करियर में आगे बढ़ना है, तो नौकरी बदल दो, सैलरी अच्छी नहीं है तो जॉब चेंज कर दो. लेकिन जीनियस एचआरटेक लिमिटेड की सितंबर 2026 की रिपोर्ट में नए खुलासे हुए हैं. नौकरी छोड़ने का मकसद केवल कम सैलरी नहीं बल्कि ऑफिस का माहौल, बॉस का व्यवहार और काम करने का तरीका भी एक अहम वजह हो सकता है. जीनियस एचआरटेक लिमिटेड की रिपोर्ट के मुताबिक, 47 प्रतिशत कर्मचारी ने खराब मैनेजमेंट और ऑफिस के माहौल की वजह से नौकरी बदलने का फैसला किया. लेकिन 30 प्रतिशत कर्मचारी ने कम सैलरी की वजह से जॉब बदलने का फैसला किया है.
क्यों बार-बार नौकरी छोड़ने के बारे में सोच रहे कर्मचारी?
47 प्रतिशत कर्मचारी- ऑफिस में खराब माहौल और मैनेजमेंट में दिक्कत
30 प्रतिशत कर्मचारी- बाजार में मिलने वाली सैलरी के मुकाबले कम पैसे मिल रहे.
39 प्रतिशत कर्मचारी- बेहतर मैनेजमेंट, अच्छा वर्कप्लेस और काम में मिलने वाले लचीलापन वहां पर रोक सकता है.
कितने लोगों के बीच हुआ सर्वे?
बता दें कि जीनियस एचआरटेक लिमिटेड ने इस सर्वे में अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले 1,255 कर्मचारियों की राय ली गई. यह सर्वे 1 से 30 सितंबर 2026 के बीच किया था. इसमें आईटी, टेलीकॉम, मैन्युफैक्चरिंग, रिटेल, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, एफएमसीजी और इंजीनियरिंग सेक्टर के कर्मचारी शामिल थे.
सैलरी के साथ माहौल भी हो अच्छा
सर्वे के मुताबिक, कर्मचारियों को नौकरी में बनाए रखने के लिए केवल सैलरी जरूरी नहीं है बल्कि ऑफिस में उनके साथ कैसा व्यवहार होता है, मैनेजमेंट उनकी कितनी मदद करता है और काम के समय में कितनी छूट मिलती है, ये बातें भी मायने रखती हैं. अगर कर्मचारियों को अपनी बात रखने का मौका मिले और कार्यस्थल का माहौल बेहतर हो, तो वे नौकरी छोड़ने के बजाय उसी कंपनी में काम जारी रखने के लिए तैयार हो सकते हैं.