सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने कक्षा 10वीं के सेकेंड बोर्ड रिजल्ट का ऐलान कर दिया है. परीक्षा में करीब 6,63,777 छात्रों ने हिस्सा लिया था जिसमें से 5,13,955 छात्र ने अपने मार्क्स इंप्रूव करने के लिए परीक्षा दिया और 3,08,095 (59.95 फीसदी) छात्र ने परीक्षा में सफलता हासिल की है. 10वीं का ओवरऑल पासिंग प्रतिशत 93.70 से बढ़कर 96.78 प्रतिशत हो गया है. बता दे कि छात्र लंबे समय से परीक्षा के परिणामों का इंतजार कर रहे थे ताकि वह आगे 11वीं में एडमिशन ले सकें. हालांकि, बोर्ड ने करीब 50 दिन से ज्यादा दिन के बाद रिजल्ट का ऐलान किया है.
6 लाख से अधिक छात्रों ने दी परीक्षा
बता दें कि इस साल फरवरी-मार्च 2026 में आयोजित हुई बोर्ड की मेन परीक्षा में 24.7 लाख छात्र शामिल हुए थे जिसमें से 93.70 प्रतिशत छात्र पास हुए थे. हालांकि, कई छात्र अपने नंबरों से खुश नहीं थे. इसके बाद बोर्ड ने सेकेंड परीक्षा के लिए 6,64,027 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन उनमें से 6,63,777 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जो 24.7 लाख से ज्यादा छात्रों का 26.85% था.
कम्पार्टमेंट वाले छात्र भी हुए पास
इसके साथ ही कम्पार्टमेंट कैटेगरी में भी 1,49,822 छात्रों ने परीक्षा दी थी जिसमें से 78,503 यानी 52.40 छात्रों ने पेपर पास कर ली है. लेकिन वहीं अगर इसकी तुलना पिछले साल से की जाए तो, साल 2025 में इसका पासिंग प्रतिशत 48.68 था वहीं, इस साल कम्पार्टमेंट में पास होने वाले छात्रों की संख्या 52.40 फीसदी है.
क्या है ओवरऑल पासिंग परसेंटेज?
इसके साथ ही 10वीं बोर्ड के ओवरऑल पासिंग परसेंटेज की बात करें तो, साल 2025 में यह 93.66% था. जबकि इस साल मेन परीक्षा में 93.70% छात्र सफल हुए. हालांकि, छात्रों को दोबारा मौका देने के लिए बोर्ड ने सेकेंड बोर्ड परीक्षा का आयोजन किया था जिसमें 96.78% छात्र पास हुए हैं.