बड़े पर्दे पर माइकल जैक्सन की बायोपिक कमाल दिख रही हैं, तो डिजिटल दुनिया में भी कई प्रोजेक्ट्स ने दस्तक दे दी है. नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो, जी5 समेत अन्य ओटीटी प्लेटफॉर्म पर बॉलीवुड, साउथ, हॉलीवुड के साथ-साथ नए जापानी शो भी रिलीज हुए हैं. आप हमारी लिस्ट पढ़कर इन्हें देखने का प्लान बना सकते हैं.
ग्लोरी
पुलकित सम्राट स्टारर 'ग्लोरी', एक स्पोर्ट्स थ्रिलर ड्रामा है, जो हरियाणा के छोटे शहर के बॉक्सिंग हब में सेट है. कहानी एक फेमस बॉक्सिंग कोच के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका परिवार एक हिंसक घटना से टूट जाता है. अब वह अपने दो बेटों से दोबारा सामना करता है, जो ओलंपिक के सपने देख रहे हैं. लेकिन पुरानी दुश्मनियां, दबी हुई नफरत और बदले की भावना सब कुछ तबाह करने की कगार पर ला खड़ा करती है.
सीरीज बॉक्सिंग रिंग के बाहर के क्राइम, फैमिली कॉन्फ्लिक्ट और रिवेंज को जोड़ती है. यह स्पोर्ट की दुनिया में महत्वाकांक्षा, पितृसत्ता और पर्सनल ट्रेजेडी के मिश्रण को दिखाती है. 'ग्लोरी' को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.
द केरल स्टोरी 2
'द केरल स्टोरी 2', तीन यंग लड़कियों- सुरेखा, दिव्या और नेहा की जिंदगी पर आधारित है, जो परिवार की मर्जी के खिलाफ प्यार चुनती हैं. लेकिन वो प्यार जल्द ही कंट्रोल, मैनिपुलेशन और धार्मिक कन्वर्जन के जाल में बदल जाता है. जिसके चलते तीनों आजादी छिन जाती है. फिल्म अलग-अलग राज्यों (केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान) की लड़कियों की साथ चल रही कहानियों को जोड़ती है और दिखाती है कि कैसे रोमांस हथियार बन जाता है. इसे आप जी5 पर देख सकते हैं.
सपने वर्सेज एवरीवन सीजन 2
TVF की पॉपुलर वेब सीरीज 'सपने वर्सेज एवरीवन' का दूसरा सीजन, 1 मई को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो गया है. सीरीज दो यंग लड़कों की समानांतर कहानियों को दिखाती है. एक मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री में एक्टर बनने की लड़ाई लड़ रहा है, तो दूसरा रियल एस्टेट की दुनिया में 'सेल्स गॉड' के रूप में अपनी जगह बना रहा है. उसे अपने मामा से बदला भी लेना है.
सीज़न 2 में कहानी और गहरी हो जाती है. प्रशांत (परमवीर सिंह चीमा) फिल्म इंडस्ट्री के फ्रॉड, सेटबैक और पर्सनल लाइफ की चुनौतियों से जूझता है, जबकि जिम्मी (अंब्रिश वर्मा) अपने मामा से लड़ाई को और डार्कर मोड़ देता है, जिसमें राजनीति और पावर का खेल शामिल हो जाता है. दोनों किरदार सवाल करते हैं कि क्या किस्मत पहले से तय होती है या हिम्मत वाले खुद अपना भाग्य लिखते हैं.
अनदेखी द फाइनल बैटल
अनदेखी सीरीज का आखिरी सीजन पावर, बदले और परिवार की टूटती हुई इमारत पर फोकस करता है. कहानी अटवाल परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां एक वेडिंग पर डांसर की हत्या के बाद की घटनाएं चरम पर पहुंच जाती हैं. पापाजी (हर्ष छाया) अपनी खोई हुई पकड़ वापस पाने की कोशिश करते हैं, जबकि रिंकू अटवाल (सूर्या शर्मा) गम और बदले की भावना से भरा हुआ है. डीएसपी बरुन घोष (दिब्येंदु भट्टाचार्य) न्याय की तलाश में डटा रहता है.
इस सीजन में विश्वासघात, पावर स्ट्रगल और आइडेंटिटी का गहरा खेल दिखाया गया है. यह सीरीज पावर-ड्रंक एलीट्स और उनके खिलाफ खड़े होने वाले आम लोगों के बीच के कंट्रास्ट को और भी खुलकर दिखाती है. इसे आप सोनी लिव पर देख सकते हैं.
स्वैप्ड
एनिमेटेड एडवेंचर-कॉमेडी फिल्म 'स्वैप्ड' (Swapped), नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है. बच्चों और परिवार के लिए ये पिक्चर परफेक्ट है. कहानी एक छोटे जंगल के जीव (वुडलैंड क्रिएचर) और एक राजसी पक्षी की है, जो प्राकृतिक दुश्मन हैं. एक जादुई पौधे से टकराने के बाद दोनों का शरीर आपस में स्वैप यानी अदली-बदली हो जाता है. अब उन्हें एक-दूसरे की जगह जीना पड़ता है और घर बचाने के लिए साथ मिलकर सबसे पागलपन भरा एडवेंचर करना पड़ता है.
स्ट्रेट टू हेल
जापानी ड्रामा सीरीज 'स्ट्रेट टू हेल', जापान की सबसे मशहूर फॉर्च्यून टेलर काज़ुको होसोकी की सनसनीखेज और विवादास्पद जिंदगी पर आधारित है. कहानी एक लेखिका मिनोरी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो टीवी पर अपने तेज-तर्रार अंदाज में लोगों को 'तुम सीधे नर्क जाओगे' (Straight to Hell / Jigoku ni ochiru wa yo) कहकर मशहूर हुई होसोकी की असली कहानी को उजागर करने की कोशिश करती है. पैसा, फेम और पावर से भरी इस औरत के पीछे आध्यात्मिक घोटालों, अंडरवर्ल्ड कनेक्शन्स और अंधेरे रहस्य छिपे हुए हैं. आप ये शो नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम कर सकते हैं.