बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने अपने जीवन में दो शादियां की हैं. उनकी पहली शादी एक्ट्रेस मधुमालती कपूर से तब हुई थी, जब वो फिल्मों में नहीं आए थे. उनकी शादी कुछ ही समय में टूट गई थी. इसके बाद अनुपम खेर ने किरण खेर से शादी की थी, जो आज भी कायम है.
क्या है अनुपम खेर की पहली शादी का राज?
अनुपम खेर की पहली शादी को लेकर इंटरनेट पर कई बातें कही जाती हैं. ऐसा कहा गया कि उनकी शादी एक साल में ही टूट गई थी. मगर एक्टर के सगे भाई राजू खेर ने हाल ही में बताया है कि वो शादी एक दिन भी नहीं टिक पाई थी. शादी के दूसरे दिन ही अनुपम खेर अपनी पहली पत्नी को छोड़कर निकल गए थे.
सिद्धार्थ कन्नन संग बातचीत में जब उनसे पूछा गया कि अनुपम खेर की शादी क्यों एक साल भी नहीं टिक पाई थी? तो इसपर एक्टर ने कहा- एक दिन में उनकी शादी टूट गई थी, दूसरी दिन भाईसाहब वहां से भाग आए थे. उनकी शादी मंदिर में हुई थी. तब वो लखनऊ में थे, ये लव मैरिज थी. उनके लिए वो प्यार था. उस शादी में हमारे परिवार का कोई सदस्य शामिल नहीं था.
'मैं तब शिमला में था और वो लखनऊ में थे. एक दिन अचानक उन्होंने फैसला किया कि शादी कर लेते हैं. मुझे उनका फोन आया था कि भैया ऐसे सब मेरे को करना पड़ेगा. और अगले ही दिन वो वहां से भाग गए. उन्होंने मुझसे कहा कि मैं नहीं रह सकता. उस जमाने में तलाक देने के लिए शादी में चार साल का अंतर होना बहुत जरूरी होता था. या तो तलाक आपसी सहमति से हो.'
क्यों एक दिन में टूटी अनुपम खेर की शादी?
राजू खेर ने आगे दावा किया कि अनुपम खेर की पहली पत्नी मधुमालती कपूर का किसी और के साथ अफेयर भी था. उन्होंने बताया कि अपनी पहली शादी टूटने के बाद एक्टर कुछ वक्त के लिए घर चले गए थे. वो आगे इस शादी के टूटने का कारण भी बताते हैं. राजू खेर ने कहा कि उन्हें लगा कि वो उनके साथ इस रिश्ते में नहीं रह सकते. उनके बीच 2-3 साल की मोहब्बत थी. हालांकि शादी का फैसला मधुमालती कपूर की तरफ से आया था. उन्होंने अनुपम खेर से कहा था कि उन्हें शादी कर लेनी चाहिए. एक्टर ने भी हामी भर दी और दोनों ने अगले दिन शादी कर ली. हालांकि, शादी के एक-दो दिन बाद ही अनुपम खेर वहां से चले गए.
राजू खेर ने ये भी कहा कि उन्होंने कभी ये जानने की कोशिश नहीं की कि दोनों के बीच आखिर ऐसा क्या हुआ कि शादी इतनी जल्दी खत्म हो गई. उनके मुताबिक, उस समय अनुपम काफी सीधे-सादे थे, जबकि मधुमालती का व्यक्तित्व थोड़ा मजबूत था. राजू खेर ने कहा कि उनके बीच वास्तव में क्या हुआ, ये सिर्फ अनुपम खेर और मधुमालती कपूर ही जानते हैं. उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले में ज्यादा दखल देना ठीक नहीं समझा. उनके मुताबिक, ये एक्टर की जिंदगी थी और उन्हें अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेने थे. हालांकि, अगर कभी अनुपम को उनकी जरूरत होती, तो वो हमेशा अपने भाई के तौर पर उनके साथ खड़े रहते.