फिल्मों में अक्सर हीरो-हीरोइन की ऐसी जोड़ी देखी जाती हैं जहां उम्र का एक बड़ा फासला होता है. एक्टर्स हमेशा इसे नॉर्मल सी बात बताते हैं या स्क्रिप्ट की डिमांड कहकर टाल देते हैं. हाल ही में अक्षय कुमार ने भी इस पर अपनी राय रखी और बताया कि लीड पेयर्स का ऐसा होना आम है. भूत बंगला फिल्म में अक्षय कुमार के ऑपोजिट वामिका गब्बी होंगी. जो उनसे उम्र 26 साल छोटी हैं.
वामिका संग अक्षय का रोमांस
58 साल के अक्षय फिल्म में 32 साल की वामिका संग रोमांस करते नजर आएंगे. एक बार फिर जब इस एज गैप को लेकर सवाल हुए तो अक्षय ने भी इसे स्क्रिप्ट की डिमांड बता दी. न्यूज18 से अक्षय कुमार ने कहा, “तो क्या हुआ? क्या हमने पहले कभी ऐसा नहीं देखा? हॉलीवुड में भी ऐसा होता है. कई बार ये स्क्रिप्ट की डिमांड होती है. असल जिंदगी में भी लोग अपने से बड़े या छोटे पार्टनर से शादी करते हैं.”
फिल्म के डायरेक्टर प्रियदर्शन का मानना है कि एक्टर्स को उनके किरदार के हिसाब से देखना चाहिए. उन्होंने कहा, “एमजीआर और एनटीआर जैसे कलाकार कहते थे कि असली उम्र और स्क्रीन पर दिखने वाली उम्र में फर्क होता है. एक्टर की स्क्रीन एज उसकी असली उम्र से अलग हो सकती है और दर्शक उसे उसी रूप में स्वीकार भी करते हैं. मुझे इसमें कोई दिक्कत नहीं लगती.”
उन्होंने आगे कहा- जब मैं शूट करता हूं, तो कभी-कभी लगता है कि कोई जोड़ी सही नहीं बैठ रही, लेकिन इसका उम्र से कोई लेना-देना नहीं होता. जब मैं अक्षय या तब्बू के साथ काम करता हूं, तो ऐसा कभी महसूस नहीं होता. और जब दर्शक फिल्म देखते हैं, तो उन्हें भी ये फर्क महसूस नहीं होता. इसकी वजह है किरदार और उनकी स्क्रीन एज.
वामिका से सीखते हैं अक्षय
अक्षय ने वामिका की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें उनसे उतना ही सीखने को मिला, जितना तब्बू और विद्या बालन जैसी सीनियर एक्टर्स से मिलता है. उन्होंने कहा- मैं वामिका से पहली बार ‘भूत बंगला’ की शूटिंग के दौरान मिला. उनका काम करने का तरीका अलग है. वो अपने सीन बार-बार पढ़ती हैं और रिहर्सल करती हैं. काफी सीरियस रहती हैं. तब्बू उनसे भी ज्यादा सीरियस हैं. वहीं विद्या, जिनके साथ मैं अनीस बज्मी की फिल्म में काम कर रहा हूं, वो काफी फ्री होकर काम करती हैं.
अक्षय ने आगे कहा- वो इतनी सीरियस नहीं रहतीं, पता ही नहीं चलता कब उन्होंने अपना सीन कर लिया. मैं हर एक के काम करने के तरीके से कुछ ना कुछ सीखता हूं. खासकर जब मैं नए कलाकारों के साथ काम करता हूं, तो उन्हें ध्यान से देखता हूं ताकि उनका स्टाइल समझ सकूं.
बहुत सवाल करती हैं वामिका
वहीं प्रियदर्शन का मानना है कि तब्बू और वामिका के काम करने के तरीके में काफी फर्क है. उन्होंने कहा- तब्बू ने मेरे साथ सबसे ज्यादा फिल्में की हैं, ये हमारी पांचवीं फिल्म है. वो बहुत अनुभवी कलाकार हैं. वामिका अभी उतनी अनुभवी नहीं हैं. मुझे तब्बू को ज्यादा समझाने की जरूरत नहीं पड़ती, लेकिन वामिका हर चीज को विस्तार से समझना चाहती हैं और ज्यादा सवाल पूछती हैं. अक्षय के साथ भी ऐसा ही है, वो बिना ज्यादा समझाए मेरी बात समझ जाते हैं क्योंकि हम कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं.
भूत बंगला फिल्म 10 अप्रैल को थियेटर्स में रिलीज होगी.