scorecardresearch
 

AKTU में कंप्यूटर साइंस का पेपर लीक, रद्द हुई परीक्षा, अब दोबारा इस दिन होगा एग्जाम

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (AKTU) ने B.Tech कंप्यूटर साइंस के छठे सेमेस्टर के कंप्यूटर नेटवर्क पेपर लीक होने के बाद रद्द कर दी गई है. 21 मई को आयोजित परीक्षा के दौरान नोएडा और गाजियाबाद के परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के पास से ऐसी पर्चियां बरामद हुईं, जिनमें वही सवाल और जवाब लिखे थे जो परीक्षा में पूछे गए थे

Advertisement
X
AKTU Exam Paper Leak
AKTU Exam Paper Leak

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल विश्वविद्यालय की बीटेक छठे सेमेस्टर की कंप्यूटर नेटवर्क परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है. 21 मई को आयोजित परीक्षा के दौरान नोएडा और गाजियाबाद के परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के पास से ऐसी पर्चियां बरामद हुईं, जिनमें वही सवाल और जवाब लिखे थे जो परीक्षा में पूछे गए थे. इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई. 

जानकारी के मुताबिक, परीक्षा दोपहर 2 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन प्रश्नपत्र 1 बजकर 28 मिनट पर ही कॉलेजों के पोर्टल पर दिखाई देने लगा. आरोप है कि महज एक मिनट बाद यानी 1:29 बजे इसे डाउनलोड कर सोशल मीडिया और छात्रों के बीच वायरल कर दिया गया. वायरल प्रश्नपत्र पर संबंधित कॉलेज का वॉटरमार्क भी मिला है, जिससे पेपर लीक की आशंका और गहरा गई है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले में नोएडा साइबर सेल में शिकायत भी दर्ज कराई है. 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पेपर 

21 मई को AKTU की ओर से प्रदेश के 131 परीक्षा केंद्रों पर बीटेक कंप्यूटर साइंस छठे सेमेस्टर की परीक्षाओं का आयोजन किया गया था. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे की शिफ्ट में होने वाली थी लेकिन उसके पहले ही पेपर लीक हो गया. 

Advertisement

12 घंटे पहले भेजे जाते हैं पेपर 

AKTU प्रशासन के अनुसार प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से करीब 12 घंटे पहले ERP पोर्टल के जरिए कॉलेजों को भेजे जाते हैं. परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों को आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया जाता है, जिससे तय समय पर प्रश्नपत्र डाउनलोड किया जा सके. अब आशंका जताई जा रही है कि किसी कॉलेज की आईडी का गलत इस्तेमाल कर पेपर को समय से पहले डाउनलोड और प्रसारित किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है. 

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने कहा हो रही है जांच

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो.दीपक नटरिया ने बताया कि जांच समिति पूरे मामले की जांच कर रही है और छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित फैसला लिया जाएगा. समिति में IET लखनऊ के निदेशक प्रो.वीरेन्द्र पाठक, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बिजनौर के निदेशक प्रो. नीलेंद्र और नेताजी सुभाषचंद्र बोस तकनीकी विश्वविद्यालय दिल्ली के वरिष्ठ प्रोफेसर विजयंता अग्रवाल शामिल हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद AKTU प्रशासन ने बीटेक तीसरे वर्ष छठे सेमेस्टर की कंप्यूटर नेटवर्क परीक्षा रद्द कर दी है. अब यह परीक्षा 5 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement