scorecardresearch
 

असम चुनाव से पहले कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी, 23 उम्मीदवारों का ऐलान

असम विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी दूसरी कैंडिडेट लिस्ट जारी की, जिसमें 23 नाम शामिल हैं. अब तक पार्टी ने 65 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं और 15 सीटें सहयोगी दलों के लिए सुरक्षित रखी हैं. कांग्रेस विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व कर रही है, जिसमें CPI(M), असम जातीय परिषद और CPI(ML) लिबरेशन शामिल हैं, जबकि रायजोर दल इस बार गठबंधन में नहीं है.

Advertisement
X
असम में कांग्रेस ने अब तक 65 सीटों पर उम्मीदवार उतारे (Photo: ITG)
असम में कांग्रेस ने अब तक 65 सीटों पर उम्मीदवार उतारे (Photo: ITG)

असम विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने शनिवार को अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में कुल 23 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं, जिसके बाद अब तक कांग्रेस ने 126 सदस्यीय असम विधानसभा की 65 सीटों पर अपने कैंडिडेट उतार दिए हैं. इसके अलावा पार्टी ने अपने सहयोगी दलों के लिए 15 सीटें भी सुरक्षित रखी हैं.

असम में विधानसभा चुनाव अप्रैल महीने में होने की संभावना है. चुनाव आयोग की ओर से अभी तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है. इस बार कांग्रेस विपक्षी दलों के गठबंधन का नेतृत्व कर रही है, जिसमें CPI(M) और असम जातीय परिषद शामिल हैं. इसके साथ ही CPI(ML) लिबरेशन ने भी इस गठबंधन को समर्थन देने का फैसला किया है. हालांकि, पिछले चुनावों में विपक्षी गठबंधन का हिस्सा रहे रायजोर दल इस बार गठबंधन में शामिल नहीं है. रायजोर दल के प्रमुख अखिल गोगोई पिछले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत चुके हैं.

कांग्रेस की यह दूसरी लिस्ट पार्टी महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने जारी की है. इस लिस्ट में तीन मौजूदा विधायकों को फिर से मौका दिया गया है. इनमें वाजेद अली चौधरी को बिरसिंग जरुआ, अबुल कलाम रशीद आलम को गोलपाड़ा ईस्ट और रकीबुद्दीन अहमद को चमरिया सीट से टिकट मिला है. इसके अलावा पूर्व लोकसभा सांसद और दो बार विधायक रहे अब्दुल खालेक को मांडिया से उम्मीदवार बनाया गया है. 

Advertisement

लिस्ट में अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में तिनखोंग से बिपुल गोगोई, रंगापारा से कार्तिक चंद्र कुर्मी, न्यू गुवाहाटी से सन्तानु बोरा, डिमोरिया से किशोर कुमार बरुआ, श्रीजंग्राम से नुरुल इस्लाम और तिनसुकिया से देविद फुकन शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस हार की सेंचुरी मारने वाली है...', असम में बोले PM मोदी, राज्य को दी 47,600 करोड़ की सौगात

कांग्रेस ने बजाली, पलासबाड़ी, गुवाहाटी सेंट्रल, गोरेश्वर, मोरीगांव, बरहामपुर, बिंदाकांदी, बेहाली, डिब्रूगढ़ और दीफू जैसी कई महत्वपूर्ण सीटें अपने सहयोगियों के लिए छोड़ रखी हैं. 2023 में हुए परिसीमन के बाद यह पहला चुनाव है, जिसमें विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव आया है, जबकि विधानसभा की कुल सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है.

पहली लिस्ट 3 मार्च को जारी की गई थी, जिसमें राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई को जोरहाट सीट से उम्मीदवार बनाया गया था. विपक्ष के प्रमुख नेता देबब्रत सैकिया नाजिरा से चुनाव लड़ेंगे, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा को बरचल्ला सीट से टिकट मिला है.

असम में कांग्रेस 2016 से सत्ता से बाहर है, और बीजेपी की नेतृत्व वाली सरकार राज्य की सत्ता में है. बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर चुनाव लड़ रही है. ऐसे में इस चुनाव में कांग्रेस और उसके गठबंधन का प्रदर्शन बेहद अहम माना जा रहा है.

Advertisement

इनपुट: पीटीआई

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement