scorecardresearch
 

UPSC क्रैक करने का जुनून, फिर अचानक मोहभंग... जगमोहन मीना से पहले भी ये IPS छोड़ चुके हैं सिव‍िल सर्व‍िस

कल जो लोग देश के सबसे मुश्किल एग्जाम UPSC को पास करने के लिए दिन-रात एक कर चुके हैं. कड़ी ट्रेनिंग, तमाम इंटरव्यू, रसूख ऐसा कि आगे-पीछे सुरक्षा गाड़ियां चलती हैं. ये रुतबे वाले अफसर आज अचानक अपनी 'पावरफुल' नौकरी को एक झटके में अलविदा कह रहे हैं.  भुवनेश्वर के डीसीपी और 2013 बैच के तेजतर्रार आईपीएस (IPS) जगमोहन मीना का कल आया इस्तीफा इस कड़ी में कोई पहला मामला नहीं है. 

Advertisement
X
Jagmohan Meena, Siddharth Kaushal, Kamya Mishra and Rachita Juyal (LtoR)
Jagmohan Meena, Siddharth Kaushal, Kamya Mishra and Rachita Juyal (LtoR)

पिछले कुछ वर्षों में देश के कई युवा, काबिल और उच्च शिक्षित आईएएस-आईपीएस अधिकारियों द्वारा समय से पहले वीआरएस (VRS) लेने या सीधे इस्तीफा देने का एक नया और चौंकाने वाला ट्रेंड तेजी से बढ़ा है. यह बदलाव सिर्फ एक या दो अधिकारियों की व्यक्तिगत पसंद का नहीं है, बल्कि यह भारतीय ब्यूरोक्रेसी के भीतर पनप रहे एक गहरे 'मोहभंग' और देश के बदलते वर्क-कल्चर की तरफ इशारा करता है. आइए समझते हैं कि आखिर क्यों सिविल सर्विसेज के सबसे चमकीले सितारे इस सिस्टम से बाहर निकल रहे हैं.

काम्या म‍िश्रा से र‍च‍िता जुयाल तक की लंबी फेहरिस्त
IPS जगमोहन मीना, जिन्होंने IIT कानपुर जैसी प्रतिष्ठित जगह से पढ़ाई करने के बाद पुलिसिंग में अपनी धाक जमाई, उनका इस्तीफा कई मायनों में हाल के अन्य बड़े एग्ज‍िट्स से मेल खाता है. 

IPS काम्या मिश्रा (बिहार कैडर): अपनी तेजतर्रार छवि के लिए जानी जाने वाली युवा आईपीएस काम्या मिश्रा ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर अचानक इस्तीफा दे दिया था.

आईपीएस रचिता जुयाल (उत्तराखंड कैडर): सोशल मीडिया से लेकर पुलिसिंग तक में एक्टिव रहीं रचिता जुयाल ने भी सिविल सर्विसेज को बीच में ही अलविदा कह दिया.

आईपीएस सिद्धार्थ कौशल (आंध्र प्रदेश कैडर): एक और ऐसा नाम जिन्होंने अपनी शानदार सर्विस के बीच में ही वीआरएस का रास्ता चुना.

इन सभी इस्तीफों में एक बात कॉमन है, ये सभी अफसर अपने करियर के उस पड़ाव पर थे जहां उनके पास कम से कम 15-20 साल की लंबी सर्विस और बड़े प्रमोशन बचे हुए थे. फिर भी उन्होंने अचानक सब छोड़ दिया. 

Advertisement

व्यक्तिगत कारणों का हवाला और करियर में बदलाव
इन सभी अधिकारियों ने अपने इस्तीफे के पीछे किसी भी तरह के बाहरी या व्यवस्थागत दबाव से साफ इनकार किया है और इसे अपनी लाइफ का एक व्यक्तिगत निर्णय बताया है. 

आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र और शौर्य पदक से सम्मानित जगमोहन मीना ने 13 साल की सेवा के बाद इस्तीफा दिया. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह फैसला लंबी रणनीतिक सोच के बाद लिया गया है. इसी तरह अपनी तेजतर्रार और ईमानदार छवि के लिए मशहूर काम्या मिश्रा ने भी जब साल 2024 में इस्तीफा दिया, तो उन्होंने इसे पूरी तरह अपना व्यक्तिगत फैसला बताया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने स्पष्ट किया था कि वे अपने परिवार और बिजनेस को समय देना चाहती हैं और पुलिसिंग के बाद अब जीवन के दूसरे पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहती हैं.

आईपीएस रचिता जुयाल (उत्तराखंड कैडर) और सिद्धार्थ कौशल (आंध्र प्रदेश कैडर) का करियर भी बेदाग और बेहद शानदार रहा. इन्होंने भी अपने-अपने स्तर पर सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) या इस्तीफा देने का कदम विशुद्ध रूप से पारिवारिक प्राथमिकताओं और व्यक्तिगत वजहों से ही उठाया.

क्या नई प्राथमिकताओं की तरफ बढ़ रहा है झुकाव?
करियर एक्सपर्ट्स का मानना है कि आज की नई पीढ़ी के ब्यूरोक्रैट्स, विशेषकर जो आईआईटी, आईआईएम या देश के शीर्ष संस्थानों से पढ़कर आते हैं, उनका नजरिया करियर को लेकर बहुत गतिशील है. आज के युवा अफसरों के लिए जीवन का मतलब सिर्फ एक नौकरी तक सीमित रहना नहीं है. 10 से 15 साल देश की सेवा करने और ग्राउंड एडमिनिस्ट्रेशन का कड़ा अनुभव हासिल करने के बाद, ये अफसर खुद को कॉर्पोरेट लीडरशिप, ग्लोबल कंसल्टेंसी या एंटरप्रेन्योरशिप के लिए भी तैयार पाते हैं.

Advertisement

ये 24x7 की थका देने वाली पुलिसिंग या प्रशासनिक ड्यूटी के बाद, एक उम्र पर आकर अधिकारी अपने परिवार, बच्चों की शिक्षा और वर्क-लाइफ बैलेंस को प्राथमिकता देने लगते हैं, जिसे हर नागरिक की तरह उनका भी अधिकार माना जाना चाहिए.

इन इस्तीफों से हालांकि तमाम सवाल उठते हैं. यूपीएससी पास करके देश के नीति-निर्माण का हिस्सा बनना बेशक गौरव की बात है, लेकिन यदि कोई अधिकारी देश की सेवा करने के बाद अपनी व्यक्तिगत प्राथमिकताओं या करियर के नए क्षितिजों को तलाशने के लिए इस्तीफा देता है, तो उसे एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जाना चाहिए. जगमोहन मीना या काम्या मिश्रा जैसे अफसरों की कहानियां यह सिखाती हैं कि सफलता की कोई एक निश्चित सीमा नहीं होती, और इंसान अपने हुनर के दम पर किसी भी मोड़ से अपनी नई और कामयाब शुरुआत कर सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement