विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस हर साल पूरी दुनिया में 6 अक्टूबर को मनाया जाता है, जो नॉर्मल व्यक्तियों के समान अधिकारों और अवसरों के लिए कुछ संगठनों की ओर से चलाए गए आंदोलन का हिस्सा है. बता दें कि पूरी दुनिया में सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित लगभग 17 मिलियन लोग हैं और इससे दुनिया भर में ज्यादातर बच्चे ही प्रभावित हैं. इन बच्चों को जीवन भर इसके साथ रहना पड़ता है क्योंकि इस बीमारी का कोई इलाज नहीं है.
क्यों मनाते हैं ये दिन
सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित लोगों के लिए सामान्य जीवन के मुद्दों को उठाने के लिए विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस मनाया जाता है. इस खास दिन के इतिहास की बात करें तो सेरेब्रल पाल्सी दिवस मनाने का दिन 'चेंज माई वर्ल्ड इन वन मिनट' नामक एक छोटे से अभियान के साथ शुरू हुआ, जिसे ऑस्ट्रेलिया में सेरेब्रल पाल्सी एलायंस संगठन की ओर से शुरू किया गया था.
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन तकनीकों और उत्पादों के बारे में विचार एकत्र करना था जो मस्तिष्क पक्षाघात से पीड़ित रोगियों के जीवन को बदल सकते हैं या कम से कम उनके जीवन को आसान बना सकते हैं. सेरेब्रल पाल्सी सर्वाइवर्स के आसान जीवन के लिए अनुसंधान, अध्ययन और नवाचारों में अपना समर्थन दिखाने के लिए आंदोलन में अधिक से अधिक संगठनों ने हाथ मिलाया था.
इन वजहों से होती है ये स्थिति
सेरेब्रल पाल्सी एक ऐसी स्थिति है जिसमें बच्चों को उठने-बैठने से लेकर बातचीत और रोजमर्रा के तमाम काम करने में समस्याएं आ सकती हैं. विशेषज्ञों के अनुसार यह ब्रेन में डैमेज की वजह से होता है. ये दुनिया भर में बच्चों में विकलांगता का सबसे आम कारण माना जाता है.
ऐसी स्थिति गर्भावस्था या बच्चे के जन्म के दौरान या जन्म के बाद बच्चों के मस्तिष्क में होने वाले डैमेज के कारण बन जाती है. गर्भावस्था के दौरान किसी तरह का इंफेक्शन, खराब मेटर्नल न्यूट्रिशन, मेटर्नल हाइपरटेंशन, अनियंत्रित मधुमेह, थायराइड, धूम्रपान, शराब, जेनेटिक डिसऑर्डर आदि गर्भावस्था के दौरान ब्रेन डैमेज का कारण बनते हैं. इसके अलावा भी कई कारणों से ये स्थिति हो सकती है.
बच्चों का ऐसे रखें ध्यान
खुद को मानसिक रूप से तैयार करें
सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित बच्चे का पेरेंट्स होना एक बड़ी चुनौती होता है. सबसे पहले तो पेरेंट्स इस बात को स्वीकार नहीं कर पाते कि उनके बच्चे को कोई ऐसी प्रॉब्लम है जिसे वो पूरी तरह ठीक नहीं करा सकते. ऐसे में उन्हें सबसे पहले पेरेंट्स को ये स्वीकार करना चाहिए कि ये अन्य शारीरिक असामान्यताओं के विपरीत जीवन भर रहने वाली स्थिति है. आप बच्चों की स्थिति को स्वीकार करें और उन्हें कभी कमतर अहसास न कराएं. इसके लिए आपको मानसिक रूप से बहुत मजबूत बनना होगा.
उन्हें एक्टिविटी सिखाएं
सेरेब्रल पाल्सी वाले बच्चों को ट्रेनिंग के जरिये काफी हद तक सामान्य जिंदगी का अहसास कराया जा सकता है. वो खुद की मानसिक स्थिति में असमानता का अनुभव न करें इसके लिए आपको देखभाल के दौरान मोटार क्षमता में सुधार करने पर ध्यान देना चाहिए. ज्यादातर मामलों में बच्चे या तो व्हीलचेयर पर होते हैं या कहीं ले जाने के लिए उनके माता-पिता उनकी मदद करते है. ऐसे में बच्चे को अपने हाथ और पैर की गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए एक्सरसाइज कराएं. फिजियोथेरेपिस्ट की मदद से आप उन्हें फिजिकली एक्टिव रख सकते हैं.
ब्रेन गेम सिखाएं
बच्चों को ब्रेन गेम जैसे पजल, सुडोकू या शब्द पहेली जैसे गेम से ट्रेंड करें. अपने बच्चे को अधिक से अधिक खेलों में शामिल करने का प्रयास करें. इससे उनकी मानसिक गतिविधियां बढ़ेंगी. आप उन्हें गेंदों से खेलने के लिए भी कह सकते हैं या धीरे-धीरे उन्हें चलने और दौड़ने में भी मदद कर सकते है. अंत में आपको ये पता होना चाहिए कि सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित बच्चे को पूरे परिवार के साथ और सपोर्ट की जरूरत होती है. आप लोग एकजुट होकर उनका सपोर्ट करें.