पश्चिम बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत से ममता बनर्जी खफा है. उन्होंने बीजेपी पर वोटों की लूट का आरोप लगाया. इससे पहले ममता भवानीपुर काउंटिंग सेंटर पहुंची, जहां वह कई घंटे भीतर रहीं.
ममता बनर्जी जैसे ही काउंटिंग सेंटर से बाहर निकली, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने चोर-चोर के नारे लगाए. ममता ने काउंटिंग सेंटर से बाहर आकर बीजेपी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने बंगाल में बीजेपी की बढ़त पर कहा कि यह अनैतिक जीत है. वे हमारे कार्यकर्ताओं को पीट रहे हैं. मुझे लात मारी गई. धक्का दिया गया. हमने बंगाल चुनाव आयोग से कई बार शिकायत की लेकिन उन्होंने कोई एक्शन नहीं लिया.
ममता ने कहा कि बीजेपी ने 100 से अधिक सीटों पर लूट की है. बीजेपी ने वोटों की चोरी की है. उन्होंने मेरा घेराव किया. यह बीजेपी की अनैतिक जीत है. मैंने बंगाल चुनाव आयुक्त से शिकायत की है. लेकिन हम जीतेंगे.
उन्होंने कहा कि मुझे अंदर धक्का दिया और पीटा गया. यह बीजेपी की जीत नहीं बल्कि लूट है. चुनाव आयोग ने केंद्रीय बलों, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के साथ मिलकर जो कुछ भी किया है वह पूरी तरह से गैरकानूनी है. यहां दोबारा काउंटिंग होनी चाहिए. मैं जीत रही थी. उन्होंने राउंड की धोखाधड़ी की. यह पूरी तरह से धोखाधड़ी का केस है. देखिए, उन्होंने मेरे साथ क्या किया. क्या में अपराधी हूं?
बता दें कि पश्चिम बंगाल में सोमवार को काउंटिंग हुई. एक सीट फलता पर 21 मई को वोटिंग होनी है. बीजेपी ने बंगाल में प्रचंड जीत हासिल की. पार्टी 206 सीटें जीत चुकी है. वहीं, ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस 79 सीटें जीत चुकी है.