नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि नीट यूजी के योग्य उम्मीदवारों के लिए रिफंड की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जिन उम्मीदवारों ने पोर्टल पर सही बैंक अकाउंट डिटेल भरी है, उनके बैंक खातों में रिफंड की राशि भेजी जा रही है. लेकिन वहीं, जिन छात्रों की बैंक डिटेल में गड़बड़ी है या जानकारी अधूरी है, वह 7 जुलाई, रात 11:50 बजे तक सुधार कर सकते हैं. तय समय के बाद बैंक डिटेल्स में अपडेट करने की सुविधा नहीं दी जाएगी. इसके बाद करेक्शन विंडो बंद कर दी जाएगी. किसी भी तरह का ऑफलाइन या अतिरिक्त सुधार स्वीकार नहीं किया जाएगा.
अब तक अपडेट कर चुके हैं इतने उम्मीदवार
एजेंसी की ओर से शेयर किए गए आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 8,29,510 अभ्यर्थियों ने अपनी बैंक डिटेल्स को चेक या अपडेट किया है. हालांकि, अभी भी बड़ी संख्या में उम्मीदवार ऐसे हैं जिन्होंने अपनी डिटेल की जांच नहीं की है. अगर बैंक अकाउंट नंबर, खाताधारक का नाम या IFSC कोड में कोई गलती रहती है, तो रिफंड मिलने में परेशानी हो सकती है.
कैसे अपडेट कर सकते हैं डिटेल?
बता दें कि जिन छात्रों को बैंक डिटेल अपडेट करने में दिक्कत का सामना करना पड़ा रहा है उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है. सबसे पहले एनटीए के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं. वहां, अपडेट बैंक डिटेल फॉर रिफंड’ लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें. अब अपना बैंक अकाउंट नंबर, खाताधारक का नाम और सही IFSC कोड दर्ज करें. भरे गए सारी डिटेल को सही से चेक करें, सबमिट कर दें.
कल तक ही कर पाएंगे सुधार
बता दें कि उम्मीदवारों के पास कल यानी 7 जुलाई, रात 11.50 बजे तक का समय है. ऐसे में उन्हें सलाह दी जाती है कि समय रहते वह अपने बैंक डिटेल को अपडेट कर दें.