scorecardresearch
 

'जेल जाने के बाद नहीं मिला काम', एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती का छलका दर्द, सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद बदली जिंदगी

एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग्स मामले की जांच के सिलसिले में पूछताछ के बाद, NCB ने 2020 में रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया था. अब एक्ट्रेस ने इस दौर पर बात की है.

Advertisement
X
रिया चक्रवर्ती का छलका दर्द (Photo: Screengrab)
रिया चक्रवर्ती का छलका दर्द (Photo: Screengrab)

एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हाल ही में दोनों नेहा धूपिया और अंगद बेदी के फेमस चैट शो 'डबल डेट' पर मेहमान बनकर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे काले और मुश्किल दौर के बारे में ऐसी बातें कीं, जिन्हें सुनकर हर कोई हैरान है. 

दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया और शोविक की जिंदगी जिस तरह पूरी तरह बदल गई, उस गहरे सदमे और दर्द को दोनों ने पहली बार इस शो में बयां किया है. साल 2020 में सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग्स केस की जांच के दौरान नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने इन दोनों भाई-बहन को गिरफ्तार किया था. इस गिरफ्तारी से पहले और उसके बाद उनकी जिंदगी में क्या कुछ घटा, उन्होंने किस तरह के मानसिक तनाव (ट्रॉमा) का सामना किया, और वो कैसे थेरेपी के जरिए धीरे-धीरे इससे उबरने की कोशिश कर रहे हैं-इन सब पर दोनों ने बेहद इमोशनल होकर चर्चा की.

जब एक झटके में बदल गई शोविक की पूरी दुनिया
अपनी जिंदगी के उस पुराने और भयानक हिस्से को 'चैप्टर 1' का नाम देते हुए शोविक चक्रवर्ती ने शो में पुरानी यादों को शेयर  किया. शोविक ने बताया, 'मेरी जिंदगी का वह पहला चैप्टर आज से बिल्कुल अलग था. मैं एक सीधा-साधा 'नर्ड' लड़का था, जो देश-विदेश के बड़े MBA कॉलेजों जैसे IIM या व्हार्टन में एडमिशन लेने की तैयारियों में जुटा हुआ था. मेरे लिए तो IIM में जाना और भी बेहतर और बड़ा ऑप्शन था.' लेकिन तभी अचानक जिंदगी ने एक ऐसा मोड़ लिया जिसके बारे में उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था. शोविक ने आगे कहा, 'फिर अचानक सब कुछ पूरी तरह बिखर गया. कोई भी इंसान अपनी जिंदगी में इन सब चीजों का अंदाजा पहले से नहीं लगा सकता. सच में, जिंदगी आपको पूरी तरह से चौंका देती है. रिया को 2020 के बाद फिल्मों में काम नहीं मिल रहा था और उन्हें भी कोई काम नहीं दे रहा था.

Advertisement

शोविक ने बताया कि वह एक ऐसा दौर था जब उनके हालात बद से बदतर हो चुके थे, लेकिन वे किसी तरह उस मुश्किल समय से बाहर निकल पाए. उन्होंने कहा, 'हमें इस पूरी स्थिति से खुद को संभालने और उबरने में लगभग चार से पांच साल का लंबा वक्त लगा है. आज भी जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं, तो कुछ दिन ऐसे आते हैं जब दिमाग में अचानक आता है कि 'क्या सच में मेरे साथ यह सब हुआ था?'

आज भी बजती है अचानक डोरबेल
इस भयानक अनुभव ने शोविक के मानसिक स्वास्थ्य पर बहुत गहरा और लंबा असर छोड़ा है. शोविक ने शो में खुलकर स्वीकार किया कि वह आज भी पोस्ट-ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (PTSD) नाम की मानसिक बीमारी से जूझ रहे हैं. अपने इसी डर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे आज भी PTSD की समस्या है. कभी-कभी जब घर की डोरबेल अचानक बजती है, तो मैं सहम जाता हूं और पुरानी खौफनाक यादों में खो जाता हूं. उस दौर में हमारे घर के आसपास और जिंदगी में इतनी ज्यादा अफरा-तफरी मची हुई थी कि हर बार डोरबेल बजने पर हमें यही डर सताता था कि कोई हमारे पीछे आ रहा है या हमें पकड़ने आ रहा है.'

Advertisement

रिया चक्रवर्ती का छलका दर्द
शो के दौरान जब होस्ट नेहा धूपिया ने रिया चक्रवर्ती से सीधा सवाल किया कि क्या वह अब उस पुराने ट्रॉमा और सदमे से पूरी तरह बाहर आ चुकी हैं? तो इस पर रिया ने कहा, 'यह कोई ऐसी मामूली चीज नहीं है जिससे आप कभी भी पूरी तरह से बाहर आ सकें या इसे भूल सकें. यह एक गहरा ट्रॉमा है. यह एक ऐसी चीज है जो भले ही आपके दिमाग से वक्त के साथ धुंधली हो जाए, लेकिन यह आपके शरीर के भीतर हमेशा जिंदा रहती है.' 

एक्ट्रेस ने आगे समझाते हुए कहा कि ऐसे हादसों से ठीक होना या नॉर्मल होना कोई एक अंतिम मंजिल नहीं है, बल्कि यह एक लगातार चलने वाली लंबी प्रक्रिया है. रिया ने अपने भाई की बात का सपोर्ट करते हुए कहा, 'जैसा कि शोविक ने बताया, PTSD सच में होता है. आप इसके लिए अपनी थेरेपी करवाते हैं और रोज इससे निपटने का रास्ता ढूंढते हैं.'

रिया चक्रवर्ती ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, 'हमारा यह पूरा मामला सरेआम था, सब कुछ पूरी दुनिया के सामने था. इसलिए हर कोई इसके बारे में अच्छी तरह जानता है, हर कोई आज भी इस पर बात करता है, और अब मुझे इससे कोई शिकायत नहीं है, यह ठीक है.' 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement