PM Modi at BJP Headquarter Delhi देश के चार राज्यों बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे सोमवार को घोषित हो गए. बंगाल में बीजेपी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीमएसी सरकार के 15 वर्षों के शासन का अंत कर दिया. बीजेपी ने 200 से अधिक सीटों के साथ बंगाल में प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज की, वहीं टीएमसी 81 सीटों पर सिमट गई.
वहीं असम में बीजेपी ने जीत की हैट्रिक लगाई. बीजेपी ने 82 सीटें जीती, जबकि उसके सहयोगियों एजीपी और बीओपीएफ ने 10-10 सीटें जीतीं. कांग्रेस सिर्फ 19 सीटों पर सिमट गई. केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने लेफ्ट को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया. यूडीएफ को 99 सीटें मिलीं, वहीं सीपीएम के नेतृत्व वाले वाम दलों का गठबंधन एलडीएफ 35 सीटों पर सिमट गया.
तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी टीवीके ने डीएमके को सत्ता से उखाड़ फेंका. टीवीके को 107 सीटें मिलीं, जबकि डीएमके 60 सीटों पर सिमट गई. पुडुचेरी में ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (AINRC) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने सत्ता में वापसी की. एनडीए को 18 सीटें मिलीं, जबकि डीएमके के नेतृत्व वाला गठबंधन 6 सीटों पर सिमट गया.
बंगाल विधानसभा चुनाव रिजल्ट 2026 का हर अहम अपडेट यहां चेक करें
पश्चिम बंगाल में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं. पहले चरण में 152 सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान हुआ था. वहीं, दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोट डाले गए थे. फलता सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान होना है, जिसकी वजह से सिर्फ 293 सीटों के नतीजे आए. असम में विधानसभा की कुल 126 विधानसभा सीटें हैं, जहां 9 अप्रैल को वोट डाले गए थे.
असम विधानसभा चुनाव रिजल्ट 2026 का हर अहम अपडेट यहां चेक करें
तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीटों हैं. इन सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान हुआ था. सूबे में मतदाताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया और मतदान का आंकड़ा सभी पिछले रिकॉर्ड तोड़ते हुए 85.14 फीसदी तक पहुंच गया. थलापति विजय की अगुवाई वाली नई नवेली टीवीके ने राज्य में मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया.
तमिलनाडु, पुदुचेरी चुनाव रिजल्ट 2026 का हर अहम अपडेट यहां चेक करें
केरलम की बात करें तो इस तटीय प्रदेश की 140 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 9 अप्रैल को वोट डाले गए थे. इस बार सूबे में 78.27 फीसदी मतदान हुआ. वहीं, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सीटों के लिए भी 9 अप्रैल को ही वोट डाले गए थे. केंद्र शासित प्रदेश में 89.97 फीसदी मतदान हुआ.
केरल विधानसभा चुनाव रिजल्ट 2026 का हर अहम अपडेट यहां चेक करें
यह भी देखें:
पश्चिम बंगाल रिजल्ट 2026: किस सीट पर कौन जीता, कौन हारा? यहां चेक करें Full List of Winners
असम रिजल्ट 2026: किस सीट पर कौन जीता, कौन हारा? यहां चेक करें Full List of Winners
केरल रिजल्ट 2026: किस सीट पर कौन जीता, कौन हारा? यहां चेक करें Full List of Winners
तमिलनाडु रिजल्ट 2026: किस सीट पर कौन जीता, कौन हारा? यहां चेक करें Full List of Winners
पुदुचेरी रिजल्ट 2026: किस सीट पर कौन जीता, कौन हारा? यहां चेक करें Full List of Winners
प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी हेडक्वार्टर में अपने संबोधन में कहा, 'विकसित भारत के निर्माण का एक और महत्वपूर्ण पिलर भारत की नारी शक्ति है. नारी शक्ति अब विकसित भारत के निर्माण में तेजी से आगे बढ़ रही है. लेकिन, नारी शक्ति की इस रफ्तार को कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने कुछ दिन पहले रोकने का काम किया. इन नारी विरोधी दलों ने संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन को पास नहीं होने दिया. इसलिए मैंने कुछ दिन पहले कहा भी था कि महिलाओं के आरक्षण का विरोध करने वाले ऐसे दलों को महिलाओं का आक्रोश झेलना पड़ेगा. आज कांग्रेस, TMC और DMK को बहनों-बेटियों ने सजा दी है. केरलम में लेफ्ट के 10 सालों के कुशासन का फायदा कांग्रेस को जरूर मिला है. लेकिन मुझे विश्वास है कि केरलम की बहनें भी अगले चुनावों में कांग्रेस को सबक जरूर सिखाएंगीं. जिस समाजवादी पार्टी ने संसद में महिला आरक्षण को रोका है, उसे भी उत्तर प्रदेश की महिलाओं का विरोध सहना पड़ेगा. महिला विरोधी समाजवादी पार्टी कुछ भी कर ले, लेकिन अपने पाप को कभी धो नहीं पाएगी.'
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल का यह चुनाव एक और वजह से बहुत खास रहा है. उन्होंने कहा, 'आप याद कीजिए, बंगाल चुनाव के समय कैसी खबरें आती थीं. हिंसा, डर और निर्दोष लोगों की मौतें. लेकिन इस बार पूरे देश ने एक नई खबर सुनी कि पश्चिम बंगाल में शान्तिपूर्ण मतदान हुआ. पहली बार ऐसा हुआ कि चुनावी हिंसा में एक भी निर्दोष नागरिक की जान नहीं गई. लोकतंत्र के इस महापर्व में बंदूक की आवाज नहीं, जनता-जनार्दन की आवाज गूंजी. पहली बार डर नहीं, लोकतंत्र जीता है. आज जब बंगाल ने परिवर्तन के नए दौर में प्रवेश किया है, तो मैं बंगाल के हर राजनीतिक दल से एक आग्रह भी करना चाहता हूं, बंगाल में बीते दशकों में राजनीतिक हिंसा की वजह से न जाने कितनी जिंदगियां बर्बाद हो गईं. मेरा स्पष्ट मानना है कि आज से बंगाल की इन चुनावी आदतों में बदलाव आना चाहिए. आज जब भाजपा जीती है, तो बदला नहीं, बदलाव की बात होनी चाहिए. भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए.'
नंदीग्राम में जीत के बाद भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर बढ़त बना ली है. कुल 20 राउंड में से 16 राउंड की गिनती के बाद शुभेंदु 563 वोटों से ममता बनर्जी से आगे चल रहे हैं. नंदीग्राम सीट पर उन्होंने टीएमसी के पवित्र कर को 10200 वोटों से हरा दिया.
पीएम मोदी ने कहा, 'इस जीत के साथ-साथ वंदे मातरम् के 150वें वर्ष में भारत माता को और ऋषि बंकिम जी को बंगाल के लोगों ने अपना सादर नमन प्रेषित किया है. योगिराज श्री अरविंदो को भी मतदाताओं ने ऐतिहासिक श्रद्धांजलि दी है. बंगाल में हमारे कितने ही कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन इस जीत के लिए समर्पित किया है. भाजपा की कितनी ही महिला कार्यकर्ताओं को तमाम अत्याचार सहने पड़े हैं. आप कल्पना नहीं कर सकते कि केरलम और बंगाल में भाजपा के हर कार्यकर्ता को कितनी मुसीबतें झेलनी पड़ी हैं. उन पर कितने जुल्म और अत्याचार हुए हैं. मैं आज बंगाल में भाजपा की सफलता का श्रेय ऐसे सभी कार्यकर्ताओं को और उनके परिवारों को देता हूं. मैं ये जीत बंगाल की जनता को समर्पित करता हूं. अभी 4 मई की ये शाम भले ही ढल रही हो, लेकिन बंगाल की पावन धरा पर एक नया सूर्योदय हुआ है.'
पीएम मोदी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ी थी. उन्होंने जिस सशक्त और समृद्ध बंगाल का सपना देखा था, वो सपना कई दशकों से पूरा होने का इंतजार कर रहा था. आज 4 मई, 2026 को बंगाल की जनता ने हम भाजपा कार्यकर्ताओं को वो अवसर दिया है. बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है. आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है और विकास के भरोसे से युक्त हुआ है.
पीएम मोदी ने कहा, 'आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा-NDA की सरकारें हैं. हमारा मंत्र है नागरिक देवो भवः. हम जनता की सेवा में जुटे हुए हैं और इसलिए जनता भाजपा पर ज्यादा से ज्यादा भरोसा कर रही है. जनता साफ देख रही है कि जहां भाजपा, वहां गुड गवर्नेंस. जहां भाजपा, वहां विकास. आज भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में मेरे मन में एक और बात आ रही है. वो बात ये है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को आज कितनी शांति मिली होगी. उन्होंने 1951 में जनसंघ की स्थापना करके प्रत्येक कार्यकर्ता को संदेश दिया था कि देश के लिए जीना है और देश के लिए मरना है. उन्होंने अपने जीवन से साबित किया कि राष्ट्र सर्वोपरि का मंत्र लेकर चलने वाले अपना जीवन देने में एक पल का भी संकोच नहीं करते.'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी हेडक्वार्टर में अपने संबोधन में कहा कि असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए गठबंधन पर भरोसा जताया है. यह हैट्रिक है. असम के इतिहास में यह एक बड़ी उपलब्धि है. चाय बागान क्षेत्रों में भी भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन मिला. 2021 में हमने पुडुचेरी की जनता के सामने बेस्ट पुडुचेरी का विजन रखा था. पुडुचेरी की जनता ने उस विजन पर विश्वास जताया और हमें अपना आशीर्वाद दिया था. पिछले 5 वर्षों में हमारी NDA सरकार ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस विजन को गति देने का काम किया और आज एक बार फिर पुदुचेरी की जनता ने NDA पर अपना विश्वास व्यक्त किया है.
पीएम मोदी ने कहा, 'पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार चुनाव के नतीजे आए थे, तब मैंने यहीं इसी जगह से आप सबको कहा था कि गंगा जी बिहार से आगे बहते हुए गंगासागर तक जाती है. और आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल, आज मां गंगा के इर्दगिर्द बसे इन राज्यों में भाजपा-NDA सरकार है. 2013 में जब भारतीय जनता पार्टी ने मुझे प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के रूप में भी काम दिया और जब मैं काशी में अपना नामांकन भरने गया था, और पत्रकारों ने मुझे घेर लिया, तो स्वाभाविक रूप से मेरे हृदय से ध्वनि निकली थी और मैंने कहा था कि न मैं आया हूं, न मुझे किसी ने भेजा है. मां गंगा ने मुझे बुलाया है. आज मैं हर पल अनुभव कर रहा हूं कि मां गंगा के आशीर्वाद निरन्तर हम सब पर अपनी कृपा बरसा रहे हैं. गंगा जी के साथ-साथ ब्रह्मपुत्र का भी हम पर बहुत आशीर्वाद रहा है. मां कामख्या का आशीर्वाद रहा है. असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा-NDA पर भरोसा किया है.'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोकतंत्र हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं है, ये हमारी रगो में दौड़ता हुआ संस्कार है. ये हमारी रगो की संस्कार सरिता है. आज केवल भारत का लोकतंत्र ही नहीं जीता है, आज भारत का संविधान भी जीता है. हमारी संवैधानिक संस्थाएं जीती हैं, हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं. पश्चिम बंगाल में करीब 93% मतदान होना, अपने आप में ऐतिहासिक रहा है. असम, तमिलनाडु, पुदुचेरी और केरलम में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने हैं. इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है. ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बन रही है. मैं आज चुनाव आयोग को, चुनाव आयोग के सभी कर्मचारी भाई-बहनों को, मतदान प्रक्रिया से जुड़े सारे कर्मियों का और विशेष तौर पर सुरक्षा बलों का भी बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं. भारत के लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने में आप सबका योगदान इतिहास हमेशा याद रखेगा.'
पीएम मोदी ने कहा, 'आज विभिन्न उप चुनावों के परिणाम भी अत्यंत उत्साहजनक रहे हैं. महाराष्ट्र, गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में जो उप चुनाव हुए, उनमें हमारे उम्मीदवारों को जनता-जनार्दन ने आशीर्वाद दिया और इन राज्यों में भी जीत गए. NDA की नेता और महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार जी ने भी बड़ी जीत दर्ज की है. मैं इन सभी राज्यों की जनता का, उनके समर्थन के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. जय-पराजय, लोकतंत्र और चुनावी राजनीति का एक स्वाभाविक हिस्सा होता है. लेकिन 5 प्रदेशों की जनता ने पूरे विश्व को दिखाया है कि हमारा भारत मदर ऑफ डेमोक्रेसी क्यों है.'
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, 'मैं बंगाल की जनता का, असम की जनता का, पुडुचेरी की जनता का, तमिलनाडु और केरलम की जनता का आज आदरपूर्वक नमन करता हूं, मैं उन सबका वंदन करता हूं. मैं आज भाजपा के कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं का भी हृदय से अभिनंदन करता हूं. भाजपा के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने एक बार फिर से कमाल कर दिया है, कमल खिला दिया है. आपने नया इतिहास रच दिया है. भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के अध्यक्ष पद संभालने के बाद ये पहले विधानसभा चुनाव थे. इन चुनावों में पार्टी के हर कार्यकर्ता को उनका जो मार्गदर्शन मिला, वो मार्गदर्शन इस विजय में बहुमूल्य रहा है.'
पीएम मोदी ने कहा, 'एक कार्यकर्ता होने के नाते मैं भाजपा के हर कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूं. आज का ये दिवस कई मायनों में खास है, विशेष है. ये देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है. ये भरोसे का दिन है. भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा परफॉर्मेंस की राजनीति पर, भरोसा स्थिरता के संकल्प पर, भरोसा एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना पर.'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल, असम और पुडुचेरी में बीजेपी की जीत पर दिल्ली पार्टी हेडक्वार्टर में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने कहा, 'आज का ये दिन ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है. जब वर्षों की साधना, सिद्धि में बदलती है, तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वो खुशी आज मैं देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं.'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाली धोती-कुर्ता पहनकर बीजेपी हेडक्वार्टर में पहुंचे, जहां बंगाल, असम और पुडुचेरी चुनावों में पार्टी की जीत पर जश्न मनाया जा रहा है. उनके पहुंचने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने '4 मई, ममता गई' के नारे के साथ पीएम का स्वागत किया. साथ ही बीजेपी के बंगाल कैम्पेन सॉन्ग 'पोरिबर्तनो दरकार, चाई बीजेपी सरकार' बज रहा था.
बंगाल और असम में बीजेपी और पुडुचेरी में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं. बीजेपी कार्यकर्ता 'मोदी जी को जय श्रीराम' के नारे लगा रहे हैं. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीजेपी हेडक्वार्टर पहुंच गए हैं. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी भाजपा मुख्यालय में पहुंच रहे हैं. कुछ ही देर में प्रधानमंत्री मोदी भी आएंगे.
बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट करके राज्य की जनता का आभार जताया. उन्होंने लिखा, 'पश्चिम बंगाल में कमल खिल गया. 2026 का पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद रखा जाएगा. जनता की शक्ति की जीत हुई है. जनता ने सुशासन की राजनीति पर भरोसा जताया है. मैं पश्चिम बंगाल के प्रत्येक नागरिक को नमन करता हूं. जनता ने बीजेपी को शानदार जनादेश दिया है और मैं उन्हें आश्वस्त करता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी. हम ऐसी सरकार देंगे जो समाज के हर वर्ग के लिए अवसर और सम्मान सुनिश्चित करे. पश्चिम बंगाल में बीजेपी की यह ऐतिहासिक जीत अनगिनत कार्यकर्ताओं के वर्षों के परिश्रम और संघर्ष के बिना संभव नहीं थी. मैं उन सभी को नमन करता हूं. उन्होंने वर्षों तक जमीनी स्तर पर काम किया, हर तरह की कठिनाइयों का सामना किया और हमारे विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाया. यही हमारी पार्टी की असली ताकत है.'
The Lotus blooms in West Bengal!
— Narendra Modi (@narendramodi) May 4, 2026
The 2026 West Bengal Assembly Elections will be remembered forever. People's power has prevailed and BJP's politics of good governance has triumphed. I bow to each and every person of West Bengal.
The people have given a spectacular mandate to…
BJP’s record win in West Bengal would not be possible without the efforts and struggles of countless Karyakartas over generations. I salute them all. For years, they have worked hard on the ground, overcome all sorts of adversities and spoken about our development agenda. They…
— Narendra Modi (@narendramodi) May 4, 2026
बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, 'बंगाल की जनता को कोटि-कोटि नमन. यह प्रचंड जनादेश भय, तुष्टीकरण और घुसपैठियों के संरक्षकों को बंगाल की जनता का करारा जवाब है. यह टीएमसी के भय के ऊपर पीएम नरेंद्र मोदी के भरोसे की जीत है. मेरे जैसे हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए यह गर्व का क्षण है कि गंगोत्री में मां गंगा के उद्गम से लेकर गंगासागर तक आज हर जगह भाजपा का भगवा ध्वज शान से लहरा रहा है. बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है. यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा. भाजपा की शून्य से आज प्रचंड बहुमत तक पहुंचने की इस कठिन यात्रा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा झेली, यातनाएं सहीं और फिर भी विचारधारा के पथ से डिगे नहीं, उन सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को नमन करता हूं. बंगाल की जनता ने इस प्रचंड बहुमत से भाजपा के उन सभी शहीद कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी है. इस ऐतिहासिक विजय के लिए मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और बंगाल के कोने-कोने में डटे हर एक कार्यकर्ता को बधाई देता हूं. बंगालवासियों ने घुसपैठियों और उनके हितैषियों को ऐसा सबक सिखाया है, जिसे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टियां कभी भूल नहीं पाएंगी. बंगाल ने जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ पीएम मोदी के नेतृत्व पर यह विश्वास जताया है, हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे. चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद, कविगुरु टैगोर, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों की पावन भूमि बंगाल का खोया गौरव लौटाने और सोनार बांग्ला के स्वप्न को साकार करने के लिए भाजपा दिन-रात एक कर देगी.'
बंगाल की जनता को कोटि-कोटि नमन 🙏
— Amit Shah (@AmitShah) May 4, 2026
यह प्रचंड जनादेश भय, तुष्टीकरण और घुसपैठियों के संरक्षकों को बंगाल की जनता का करारा जवाब है।
यह TMC के ‘भय’ के ऊपर श्री @narendramodi जी पर ‘भरोसे’ की जीत है।
मेरे जैसे हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए यह गर्व का क्षण है कि गंगोत्री में माँ गंगा के…
बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा।
— Amit Shah (@AmitShah) May 4, 2026
भाजपा की शून्य से आज प्रचंड बहुमत तक पहुँचने की इस कठिन यात्रा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपने…
बंगालवासियों ने घुसपैठियों और उनके हितैषियों को ऐसा सबक सिखाया है, जिसे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टियाँ कभी भूल नहीं पाएँगी।
— Amit Shah (@AmitShah) May 4, 2026
बंगाल ने जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ मोदी जी के नेतृत्व पर यह विश्वास जताया है, हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे।
चैतन्य महाप्रभु, स्वामी…
बंगाल में बीजेपी की लीड 200 के पार पहुंच गई है. बीजेपी के उम्मीदवार 203 विधानसभा सीटों पर आगे चल रहे हैं. टीएमसी के बढ़त घटकर अब 84 रह गई है.
असम में बीजेपी ने सौ सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है. बीजेपी की अगुवाई वाले गठबंधन के उम्मीदवार 101 सीटों पर आगे चल रहे हैं. वहीं, विपक्षी कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधन के उम्मीदवार 21 सीटों पर आगे हैं. अन्य ने भी चार सीटों पर लीड ले रखी है.
कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट की मतगणना 13वें राउंड के बाद रुक गई है. तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी, दोनों ही प्रमुख प्रतिद्वंदी मतगणना केंद्र के अंदर् मौजूद हैं.
पुडुचेरी में बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. एनडीए के उम्मीदवार 17 सीटों पर आगे चल रहे हैं. कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधन के उम्मीदवार आठ सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं, अन्य ने भी पांच सीटों पर लीड ले रखी है.
केरलम में कांग्रेस की अगुवाई वाले यूडीएफ को 99 सीटों पर लीड मिल गई है. सत्ताधारी एलडीएफ के उम्मीदवार 35 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. बीजेपी की अगुवाई वाले गठबंधन और अन्य ने भी तीन-तीन सीटों पर बढ़त बनाई हुई है.
असम में बीजेपी की सीटों का आंकड़ा सौ पर पहुंच गया है. बीजेपी नकी अगुवाई वाला गठबंधन सौ सीटों पर लीड कर रहा है. वहीं, कांग्रेस की अगुवाई वाले विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार 22 सीटों पर आगे चल रहे हैं. अन्य ने भी चार सीटों पर बढ़त बना रखी है.
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में बीजेपी दो सौ सीट के करीब पहुंचती नजर आ रही है. बीजेपी के उम्मीदवार 198 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं, ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी 89 सीटों पर फिसल गई है.
तमिलनाडु में सत्ता विरोधी लहर ऐसी चली, कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी सीट तक नहीं बचा पाए. सीएम स्टालिन कुलाथूर विधानसभा सीट से चुनाव हार गए हैं. सीएम स्टालिन को विजय की पार्टी के उम्मीदवार ने शिकस्त दी है. विजय की पार्टी 103 सीटों पर लीड कर रही है. डीएमके की अगुवाई वाला गठबंधन 74 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. एआईएडीएमके की अगुवाई वाला एनडीए 54 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर है.
तमिलनाडु में पांच सीटों के नतीजे आ गए हैं. इनमें से तीन सीटों पर डीएमके के उम्मीदवार जीते हैं. वहीं, कांग्रेस को एक और टीवीके को एक सीट पर जीत मिली है. चुनाव आयोग की साइट के मुताबिक टीवीके की पार्टी 101 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं, डीएमके 57, एआईएडीएमके 50, पीएमके पांच और कांग्रेस चार सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.
पश्चिम बंगाल में 293 में से 2 सीटों नतीजे और 290 सीटों के रुझान आ गए हैं. अब तक जिन दो सीटों के नतीजे घोषित हुए हैं, उनमें से एक पर बीजेपी और एक पर टीएमसी को जीत मिली है. बीजेपी 194 सीटों पर लीड कर रही है, वहीं तृणमूल कांग्रेस 91 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.
असम में बीजेपी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. पार्टी के उम्मीदवार 99 सीटों पर लीड कर रहे हैं. सूबे में विधानसभा की कुल सीटें 126 हैं और दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा 84 है. बीजेपी 99 सीटों पर आगे चल रही है. कांग्रेस की अगुवाई वाला गठबंधन 23 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. अन्य भी चार सीटों पर आगे चल रहे हैं.
असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के कैंपेन की अगुवाई करने वाले गौरव गोगोई खुद चुनाव हार गए हैं. गौरव गोगोई को जोरहाट विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार से चुनाव हार गए हैं. गौरव गोगोई को 23 हजार वोट से हार मिली है.
पश्चिम बंगाल में बीजेपी दो तिहाई बहुमत के करीब पहुंच गई है. बीजेपी के उम्मीदवार 195 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. तृणमूल कांग्रेस 93 सीटों पर आगे है. लेफ्ट के उम्मीदवार भी तीन सीटों पर लीड कर रहे हैं. कांग्रेस शून्य सीट पर सिमटती दिख रही है. वहीं, अन्य के खाते में दो सीटें जाती दिख रही हैं.
तमिलनाडु के चुनाव में अभिनेता विजय की पार्टी सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है. विजय की पार्टी 109 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. विजय के पिता ने अब कांग्रेस को गठबंधन के लिए न्यौता दिया है. कांग्रेस के उम्मीदवार चार सीटों पर आगे चल रहे हैं.
बीजेपी की सरकार वाले राज्यों की संख्या ताजा रुझानों के बाद बढ़ गई है. क्षेत्रफल के लिहाज से देखें तो करीब 72 फीसदी क्षेत्र पर बीजेपी की सरकार है. इस क्षेत्रफल में 78 फीसदी जनसंख्या रहती है.

केरलम में कांग्रेस की अगुवाई वाला गठबंधन सौ विधानसभा सीटों के आंकड़े के करीब पहुंचता नजर आ रहा है. यूडीएफ के उम्मीदवार 98 सीटों पर लीड कर रहे हैं. वहीं, एलडीएफ 37 और बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए को नदो सीटों पर बढ़त मिली है. अन्य भी तीन सीटों पर लीड कर रहे हैं.
पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने बड़ी बढ़त बना ली है. बीजेपी के उम्मीदवार 192 सीटों पर आगे चल रही है. टीएमसी सौ से भी कम सीटों पर लीड कर रही है. टीएमसी के उम्मीदवार 97 सीटों पर आगे चल रहे हैं.
पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने बड़ी बढ़त बना ली है. बीजेपी के उम्मीदवार 189 सीटों पर आगे चल रहे हैं. बीजेपी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. वहीं, सत्ताधारी टीएमसी के उम्मीदवार 99 विधानसभा सीटों पर लीड बनाए हुए है.
पश्चिम बंगाल में बीजेपी 188 सीटों पर बढ़त बना ली है. वहीं, टीएमसी सौ से नीचे आ गई है. टीएमसी के उम्मीदवार अब 99 सीटों पर आगे चल रहे हैं.
बंगाल में बीजेपी की सीटों का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है. बीजेपी ने अब 181 सीटों पर लीड ले ली है. वहीं, टीएमसी 105 सीटों पर आगे चल रही है. लेफ्ट के उम्मीदवार दजो सीटों पर आगे चल रहे हैं. वहीं, कांग्रेस शून्य सीटों पर सिमटती दिख रही है.
बंगाल में बीजेपी प्रचंड जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है. अब तक के रुझानों में बीजेपी 173 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं, टीएमसी 110 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. लेफ्ट दो और अन्य एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं.
केरलम के रुझानों में कांग्रेस की अगुवाई वाला यूडीएफ गठबंधन 95 विधानसभा सीटों पर आगे चल रहा है. लेफ्ट की अगुवाई वाला गठबंधन 41 सीटों पर आगे है. बीजेपी की अगुवाई वाला एनडीए दो सीटों पर आगे है.
तमिलनाडु में विजय की अगुवाई वाली टीवीके बड़ी जीत की ओर बढ़ती दिख रही है. विजय की पार्टी के उम्मीदवार 108 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं, एआईएडीएमके की अगुवाई वाला गठबंधन 76 सीटों पर आगे है. डीएमके गठबंधन के उम्मीदवार 50 सीटों पर आगे चल रहे हैं.
बंगाल के रुझानों में बीजेपी बम-बम नजर आ रही है. पश्चिम बंगाल की 293 में सले 283 सीटों के रुझान आए हैं. रुझानों में बीजेपी 160 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं, टीएमसी के उम्मीदवार 121 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. लेफ्ट और अन्य एक-एक सीट पर आगे हैं.
बीजेपी ने बंगाल में फिर से बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. बीजेपी के उम्मीदवार 157 सीटों पर आगे चल रहे हैं. टीएमसी के उम्मीदवार 124 सीटों पर आगे हैं.
असम में बीजेपी सौ सीटों के करीब पहुंच गई है. बीजेपी ने 98 सीटों पर लीड ले ली है. कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधन के उम्मीदवार 26 सीटों पर आगे चल रहे हैं. अन्य के उम्मीदवार दो सीटों पर आगे हैं.
पश्चिम बंगाल में टीएमसी ने बीजेपी की सीटों की लीड कम की है. बीजेपी 141 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं, टीएमसी के उम्मीदवार अब 135 सीटों पर आगे आ गए हैं.
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रुझानों में बड़ी लीड के बाद सभी सनातनी, सभी हिंदू मतदाताओं को धन्यवाद दिया है. उन्होंने कहा है कि पहले राउंड में मुस्लिम बाहुल्य बूथ थे, ममता बनर्जी आगे निकल गई थीं. भवानीपुर के हिंदू बाहुल्य बूथ की ईवीएम खुली, तो हमने अंतर कवर करते हुए बढ़त बना ली. तीन, चार, पांच, छह बूथ मुस्लिम बाहुल्य हैं. इन बूथों पर ममता बनर्जी लीड करेंगी. सात, आठ, नौ और 10 हिंदू बाहुल्य बूथ हैं. यहां फिर से अंतर कम कर लीड ले लूंगा.
आरजी कर रेप पीड़िता की मां बीजेपी के टिकट पर पनिहाटी सीट से चुनाव लड़ रही हैं. पनिहाटी सीट पर आरजी कर पीड़िता की मां आगे चल रही हैं. बीजेपी उम्मीदवार आरजी कर पीड़िता की मां तीन हजार वोट से आगे चल रही हैं.
शशि थरूर ने कहा है कि हम 10 साल से इंतजार कर रहे थे. इतनी बड़ी मेजॉरिटी हमें मिली, तो हम स्टेबल रहेंगे. जनता ने हमारे संदेश को स्वीकार किया है और् इतना बड़ा समर्थन हमें मिलता नजर आ रहा है.
तमिलनाडु में विजय की अगुवाई वाली टीवीके 102 सीटों पर आगे चल रही है. एआईएडीएमके के उम्मीदवार 73 और डीएमके के उम्मीदवार 48 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं. तमिलनाडु के रुझानों के बाद विजय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. विजय के घर के बाहर भी सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है.
ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी ने फिर से कमबैक किया है. टीएमसी ने अब 121 सीटों पर बढ़त बना ली है. बीजेपी की बढ़त अब बहुमत के आंकड़े से नीचे आ गई है. बीजेपी की लीड 150 के पार पहुंच गई थी, जो अब 139 पर आ गई है.
बंगाल के रुझानों में बीजेपी बहुमत के आंकड़े को पार कर गई है. 293 सीटों में से जो 256 सीटों के रुझान आए हैं उनमें बीजेपी 148 सीटों पर आगे चल रही है जबकि टीएमसी 102 सीटों पर आगे है. वहीं लेफ्ट एक सीट पर आगे चल रहा है.
बंगाल के जो रुझान सामने आए हैं उसमें बीजेपी रुझानों के करीब पहुंच गई है. बहुमत का आंकड़ा 147 का है और भाजपा 144 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं टीएमसी 101 सीट पर आगे हैं.
पश्चिम बंगाल में बीजेपी और टीएमसी के बीच अंतर बढ़ गया है. बीजेपी ने 129 सीटों पर बढ़त बना ली है. टीएमसी के उम्मीदवार 109 सीटों पर आगे चल रहे हैं. अन्य ने भी तीन सीटों पर लीड ले ली है. लेफ्ट का उम्मीदवार एक सीट पर आगे चल रहा है.
पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने फिर से लीड ले ली है. बीजेपी के उम्मीदवार शुरुआती रुझानों में 124 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं, टीएमसी 110 सीटों पर आगे है. कांग्रेस एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है. लेफ्ट का खाता भी खुलता नजर नहीं आ रहा है.
असम के रुझानों में बीजेपी बहुमत के आंकड़े से आगे निकल गई है. बीजेपी 66 सीटों पर आगे निकल गई है. कांग्रेस की अगुवाई वाला गठबंधन 19 सीटों पर आगे चल रहा है. अन्य का खाता अब तक खुलता नहीं नजर आ रहा है.
पश्चिम बंगाल के शुरुआती रुझानों में फाइट टाइट दिख रही है. कभी बीजेपी, तो कभी टीएमसी आगे निकल रही है. फिलहाल, बीजेपी ने 122 विधानसभा सीटों पर लीड ले ली है. टीएमसी भी अधिक पीछे नहीं है. ममता बनर्जी की पार्टी 105 सीटों पर आगे चल रही है.
बंगाल में 162 सीटों के रुझान आ गए ङैं जिसमें बीजेपी 88 सीटों पर आगे है जबकि टीएमसी72 सीटों पर आगे है. वहीं असम में 126 में से 54 सीटों के रुझान आ गए हैं जिसमें बीजेपी 44 सीटों पर आगे हैं जबकि कांग्रेस 10 सीटों पर आगे है. केरलम में 140 सीटों में से 27 के रुझान आए हैं जिसमें यूडीएफ 15 और एलडीएफ और बीजेपी 5-5 सीटों पर आगे चल रहे हैं.
बंगाल के शुरुआती रुझानों में तृणमूल कांग्रेस बीजेपी से आगे निकल गई है. फिलहाल टीएमसी 65 सीटों पर आगे चल रही है जबकि बीजेपी 51 सीटों पर आगे हैं. वहीं असम में बीजेपी 32 सीटों पर आगे है जबकि कांग्रेस 10 सीटों पर आगे हैं. डीएमके तमिलनाडु में 27 सीटों पर आगे हैं. वहीं पुडुचेरी में बीजेपी 2 सीटों पर आगे है.
बंगाल में शुरुआती रुझानों में बीजेपी और टीएमसी के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है. इस खबर को अपडेट किए जाने तक बीजेपी 35 और टीएमसी 30 सीटों पर आगे थी. वहीं असम में बीजेपी एकतरफा तरीके से आगे बढ़ रही है. बीजेपी 23 सीटों पर आगे चल रही है.
पश्चिम बंगाल और असम का पहला रुझान बीजेपी के पक्ष में आया है. रुझानों में बंगाल में बीजेपी 5 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं असम में बीजेपी 6 सीटों पर आगे हैं. केरलम के रुझानों में एक सीट पर बीजेपी आगे
केरलम में यूडीएफ को 6 सीट तो एलडीएफ एक और बीजेपी तथा अन्य भी एक-एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं अन्य भी एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है.
तमिलनाडु से पहला रुझान सामने आया है.राज्य की पहली सीट से जो रुझान सामने आया है उसमें टीवी स्टार थलपति विजय की पार्टी 1 सीट पर आगे चल रही है. वहीं केरलम से एक सीट का रुझान सामने आया है जहां यूडीएफ एक सीट पर आगे चल रही है.
असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हुई वोटिंग की काउंटिंग शुरू हो गई है. इस बार पोस्टल बैलेट की गिनती बाद में होगी. ईवीएम वोट की काउंटिग शुरू हो गई है और कुछ ही देर में रूझान आने शुरू हो जाएंगे.
बंगाल से लेकर असम और तमिलनाडु तक, पांच राज्यों में स्ट्रांग रूम के ताले खुलने शुरू हो गए हैं. सभी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा कड़ी की गई है. इस बार स्ट्रॉन्गरूम को खोलने की वीडियोग्राफी की जा रही है. कुछ ही देर में मतगणना शुरू हो जाएगी.
श्यामपुकुर निर्वाचन क्षेत्र से TMC नेता और उम्मीदवार डॉ. शशि पांजाने कहा, "हम वे सभी कागजात लेकर आए हैं जिन पर हम गिनती का हिसाब रख रहे हैं. यह सब चुनाव आयोग का काम है. सब कुछ फेंका जा रहा है. क्या हम यहां लड़ने आए हैं? क्या हम यहां गोलियां, बारूद और पिस्तौल के साथ आए हैं?"
तमिलनाडु के चुनावी नतीजों से पहले सत्ताधारी DMK की IT विंग ने पोस्ट करते हुए कहा- हम द्रविड़वाद के वारिस हैं, जो आर्यवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने आए हैं.
बाराबनी से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार बिधान उपाध्याय ने मीडिया से बात करते हुए अपनी पार्टी की जीत को लेकर गहरा विश्वास जताया. उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल लगातार चौथी बार "मां माटी मानुष" की सरकार बनते देखने के लिए तैयार है. स्थिरता पर जोर देते हुए उपाध्याय ने कहा कि राज्य में शांति और व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य के चार स्ट्रांग रूम के सीसीटीवी बंद रहे. इससे पहले स्ट्रांग रूम की CCTV निगरानी को लेकर बीजेपी और टीएमसी ने भी सवाल उठाए थे.
बंगाल में हाई-प्रोफाइल निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना कई राउंड में होगी और सबसे ज्यादा राउंड में चुंचुड़ा सीट पर काउंटिंग होगी जहां 27 दौर की काउंटिंग होगी.
भवानीपुर: 20 दौर
नंदीग्राम: 18 दौर
खड़गपुर सदर: 20 दौर
बहरामपुर: 16 दौर
रेजीनगर: 15 दौर
चुंचुड़ा: 27 दौर (सर्वाधिक दौर)
नंदीग्राम से TMC उम्मीदवार पवित्र कर ने कहा, "मैं और मेरी पार्टी के सभी कार्यकर्ता और समर्थक जानते हैं कि नंदीग्राम में तृणमूल जीत रही है, बाकी सब बस समय की बात है. हमें 100 प्रतिशत यकीन है कि हम नंदीग्राम में जीत दर्ज करेंगे. हम सभी के आशीर्वाद के साथ मतगणना के लिए जा रहे हैं."
कोलकाता के भवानीपुर में काउंटिंग से पहले हल्का हंगामा देखने को मिला. काउंटिंग एजेंट्स के बीच नारेबाजी हुई. एंट्री को लेकर विवाद हुआ. सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं. यह सीट हाई-प्रोफाइल मानी जा रही है, जहां मुकाबला बेहद कड़ा है.
इस बार कई राज्यों में रिकॉर्ड मतदान हुआ है, जो चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है.
विशेषज्ञों के मुताबिक: ज्यादा वोटिंग का मतलब है कि जनता बदलाव या मजबूती, दोनों में से किसी एक के लिए बड़े पैमाने पर निकली है. कुछ इलाकों में वोटर्स की संख्या कम होने और ज्यादा मतदान के कारण प्रतिशत बढ़ा.
पुडुचेरी में बीजेपी प्लस गठबंधन के साथ मुख्यमंत्री नटेसन कृष्णासामी रंगासामी के लिए आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है. यह तय होगा कि उनकी सरकार दोबारा बनेगी या सत्ता बदल जाएगी. छोटे राज्य के बावजूद यहां का परिणाम राजनीतिक संकेत देगा.
तमिलनाडु में DMK के पुराने गढ़, AIADMK के दक्षिणी जिले और TVK के नए मोर्चे खासकर चेन्नई और मध्य तमिलनाडु के इलाके बहुत अहम हैं. पुडुचेरी में शहरी सीटें, करईकल और माहे के छोटे लेकिन जरूरी इलाके देखते रहें.
बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा की आशंका को देखते हुए सबसे ज्यादा यानी 3.5 लाख से ज्यादा सुरक्षा बल तैनात हैं. सभी राज्यों में EVM और VVPAT की गिनती पारदर्शी तरीके से होगी. स्ट्रॉन्ग रूम पर CCTV की निगरानी है. बंगाल की फलता सीट का नतीजा अलग से 24 मई को आएगा क्योंकि वहां 21 मई को दोबारा वोटिंग होगी.
तमिलनाडु में 234 सीटें होने से पहले 4 से 5 घंटे में बड़ी तस्वीर साफ होगी. पुडुचेरी में सिर्फ 30 सीटें हैं इसलिए वहां 2 से 3 घंटे में ही नतीजा आ सकता है. सुबह के शुरुआती रुझान बहुत जरूरी होंगे. अगर DMK पहले घंटे में 60 से ज्यादा सीटों पर आगे हो तो समझें रास्ता साफ है.
सुबह 5 बजे से काउंटिंग की तैयारी शुरू हो जाती है. सबसे पहले स्ट्रॉन्ग रूम खोले जाते हैं, जहां EVM मशीनें रखी होती हैं. यह काम उम्मीदवारों, उनके एजेंट और चुनाव आयोग के ऑब्जर्वर की मौजूदगी में होता है, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे. काउंटिंग सेंटर पर सुरक्षा बहुत सख्त रहती है. यहां तीन लेयर की सिक्योरिटी होती है और बिना अथॉरिटी लेटर के किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं होती. काउंटिंग हॉल के अंदर मोबाइल फोन ले जाना भी मना होता है. इन सभी तैयारियों का मकसद काउंटिंग को सुरक्षित, निष्पक्ष और भरोसेमंद बनाना होता है.
पुडुचेरी की 30 सीटों पर सत्तारूढ़ NDA यानी AINRC और BJP का गठबंधन बनाम कांग्रेस का मुकाबला है. यहां रिकॉर्ड 89.87% वोटिंग हुई जो इतिहास में सबसे ज्यादा है. एग्जिट पोल NDA को साफ बहुमत यानी 16 से ज्यादा सीटें दे रहे हैं. छोटा राज्य होने की वजह से यहां का नतीजा जल्दी आएगा. अगर NDA जीतती है तो दक्षिण भारत में BJP की पकड़ और मजबूत होगी.
केरलम में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन तीसरी बार जीतना चाहते हैं. कांग्रेस की हासिल करने वाला यूडीएफ उन्हें चुनौती दे रहा है. एग्जिट पोल बहुत अलग-अलग हैं. कुछ एलडीएफ को 55 से 64 सीटें दे रहे हैं और कुछ यूडीएफ को बढ़ा दे रहे हैं. शिक्षा और स्वास्थ्य में एलडीएफ का काम अच्छा रहा लेकिन भ्रष्टाचार और बेरोजगारी यूडीएफ का हथियार है. यह केरलम का सबसे करीबी मुकाबला हो सकता है.
तमिलनाडु में तीन बड़ी ताकतें आमने-सामने हैं. सत्तारूढ़ DMK के एम के स्टालिन दूसरी बार जीतना चाहते हैं. AIADMK विपक्ष में है. और सबसे बड़ा चौंकाने वाला पहलू है अभिनेता विजय की नई पार्टी TVK यानी तमिलागा वेट्री कझगम जो पहली बार चुनाव मैदान में है. एग्जिट पोल में DMK को 122 से 145 सीटें मिल रही हैं लेकिन कुछ पोल TVK को 98 से 120 सीटें तक दे रहे हैं. अगर TVK अच्छा करती है तो त्रिशंकु विधानसभा हो सकती है.
असम में BJP के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा जीतते हैं तो यह लगातार तीसरी बार होगा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी. 2021 में बीजेपी ने हिमंता को मुख्यमंत्री बनाया था. कांग्रेस के गौरव गोगोई उन्हें चुनौती दे रहे हैं. एग्जिट पोल में BJP गठबंधन को 82 से 102 सीटों का साफ बढ़त है. घुसपैठ, NRC और परिसीमन बड़े मुद्दे रहे. अगर BJP हैट्रिक लगाती है तो पूर्वोत्तर में उसका दबदबा और बढ़ेगा. अगर कांग्रेस वापसी करती है तो गौरव गोगोई मुख्यमंत्री बन सकते हैं.
पश्चिम बंगाल में TMC की ममता बनर्जी चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की कोशिश में हैं. BJP के सुवेंदु अधिकारी उन्हें चुनौती दे रहे हैं. एग्जिट पोल में कुछ एजेंसियां TMC को 150 से 180 सीटें और कुछ BJP को 140 से 160 से ज्यादा सीटें दे रही हैं. ममता ने 200 से ज्यादा सीटों का दावा किया है. RG Kar मामले, नौकरी और भ्रष्टाचार बड़े मुद्दे रहे. बंगाल का नतीजा आज की सबसे बड़ी खबर होगी.
हर राज्य में सरकार बनाने के लिए अलग-अलग सीटें चाहिए. पश्चिम बंगाल में 148, तमिलनाडु में 118, केरल में 71, असम में 64 और पुडुचेरी में सिर्फ 16. यह संख्याएं याद रखें क्योंकि जैसे-जैसे रुझान आएंगे इन्हीं के आधार पर पता चलेगा कि कोई पार्टी बहुमत की तरफ जा रही है या नहीं.
इस बार सभी राज्यों में वोटिंग के नए रिकॉर्ड बने. पश्चिम बंगाल में 92.93% जो अब तक का सबसे ज्यादा है. पुडुचेरी में 89.87% जो वहां का इतिहास में सबसे ज्यादा है. असम में 85.96%. केरलम और तमिलनाडु में 78 से 80 प्रतिशत के करीब. इतनी ज्यादा वोटिंग बताती है कि लोग इस बार बहुत उत्साहित थे और नतीजे किसी भी तरफ जा सकते हैं.
बंगाल में 77 गिनती केंद्र हैं और तमिलनाडु में भी बड़ी संख्या में. सभी जगह EVM मशीनें सील हैं और CCTV से निगरानी हो रही है. चुनाव आयोग ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली है.
आज देश पांच राज्यों के चुनाव नतीजों का इंतजार कर रहा है. सुबह 8 बजे से गिनती शुरू होगी. पश्चिम बंगाल की 293 सीटें, असम की 126, तमिलनाडु की 234, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटें यानी कुल 824 सीटों के नतीजे आज एक ही दिन में आएंगे. यह दिन 2029 के लोकसभा चुनाव का सबसे बड़ा ट्रेलर माना जा रहा है. शाम तक पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी.