scorecardresearch
 

शादीशुदा डायरेक्टर के प्यार में थीं आशा पारेख, पत्नी ने लगाया घर तोड़ने का इल्जाम? बताया सच

आशा पारेख ने कई सालों बाद आमिर खान के चाचा नासिर हुसैन संग अपने रिश्ते पर बात की है. उनका कहना है कि वो वेटरन फिल्ममेकर के प्यार में थीं. हालांकि उन्होंने कभी किसी का घर नहीं तोड़ा.

Advertisement
X
आशा पारेख को याद आया अपना प्यार (Photo: PTI)
आशा पारेख को याद आया अपना प्यार (Photo: PTI)

बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा आशा पारेख 60 से 70 के दशक में कई सुपरहिट फिल्में कर चुकी हैं. उनकी रोमांटिक केमिस्ट्री धर्मेंद्र, राजेश खन्ना, देवानंद, सुनील दत्त, और कई हीरो के साथ पसंद की गई है. आशा पारेख की पर्सनल जिंदगी भी चर्चे में रही है. उन्होंने अभी तक शादी नहीं की क्योंकि वो जबरदस्ती किसी के साथ रिश्ते में नहीं आना चाहती थीं. 

नासिर हुसैन संग आशा पारेख का रिश्ता

आशा पारेख ने भले ही शादी नहीं की, मगर उनका रिश्ता वेटरन फिल्ममेकर नासिर हुसैन के साथ काफी चर्चा में रहा था. नासिर हुसैन, आमिर खान के चाचा हैं और कई सुपरहिट फिल्में भी बना चुके हैं. आशा पारेख और नासिर हुसैन एक करीबी बॉन्ड शेयर किया करते थे, जो इंडस्ट्री में किसी से नहीं छिपा था. अब एक्ट्रेस ने फिल्ममेकर संग अपने रिश्ते को फिर याद किया है. उनका कहना है कि नासिर हुसैन उनके इकलौते प्यार थे. 

इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में लेजेंडरी एक्ट्रेस ने कहा, 'हां, नासिर साब ही एकमात्र ऐसे इंसान थे जिनसे मैंने कभी सच में प्यार किया. जिनसे हम प्यार करते हैं, उनके बारे में दुनिया को ना बताना उनके साथ सम्मान नहीं होता. दूसरों के बारे में मुझे नहीं पता. और ना ही मैं ये कमेंट करूंगी कि बाकी लोग इसके बारे में क्या सोचते हैं. मेरे लिए तो ये जरूरी है कि मैं अपनी फीलिंग्स को कबूल करूं और मुझे इस बात पर गर्व है.' 

Advertisement

क्या आशा पारेख ने तोड़ा घर?

आशा पारेख ने घर तोड़ने वाली बातों पर भी सफाई दी. उन्होंने कहा कि उनका रिश्ता कभी शादी में नहीं बदलने वाला था. वो नासिर हुसैन से प्यार करती थीं, और ये बात डायरेक्टर की पत्नी आयशा खान भी जानती थीं. एक्ट्रेस ने कहा, 'मैं कभी भी ऐसी नहीं थी. हमारा रिश्ता कोई राज नहीं था. नासिर साहब की पत्नी को सब पता था. हमारे बीच बहुत प्यार भरा और अच्छा रिश्ता था. मुझे पता था कि शादी कभी नहीं होगी.'

'मैं बस इतनी खुश थी कि उनकी जिंदगी का छोटा-सा हिस्सा बन सकी. मैंने कभी किसी का घर नहीं तोड़ा. नासिर साहब के परिवार से कभी कोई बुराई या नफरत नहीं थी. बल्कि जब मेरी बायोग्राफी लॉन्च हुई, तो मुझे बहुत खुशी हुई कि नासिर साहब की बेटी नुसरत और उनके पोते इमरान खान मेरे किताब लॉन्च पर आए थे. मुझे लगता है कि मैंने अपनी जिंदगी बहुत इज्जत से जी है, और किसी को कभी दुख नहीं पहुंचाया.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement