
दोस्ती सिर्फ साथ निभाने का नाम नहीं होती, बल्कि मुश्किल वक्त में परिवार बन जाने का नाम भी होती है. अनुपम खेर ने एक बार फिर यही साबित कर दिया. अपने सबसे करीबी दोस्त सतीश कौशिक के निधन के बाद से वो उनकी बेटी वंशिका का हर कदम पर सहारा बने हुए हैं.
15 जुलाई को वंशिका के 14वें जन्मदिन पर अनुपम खेर ने ऐसा भावुक पोस्ट लिखा, जिसने हर किसी का दिल छू लिया. उन्होंने वंशिका की कई वीडियोज और फोटोज शेयर कीं जहां वो अपने अनुपम अंकल से खुलकर बातें करती दिखीं.
'तुम मेरी बेटी हो...'
अनुपम खेर ने वंशिका को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि ईश्वर तुम्हें दुनिया की सारी खुशियां, लंबी और खूबसूरत जिंदगी और अपने हर सपने को पूरा करने की ताकत दे.
उन्होंने आगे लिखा कि- तुम मेरी बेटी हो. जब सतीश हमारे साथ थे, तब भी मैं तुम्हें अपनी बेटी और दोस्त की तरह ही मानता था. कुछ रिश्ते खून से नहीं, बल्कि प्यार, भरोसे और अपनापन से बनते हैं और हमारा रिश्ता भी ऐसा ही है.
'तेरी शादी में मैं कन्यादान करूंगा'
अनुपम खेर के पोस्ट की सबसे भावुक बात वो थी, जब उन्होंने वंशिका से एक खास वादा किया. उन्होंने लिखा- मैं हमेशा तुम्हारे साथ रहूंगा. तुम्हारी रक्षा करूंगा, तुम्हारा हौसला बढ़ाऊंगा और हर मुश्किल में तुम्हारा साथ दूंगा. कौन जानता है, कई साल बाद जब तुम शादी करने का फैसला करोगी, तो शायद मुझे तुम्हारा कन्यादान करने का सौभाग्य भी मिले. उस दिन में अभी वक्त है, लेकिन ये सोचकर ही मेरा दिल प्यार से भर जाता है.
पोस्ट के आखिर में अनुपम खेर ने अपने दिवंगत दोस्त को याद करते हुए लिखा कि उन्हें पूरा यकीन है कि सतीश कौशिक आज ऊपर से मुस्कुरा रहे होंगे और अपनी बेटी को ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद भेज रहे होंगे.

पिता के जाने के बाद बने सबसे बड़ा सहारा
सतीश कौशिक के निधन के बाद अनुपम खेर सिर्फ एक दोस्त नहीं, बल्कि वंशिका के लिए परिवार बनकर खड़े रहे. वो अक्सर वंशिका के स्कूल फंक्शन और खास मौकों पर उनके साथ नजर आते हैं. खुद वंशिका भी कई बार कह चुकी हैं कि पापा के जाने के बाद अनुपम खेर ने उन्हें कभी अकेला महसूस नहीं होने दिया.
अनुपम खेर और सतीश कौशिक की दोस्ती की मिसाल तो सालों से दी जाती रही है, लेकिन अब ये रिश्ता दोस्ती से आगे बढ़कर एक पिता और बेटी के अनमोल रिश्ते में बदल चुका है. यही वजह है कि अनुपम का ये पोस्ट पढ़कर फैंस भी भावुक हो गए हैं.