NEET परीक्षा लीक मामले में देशभर में आक्रोश है. दिल्ली के जंतर मंतर से लेकर मुंबई और बाकी राज्यों में भी छात्रों का प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. कई सेलेब्स ने स्टूडेंट्स के इस प्रोटेस्ट में उनका साथ दिया है. फिल्म इंडस्ट्री के बड़े नामों की बात करें तो सलमान खान, प्रीति जिंटा के बाद अब आलिया भट्ट ने रिएक्ट किया है.
आलिया ने क्या कहा?
एक्ट्रेस ने इंस्टा पोस्ट में बताया कि वो छात्रों के साथ खड़ी हैं. उन पर हुए लाठीचार्ज के विजुअल्स देखकर वो निराश हैं. आलिया लिखती हैं- पिछले कुछ दिनों में मेरा दिल टूट गया है. लेकिन फिर मैंने इसे उम्मीद के साथ बार-बार जोड़ा है. हर छात्र जो अपने हक के लिए खड़ा हुआ है, उसके पीछे एक सपना है, एक परिवार की उम्मीद है और अनगिनत बलिदानों की कहानी है. वे सिर्फ खुद को नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करते हैं जिन्होंने उन्हें सपोर्ट किया है.
"वो भविष्य में आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर रास्ता बनाने की कोशिश कर रहे हैं. इन छात्रों की हिम्मत ने मुझे हंबल किया है. उनका संकल्प सवाल पूछता है कि क्या हम सच में उन लोगों की आवाज सुन रहे हैं, जो कल इस देश का भविष्य संभालेंगे और उसे आगे बढ़ाएंगे. स्टूडेंट्स के लिए, स्टूडेंट्स द्वारा. भविष्य उन्हीं का है. जय हिंद."
सोशल मीडिया पर रिएक्ट करने के अलावा कई सेलेब्स ऐसे हैं जो प्रोटेस्ट ग्राउंड पर जाकर छात्रों के हक में आवाज उठा रहे हैं. इनमें हुमा कुरैशी, साकिब सलीम, प्रकाश राज, शबाना आजमी, स्वरा भास्कर जैसे नाम शामिल हैं. बुधवार को एक्ट्रेस आयशा खान का एक वीडियो सामने आया था जिसमें उन्हें पुलिस ने जबरन हिरासत में लिया.
एक्ट्रेस के साथ खींचतान और धक्का मुक्की हुई थी. आयशा का कहना था वो सड़क पर चुपचाप खड़ी थीं. उन्होंने कुछ भी नहीं किया, ना कुछ बोला था. ऐसे में उनके साथ ऐसा सलूक क्यों किया गया. आयशा को डिटेन करने का ये वीडियो जमकर वायरल हुआ. लोगों ने पुलिस बल के इस एक्शन की निंदा की थी.