दिल्ली पुलिस को उनका नया मुखिया मिल चुका है. केंद्र सरकार ने वरिष्ठ IPS अधिकारी अनुराग कुमार को नई जिम्मेदारी देते हुए उन्हें पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है. वह इसके पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर काम कर रहे थे. अनुराग कुमार 1994 बैच के AGMUT कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और अब वे सतीश गोलचा की जगह दिल्ली पुलिस की कमान संभालेंगे.
कौन हैं अनुराग कुमार?
बता दें कि अनुराग कुमार 1994 बैच के के एजीएमयूटी (AGMUT) कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. वह करीब तीन दशक से अधिक समय से पुलिस सेवा में हैं और अपने करियर के दौरान कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. हाल में उन्हें दो बार प्रमोशन मिला है. इतना ही नहीं उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी की है.
पुलिस के कमान से पहले थी ये जिम्मेदारी
दिल्ली पुलिस की कमान संभालने से पहले अनुराग कुमार इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे. इस दौरान उन्होंने आंतरिक सुरक्षा, ऑपरेशन्स और उच्च स्तरीय सुरक्षा मामलों में अहम भूमिका निभाई है.
मिल चुके हैं कई बड़े सम्मान
बता दें कि उन्हें अपने अच्छे कामों के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कार भी मिल चुके हैं. साल 2010 में पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया गया था. इसके बाद साल 2016 में उन्हें प्रेसिडेंट्स पुलिस मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस भी मिला. ये सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन और पुलिस सेवा में शानदार योगदान का प्रमाण माने जाते हैं.
सतीश गोलचा की लेंगे जगह
अनुराग कुमार दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा की जगह लेंगे. सतीश को अगस्त 2025 में दिल्ली पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी मिली थी और वह सेवानिवृत्ति अप्रैल 2027 में होनी थी हालांकि सरकार ने तय समय से पहले ही नेतृत्व परिवर्तन का फैसला लिया है.