अनुपम खेर बॉलीवुड के सीनियर एक्टर में से एक हैं, जिनका काम अधिकतर फिल्मों में लोगों को पसंद आता है. वो सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं. एक्टर अपनी पर्सनल जिंदगी से जुड़े मजेदार वीडियोज डालते रहते हैं. लेकिन उसमें हम बेहद कम ही उनकी पत्नी एक्ट्रेस किरण खेर को देखते हैं.
अनुपम खेर और किरण खेर की लव स्टोरी भी बड़ी दिलचस्प रही. एक्ट्रेस से शादी करने से पहले अनुपम सिर्फ उनके दोस्त हुआ करते थे. किरण खेर पहले से शादीशुदा थीं. एक्टर को इंडस्ट्री में बड़ा ब्रेक मिलने से पहले उनकी किरण खेर संग दोस्ती का सिलसिला शुरू हुआ था. हाल ही में अनुपम खेर ने अपनी पत्नी संग रिश्ते पर खुलकर बात की है.
अनुपम खेर ने सुनाई अपनी लव स्टोरी
टाइम्स नाऊ को दिए इंटरव्यू में अनुपम खेर बताते हैं कि उनकी मुलाकात किरण खेर से चंडीगढ़ के डिपार्टमेंट ऑफ इंडियन थिएटर में हुई थी, जहां उनकी पत्नी एक्टर की सीनियर थीं. एक्ट्रेस वहां पहले से ही स्टूडेंट्स के बीच काफी पॉपुलर थीं, क्योंकि उन्होंने इंडिया के लिए बैडमिंटन खेला हुआ था और वो इंग्लिश प्लेज में भी हिस्सा ले चुकी थीं. उस दौरान किरण खेर की शादी बिजनेसमैन गौतम बैरी से हो चुकी थी.
अनुपम खेर ने कहा- जब मैं मुंबई आया, तो किरण की शादी गौतम से हो चुकी थी. सतीश कौशिक और मैं उनके घर आते-जाते रहते थे. हम किरण से कहते थे कि हम तुम्हारे घर तभी आएंगे, जब तुम हमारी वापसी के लिए टैक्सी का पैसा देने के लिए तैयार होगी. तो हम उनसे टैक्सी का पैसा लेते थे और फिर एक बस लेते थे ताकि हम पूरे हफ्ते अपना गुजारा कर सकें.
अनुपम खेर आगे कहते हैं कि उन्हें कभी ये नहीं लगता था कि उनकी और किरण खेर की शादी होगी. उन्होंने बताया- किरण लंबे समय तक मेरी दोस्त रहीं. फिर एक ऐसा मौका आया जब मैं अपने ब्रेकअप से गुजर रहा था और वो भी अपने पति के साथ बहुत मुश्किल समय में थीं. बस उसी वजह से, एक दिन जिंदगी पूरी तरह बदल गई. लेकिन उससे पहले, मेरी सारी चिट्ठियां, मेरी गर्लफ्रेंड की भी उनके घर आती थीं. इसीलिए मैं कहता हूं कि कुछ भी हो सकता है. मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि एक दिन हम दोनों प्यार में पड़ जाएंगे और शादी कर लेंगे. और देखो, अब 41 साल हो चुके हैं.
अनुपम खेर और किरण खेर की शादी 1985 में हुई थी. दोनों का एक बेटा सिकंदर भी है, जो एक्ट्रेस को अपनी पहली शादी से हुआ था. सिकंदर ने भी अक्सर अनुपम खेर संग अपने रिश्ते पर खुलकर बात की है. वो उन्हें हमेशा पिता कहकर ही बुलाते हैं.