अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी वेलकम टू द जंगल शुक्रवार को जनता के पॉजिटिव रिस्पॉन्स के साथ थिएटर्स में पहुंची. इसकी दमदार शुरुआत का नुकसान भी सामने आ गया है. अक्षय की फिल्म की वजह से, एक हफ्ते पहले ही रिलीज हुई कॉकटेल 2 की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है.
शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की कॉकटेल 2 को पिछले वीकेंड दमदार शुरुआत मिली थी. हफ्ते के बीच में फिल्म कुछ स्लो पड़ती नजर आई और अब वेलकम टू द जंगल की एंट्री के साथ इसका मामला और उलझ गया है.
गुरुवार तक अपना पहला बॉक्स ऑफिस हफ्ता पूरा करने तक कॉकटेल 2 ने बॉक्स ऑफिस पर 70 करोड़ रुपये से थोड़ा ज्यादा कलेक्शन कर लिया था. लेकिन असल में पहले वीकेंड के 47.5 करोड़ रुपये के बाद हर दिन फिल्म का कलेक्शन कम हो रहा था. सोमवार को 7 करोड़ रुपये के कलेक्शन के बहुत करीब पहुंचने वाली कॉकटेल 2 का कलेक्शन गुरुवार आते-आते 4 करोड़ रुपये की रेंज तक पहुंच गया.
शुक्रवार को जब Welcome to the Jungle थिएटर्स में रिलीज हुई, तो नई फिल्म से टक्कर लेने के लिए कॉकटेल 2 के मेकर्स ने भी पैंतरा निकाला— दूसरे शुक्रवार को फिल्म के टिकट पर एक के साथ एक फ्री (Buy One Get One Free) का ऑफर निकाल दिया गया.
सैकनिल्क का आंकड़ा बताता है कि बॉक्स ऑफिस पर अपने दूसरे शुक्रवार को कॉकटेल 2 ने 4.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जो बिल्कुल गुरुवार जितना ही आंकड़ा है. यानी सस्ते टिकट ऑफर के बावजूद कॉकटेल 2 की कमाई में शुक्रवार को कुछ खास जंप नहीं आया, जबकि इस दिन कई जगहों पर मुहर्रम की छुट्टी भी थी. यह बताता है कि वेलकम टू द जंगल के शानदार रिस्पॉन्स के बीच कॉकटेल 2 का चैन से थिएटर्स में टिके रह पाना थोड़ा मुश्किल है.
30 से ज्यादा स्टार्स और पॉपुलर फ्रेंचाइजी का हिस्सा होने की वजह से दर्शकों में वेलकम टू द जंगल को लेकर अवेयरनेस तो थी ही, लेकिन मजेदार कॉमेडी और अक्षय की तारीफों ने असर किया तो माहौल और मजबूत हो गया. अब देखना है कि कॉकटेल 2 इस दमदार बॉक्स ऑफिस फोर्स का सामना कैसे करती है.