14 साल के लंबे इंतजार के बाद बॉलीवुड की मशहूर एक्टर-डायरेक्टर जोड़ी अक्षय कुमार और प्रियदर्शन फिर से साथ आ रहे हैं. अक्षय और प्रियदर्शन मिलकर हिंदी सिनेमा को कुछ बढ़िया कॉमेडी फिल्में देने के लिए जाने जाते हैं. अब दोनों मिलकर हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' लेकर आ रहे हैं. इस पिक्चर के ऐलान ने फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट पैदा कर दी थी, जो अभी भी कायम है. बालाजी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म के एक BTS यानी पर्दे के पीछे की वीडियो सामने आई है.
अक्षय-शिखर ने खेला क्रिकेट
हाल ही में 'भूत बंगला' का सेट एक मिनी क्रिकेट ग्राउंड में बदल गया. एक्टर अक्षय कुमार अपनी पॉजिटिव एनर्जी कैमरे के पीछे भी ले आए. पर्दे के पीछे के एक मजेदार वीडियो में अक्षय को क्रिकेटर शिखर धवन के साथ क्रिकेट खेलते देखा जा सकता है. दोनों को क्रू मेंबर्स ऐसे चीयर कर रहे हैं, जैसे कोई स्टेडियम मैच चल रहा हो. दोनों का खेल एक कैजुअल गेम के तौर पर शुरू हुआ था, लेकिन देखते ही देखते सेट पर ये एक फुल-ऑन क्रिकेट फीवर में बदल गया. यहां शॉट्स के बीच हंसी-मजाक और टीम स्पिरिट छाई रही.
मजा तब और बढ़ गया जब अक्षय ने पूरे क्रू को एक ओपन चैलेंज दे दिया और जीतने वाली टीम के लिए नकद इनाम का ऐलान भी कर दिया. इस दोस्ताना मुकाबले ने सेट पर एक अलग ही रोमांच और भाईचारा भर दिया, जिससे यह साफ हो गया कि फिल्म के डर और पागलपन के अलावा सेट पर टीम वर्क और मस्ती का राज भी है. शिखर और अक्षय कुमार की जुगलबंदी भी देखने लायक है.
कुछ दिन पहले ही फिल्म 'भूत बंगला' का पहला गाना 'राम जी आके भला करेंगे' रिलीज हुआ था. गाने ने आते ही इंटरनेट पर तहलका मचा दिया था. यह गाना फिलहाल सभी प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड कर रहा है और फैन्स को इसका वाइब्रेंट अंदाज बहुत पसंद आ रहा है. अक्षय कुमार की जबरदस्त एनर्जी, कॉमिक टाइमिंग और शानदार डांस मूव्स ने दर्शकों की पुरानी यादें ताजा कर दी हैं. उनकी क्लासिक फिल्मों की याद किया जा रहा है. अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन मिलकर बढ़िया कॉमेडी फिल्में दे चुके हैं. अब हॉरर-कॉमेडी 'भूत बंगला' के साथ वो ऑडियंस को हंसाने और डराने के लिए तैयार हैं.
बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड के एक डिवीजन, बालाजी मोशन पिक्चर्स ने केप ऑफ गुड फिल्म्स के साथ मिलकर 'भूत बंगला' को पेश किया है. इसमें अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव नजर आएंगे. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है. ये 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.