scorecardresearch
 

IIIT जबलपुर से बीटेक, गूगल में इंटर्नशिप फिर नौकरी, युवाओं को दी ये सलाह

इंजीनियर समृद्धि शर्मा ने गूगल में काम के कल्चर को लेकर एक वीडियो शेयर किया है. उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए युवा ग्रेजुएट्स को सलाह दी है कि वे करियर की बहुत ज्यादा प्लानिंग करने के बजाय अपने सामने आने वाले मौकों का फायदा उठाएं. आईआईटीडीएम जबलपुर से गूगल और इंट्यूट में अलग-अलग पदों तक का उनका सफर बताता है कि लगातार सीखते रहना करियर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है. 

Advertisement
X
गूगल कर्मचारी ने शेयर किया अपना अनुभव. (Image: LinkedIn/@Samriddhi Sharma)
गूगल कर्मचारी ने शेयर किया अपना अनुभव. (Image: LinkedIn/@Samriddhi Sharma)

कॉलेज के हैकथॉन में हिस्सा लेने से लेकर गूगल में दो इंटर्नशिप करने और फिर फुलटाइम इंजीनियर बनने तक, समृद्धि शर्मा का सफर बताता है कि काम का व्यावहारिक अनुभव करियर बनाने में कितनी मदद कर सकता है. उन्होंने IIITDM जबलपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. जुलाई 2026 में वह गूगल में फुलटाइम सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम कर रही हैं. इससे पहले वह गूगल और इंटुइट में काम करने का अनुभव हासिल कर चुकी थीं. 

हाल ही में गूगल के लाइफ एट गूगल अकाउंट पर उनकी यात्रा को दिखाया गया था. अपने अनुभव पर विचार करते हुए शर्मा ने युवाओं को सलाह दी है और साथ ही उन्होंने कहा कि काश मैंने अपने पूरे करियर की योजना पहले से बनाने की बजाय मौके पर फोकस किया होता. 

कैसे तय किया गूगल का सफर? 

IIITDM जबलपुर में पढ़ाई के दौरान समृद्धि शर्मा ने तकनीकी प्रोजेक्ट, कोडिंग प्रतियोगिताओं और हैकाथॉन जैसे एक्टिविटी में हिस्सा लेकर अपनी प्रोग्रामिंग और समस्याएं हल करने की क्षमता को बेहतर बनाया. गूगल में उनका सफर 2024 में शुरू हुआ, जब उन्होंने कंपनी के स्टूडेंट ट्रेनिंग इन इंजीनियरिंग प्रोग्राम (STEP) इंटर्नशिप के साथ शुरुआत की. इसके बाद साल 2025 में वह दोबारा गूगल से जुड़ीं और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग इंटर्न के तौर पर काम किया. इस दौरान उन्होंने डेटा पाइपलाइन तैयार करने, सिस्टम की निगरानी और उसकी परफॉर्मेंस बेहतर करने जैसे काम सीखे.

Advertisement

गूगल की इन दोनों इंटर्नशिप के बीच शर्मा ने दूसरी कंपनी में भी काम करने का अनुभव हासिल किया. जनवरी 2026 में उन्होंने इंटुइट में को-ऑप सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग इंटर्न के रूप में काम शुरू किया. यहां उन्होंने बैकएंड इंफ्रास्ट्रक्चर और डिस्ट्रीब्यूटेड सिस्टम से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम किया. इसके बाद जुलाई 2026 में वह फुलटाइम सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में गूगल में शामिल हो गईं. 

गूगल और इंटुइट में किन प्रोजेक्ट्स पर किया काम?

साल 2024 में गूगल की STEP इंटर्नशिप के दौरान शर्मा ने गूगल वर्कस्पेस टीम के साथ एक प्रोजेक्ट पर काम किया. यह प्रोजेक्ट पहले से इस्तेमाल हो रहे पब्लिश-सब्सक्राइब मॉडल से जुड़ा हुआ  था. इसमें एक नया सब्सक्राइबर तैयार करना और संवेदनशील गतिविधियों के दौरान महत्वपूर्ण ग्राहकों को सुरक्षित रखने के लिए डिजाइन पैटर्न लागू करना शामिल था.

2025 की इंटर्नशिप में उन्होंने सिस्टम लॉग से जरूरी जानकारी निकालने के लिए ऑटोमेटेड डेटा पाइपलाइन और रियल-टाइम डैशबोर्ड बनाया. इनकी मदद से टीम सिस्टम की परफॉर्मेंस से जुड़ी समस्याओं को पहचान सकती थी, काम करने की क्षमता सुधार सकती थी और तकनीकी गड़बड़ियों को सही करने में जो समय लगना था उसे कम समय में कर सकती थी.

उन्होंने डेटा रीडिंग में देरी से जुड़ी समस्याओं की भी पहचान की. इन समस्याओं के कारण टेंसर प्रोसेसिंग यूनिट (TPU) कई बार इस्तेमाल किए बिना खाली पड़ी रहती थीं. शर्मा ने संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल करने के तरीकों पर भी काम किया.  

Advertisement

इसके अलावा, उन्होंने अलग-अलग टीमों के साथ तकनीकी चर्चाएं कीं ताकि काम करने के बेहतर तरीके शेयर किए जा सकें और नए इंजीनियरिंग समाधानों को अपनाने में मदद मिले. इंटुइट में शर्मा ने डिस्ट्रीब्यूटेड कैश प्लेटफॉर्म के बैकएंड इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम किया.

उनकी जिम्मेदारियों में जरूरत के हिसाब से सिस्टम की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रेडिक्टिव ऑटोस्केलिंग, डाउनटाइम कम करने के लिए कॉन्फिगरेशन मैनेजमेंट, GitOps आधारित कॉन्फिगरेशन डिलीवरी और AI की मदद से डेवलपर के काम को ऑटोमेट करने से जुड़े काम शामिल थे. इन प्रोजेक्ट्स से उन्हें बड़े सॉफ्टवेयर सिस्टम को भरोसेमंद बनाए रखने, संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने और बड़े स्तर पर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट को सपोर्ट करने का अनुभव मिला. 

कॉलेज में हैकाथॉन और कोडिंग प्रतियोगिताओं में भी लिया हिस्सा

शर्मा ने कॉलेज में सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान नहीं दिया, बल्कि तकनीकी गतिविधियों में भी हिस्सा लिया. वह IIITDM जबलपुर के प्रोग्रामिंग क्लब BitByte की प्रमुख सदस्य रहीं. यहां उन्होंने कोडिंग प्रतियोगिताएं आयोजित करने, शुरुआती छात्रों के लिए वर्कशॉप कराने और दूसरे विद्यार्थियों को प्रोग्रामिंग सीखने के लिए प्रोत्साहित करने में योगदान दिया. उन्होंने Major League Hacking के हैकसीबीएस 7.0 में जीत हासिल की.

इस प्रतियोगिता में उन्होंने एक ऐसा पीयर-टू-पीयर रिसोर्स-शेयरिंग प्लेटफॉर्म बनाने पर काम किया, जिसे बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जा सके. वह Google Girl Hackathon की फाइनलिस्ट भी रहीं. इसके अलावा, उन्हें Google Women Techmakers Engineering Fellowship भी मिली है. उनकी तकनीकी जानकारी में Python, C, Java, JavaScript, React और MERN Stack शामिल हैं. सिस्टम डिजाइन, डिस्ट्रीब्यूटेड कंप्यूटिंग और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करना भी उनकी रुचि के क्षेत्र हैं. 

Advertisement

करियर की पूरी योजना पहले से बनाना जरूरी नहीं

पोस्ट किए गए वीडियो में उन्होंने अपने अनुभव से सीख शेयर करते हुए उन युवाओं को सलाह दी, जो करियर को लेकर शुरुआत से ही हर कदम तय कर लेना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि आपको अपने पूरे करियर की योजना पहले से बनाने की जरूरत नहीं है. एक-एक कदम आगे बढ़ाएं, आप जहां हैं उसका भरपूर फायदा उठाएं और भरोसा रखें कि आपके अनुभव आपको आगे बढ़ने में मदद करेंगे. उनकी बात का मतलब है कि करियर की शुरुआत में ही भविष्य के हर कदम का फैसला करना जरूरी नहीं है. कई बार काम करते हुए मिलने वाले अनुभव और नए अवसर आगे की दिशा तय करने में मदद करते हैं. 

युवा ग्रेजुएट्स के लिए क्या है सीख?

समृद्धि शर्मा का सफर बताता है कि कॉलेज की पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव हासिल करना भी जरूरी है. कोडिंग प्रतियोगिताओं, हैकाथॉन, इंटर्नशिप और तकनीकी प्रोजेक्ट के जरिए छात्र अपने कौशल को बेहतर बना सकते हैं. इससे उन्हें इंडस्ट्री में काम करने के तरीके और कंपनियों की जरूरतों को समझने का मौका मिलता है. किसी प्रोजेक्ट में तकनीकी समस्या हल करना, टीम के साथ काम करना या बड़े सिस्टम की कार्यप्रणाली समझना, ये सभी अनुभव आगे करियर में काम आ सकते हैं. नौकरी के बदलते बाजार में अपना रास्ता तलाश रहे युवाओं के लिए शर्मा का संदेश है कि अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाएं, सामने आए अवसरों का पूरा फायदा उठाएं और हर अनुभव से सीखें. करियर में आगे बढ़ने के लिए हर कदम की योजना पहले से तैयार होना जरूरी नहीं, बल्कि सीखते रहना और अवसरों के अनुसार आगे बढ़ना भी अहम है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement