उत्तर प्रदेश के शामली में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके परिवार पर तीखा हमला बोला है. कैराना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने अखिलेश यादव के 'रावण' वाले बयान पर पलटवार किया. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अखिलेश यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रावण कहने की हिम्मत दिखाएंगे? इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव के परिवार पर मुसलमानों की राजनीतिक हिस्सेदारी पर कब्जा करने का आरोप लगाया.
'मैं रावण नजर आता हूं?'
ओवैसी ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, 'इनडायरेक्टली हम पर तीर मारा अखिलेश ने. हमको ले जाकर रावण से मिला दिया. हम रावण नजर आते हैं आपको! शुक्रिया अखिलेश यादव. मैं चाहता था कि तेरी जुबान से जहर उगलवाऊं.' उन्होंने आगे कहा, 'तेरी नजर में हर गैर मुसलमान तेरा दुश्मन है. हर एक मुसलमान जिसके सिर पर टोपी और चेहरे पर दाढ़ी है, तुमको वह रावण नजर आता है.'
'रिवर फ्रंट की फाइल खुल जाएगी'
ओवैसी ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा, 'क्या तुम मोदी को रावण बोलोगे? नहीं, नहीं, नहीं. मोदी को रावण बोलोगे तो रिवर फ्रंट खुल जाएगा. हाईवे बना है तो फाइल खुल जाएगी.'
उन्होंने कहा, 'इस पर हमारे मुखालिफ कहते हैं कि ओवैसी पर क्यों एक्शन नहीं लिया जाता. मेरे प्यारे, ओवैसी ने रिवर फ्रंट नहीं बनाया, एक्सप्रेसवे नहीं बनाया.'
यह भी पढ़िएः 'चीन को लेकर दोस्ताना रवैया क्यों?', सीमा विवाद पर ओवैसी ने साधा PM मोदी पर निशाना
'मुसलमानों की राजनीतिक हिस्सेदारी पर अखिलेश के परिवार का कब्जा'
ओवैसी ने बदायूं और फिरोजाबाद की लोकसभा सीटों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव के परिवार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, 'बदायूं की पार्लियामेंटरी सीट से सलमान एमपी बनता था, वहां अखिलेश के भाई एमपी बन गए. फिरोजाबाद से मुसलमान एमपी बनता था, वहां अखिलेश के परिवार के लोग एमपी बन गए.' ओवैसी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव और उनका परिवार मुसलमानों की राजनीतिक हिस्सेदारी पर अपना अधिकार समझता है.
'क्या अब्दुल का काम आपके बच्चों को सांसद-विधायक की सीट गिफ्ट करना है?'
ओवैसी ने अखिलेश यादव के परिवार पर तंज कसते हुए कहा, 'अखिलेश और उनका परिवार यह कह रहा है कि उनके परिवार में जितने बच्चे-बच्चियां पैदा होंगे, तो तुम्हारा काम यह है अब्दुल! तुम्हारी सालगिरह पर तुम केक नहीं काटना, सांसद और विधायक की सीट हमारे परिवार के बच्चे और बच्चियों को गिफ्ट में दे देना.'
उन्होंने समाजवादी पार्टी की चुनावी अपील पर भी सवाल उठाए. ओवैसी ने कहा, 'हर बार चुनाव में कहते हैं कि भैया पर जवानी कुर्बान करो. कितनी जवानी कुर्बान करेंगे आप?' कैराना की जनसभा में ओवैसी ने अखिलेश यादव और उनके परिवार पर मुसलमानों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठाए और समाजवादी पार्टी की राजनीति की आलोचना की.