ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ स्टारर ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘वॉर’ को रिलीज हुए आज दो साल पूरे हो गए हैं. यह फिल्म 2 अक्टूबर 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म ‘वॉर’ की दूसरी सालगिरह पर ऋतिक ने बताया है कि उन्हें पहली बार स्क्रिप्ट पढ़कर कैसा लगा था और उनका रिएक्शन क्या था.
ऋतिक को पसंद नहीं आई थी 'वॉर'
ऋतिक रोशन कहते हैं, ''फिल्म ‘वॉर’ को मिले रिस्पॉन्स ने मुझे केवल अपने दिल की बात सुनने का हौसला दिया. जब मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी तो मुझे उसमें ऐसा कुछ भी दिखाई नहीं दिया था जिससे मैं उत्साहित होता. यह बहुत ही हल्की और सतही-सी चीज थी और उस वक्त मैं ‘सुपर 30’ जैसे रियल सिनेमा की दुनिया में डूबा हुआ था. मेरी प्रतिक्रिया सुनकर फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद और निर्माता आदित्य चोपड़ा दोनों भागकर मेरे घर आए और इसके बाद मुझे इस फिल्म को ढंग से समझने में महज पांच मिनट का समय लगा. आदि (आदित्य चोपड़ा) का कहना था कि इसे मैं ‘धूम 2’ जैसी एंटरटेनर की नजर से देखूं.''
जब विज्ञापन को लेकर निशाने पर आए सेलेब्स, ऋतिक रोशन से आलिया भट्ट का नाम शामिल
ऋतिक ने आगे कहा, "मैं एडवेंचर का दीवाना हूं और यह दीवानगी कहीं न कहीं मेरे काम में और जिन लोगों के साथ मैं जुड़ता हूं उन पर छलक जाती है. पेशेवर रूप से एक्टिंग को मैंने हमेशा अलग-अलग तरह की कहानियों और उन ऑनस्क्रीन किरदारों के माध्यम से जी कर देखा है जो खुशकिस्मती से मुझे मिले हैं. मैं सहज भाव से फिल्में चुनता आया हूं. मुझे अलग मनोविज्ञान, व्यक्तित्व और अनुभवों के सहारे खुद को तलाशने और डूब जाने में खुशी मिलती है."
टाइगर को मिला आइडल संग काम करने का मौका
फिल्म ‘वॉर’ में पहली बार ऋतिक रोशन के साथ टाइगर श्रॉफ को देखा गया था. ऋतिक को टाइगर अपना आइडल मानते हैं. ऐसे में उनके साथ काम करने का मौका मिलने के बारे में टाइगर श्रॉफ ने कहा, "मेरी फिल्मोग्राफी में यह फिल्म शामिल होने का मुझे बड़ा गर्व है. मैं अपने डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद और प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा को यह खास प्रोजेक्ट मुझे सौंपने का शुक्रिया अदा करता हूं. इस प्रोजेक्ट ने मुझे अपने स्क्रीन आइडल ऋतिक रोशन के साथ स्क्रीन को शेयर करने का मौका दिया और मैंने इस चुनौती का पूरा आनंद उठाया."
पापा जैकी श्रॉफ संग बॉक्सिंग मैच देखती हैं Krishna Shroff, पेरेंट्स की फिटनेस पर कही ये बात
टाइगर ने आगे कहा, "ऋतिक मेरे लिए एक आदर्श और प्रेरणा रहे हैं. मैं उनके साथ काम करके ही नहीं बल्कि उनके साथ डांस करने का मौका पाकर भी रोमांचित था. मैंने उनके साथ बिताए हर दिन बहुत कुछ सीखा. उनके साथ स्क्रीन साझा करने की मेरी बड़ी तमन्ना थी और ‘वॉर’ ने इसे पूरा कर दिया, इसलिए मैं अपनी यह तमन्ना पूरी कराने वाले तमाम लोगों का हमेशा आभारी रहूंगा."