ था?' इस पर दलेर मेहंदी ने कहा था- सब फर्स्ट क्लास है, मैं बिल्कुल ठीक हूं.
गुरदीप ने आगे कहा कि उनके पिता की आदत है कि वो मुश्किल से मुश्किल बात को भी हंसी-मजाक में टाल देते हैं. यही वजह थी कि उन्होंने बाद में एक कार्यक्रम में भी इस पूरे वाकये पर बहुत हल्के-फुल्के अंदाज में बात की थी.
गुरदीप ने अपनी बात को साफ करते हुए कहा कि उनके बयान का मतलब मामले को हल्का बनाना बिल्कुल नहीं था, लेकिन लोगों ने उसे गलत तरीके से लिया. उन्होंने दुख जताया कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया, जबकि सच यह है कि इस विवाद की वजह से उनका पूरा परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है. गुरदीप ने कहा- जाहिर है कि हम परेशान हैं और एक परिवार के तौर पर मिलकर इसका सामना कर रहे हैं.
चाचू मीका सिंह का किया शुक्रिया
वीडियो के आखिर में गुरदीप ने इस मुश्किल समय में उनके पिता और परिवार का साथ देने के लिए सभी का धन्यवाद किया. उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री और खासतौर पर अपने चाचा और मशहूर सिंगर मीका सिंह से मिले सपोर्ट के लिए आभार जताते हुए कहा- आप सभी का बहुत-बहुत शुक्रिया, आप लोगों ने हमारा बहुत साथ दिया. पूरी फिल्म इंडस्ट्री और मेरे चाचा जी मीका जी का भी दिल से धन्यवाद.
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि यह पूरा मामला उत्तराखंड के एक मेले का है, जहां दलेर मेहंदी परफॉर्म कर रहे थे. इसी दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उन्हें स्टेज पर ही रोक दिया और उनके गाने पर सवाल उठाते हुए उन पर नशे में होने का आरोप लगाया. इसके बाद दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह उनके बचाव में आए. मीका ने साफ किया कि दलेर बिल्कुल भी शराब नहीं पीते हैं. मीका ने बताया कि उनकी सर्जरी हुई है. वो लंबे समय से बीमार थे. मीका ने भरे मंच पर भाई की बेइज्जती करने के लिए मंत्री पर जमकर भड़ास निकाली थी.