सुपरस्टार आमिर खान को बड़े पर्दे पर पहले की तरह राज करते देखने का इंतजार फैंस के लिए थोड़ा लंबा हो चुका है. मगर आमिर ने कुछ समय पहले ही कह दिया था कि वो ऑडियंस को इस इंतजार का तगड़ा फल देने के मूड में हैं. उन्होंने साफ किया था कि वो अब केवल प्रोड्यूसर नहीं, बल्कि एक्टर के तौर पर भी ज्यादा एक्टिव होकर और ज्यादा फिल्में करेंगे. अब खबर सामने आई है कि आमिर ने अपने दो बड़े नए प्रोजेक्ट्स के लिए डेट्स पक्की करनी शुरू कर दी हैं.
अपना गेम प्लान रेडी कर रहे आमिर
आमिर के आने वाले प्रोजेक्ट्स में दो फिल्मों की चर्चा हाल ही में सबसे ज्यादा हुई है— पहली, आशुतोष गोवारिकर के डायरेक्शन में बन रही क्रिकेट बेस्ड कहानी जो 1952 की ऐतिहासिक भारत-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज पर बेस्ड है. और दूसरी, राजकुमार हिरानी की ब्लॉकबस्टर हिट 3 इडियट्स का सीक्वल (जिसे कुछ लोग 4 इडियट्स भी बोल रहे हैं).
वैरायटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आमिर ने इन दोनों फिल्मों के लिए अपनी डेट्स फाइनल करनी शुरू कर दी हैं. आमिर पहले आशुतोष गोवारिकर की फिल्म पर काम करेंगे. लाला अमरनाथ से जुड़ी इस कहानी का शूट इसी साल अक्टूबर या नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है. आमिर ने ये फिल्म पहले इसलिए चुनी है क्योंकि ये प्रोडक्शन के लिए ज्यादा रेडी है. फिल्म की स्क्रिप्ट लॉक हो चुकी है और प्री-प्रोडक्शन का काम भी शुरू हो चुका है. सूत्रों के मुताबिक, इस फिल्म में फरहान अख्तर एक पाकिस्तानी क्रिकेटर के रोल में नजर आने वाले हैं और वो इस फिल्म को प्रोड्यूस भी कर रहे हैं.
2027 में 3 इडियट्स सीक्वल पर शुरू होगा काम
दूसरी तरफ, 3 इडियट्स सीक्वल की स्क्रिप्ट पर भी तेजी से काम चल रहा है. फिल्म का मेन प्लॉट लॉक हो चुका है और राजकुमार हिरानी के साथ अभिजात जोशी इसकी राइटिंग पर काम कर रहे हैं. सूत्रों ने बताया कि इस स्क्रीनप्ले के 3-4 ड्राफ्ट लिखे जा चुके हैं, लेकिन आमिर ने एक बार फिर से स्क्रिप्ट को रिफाइन करने के लिए कहा है.
आमिर खान को स्क्रिप्ट और स्टोरीटेलिंग में मजबूत काम पसंद है, ये बात पूरी इंडस्ट्री जानती है. बताया जा रहा है कि हिरानी की 'दादासाहेब फाल्के बायोपिक' पर आगे बढ़ने से आमिर इसीलिए रुके हैं, क्योंकि उनके हिसाब से अभी स्क्रीनप्ले पूरी तरह मजबूत नहीं हुआ था.
ऊपर से 3 इडियट्स के सीक्वल से ऑडियंस को बहुत ज्यादा उम्मीदें होंगी, इसीलिए इसे पूरे दमदार तरीके से बनाना जरूरी होगा, ऐसा आमिर का मानना है. यही वजह है कि इस फिल्म पर 2027 के मिडल में काम शुरू होने की उम्मीद है. अब देखना दिलचस्प होगा कि इन दोनों मेगा प्रोजेक्ट्स के साथ आमिर बॉक्स ऑफिस पर क्या नया धमाका करते हैं.