कई कॉलेजों में या तो प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन होने वाला है या हो चुका है. लेकिन इस साल एक बीटेक के छात्र को 1.22 करोड़ रुपये सैलरी का पैकेज का ऑफर मिला है. लेकिन खास बात ये है कि ये छात्र न तो किसी IIT से है और न ही NIT से है. छात्र IIIT दिल्ली का छात्र है. यहां पर वह बीटेक की पढ़ाई कर रहा है और अब उसे जल्द ही नौकरी मिलने वाली है. संस्थान के जारी हुए आंकड़ों के मुताबिक, 98.26 प्रतिशत बीटेक छात्रों को प्लेसमेंट मिला है.
1.23 करोड़ का पैकेज
बीटेक करने वाले छात्रों के लिए आईआईटी और एनआईटी ही करियर के इकलौते विकल्प नहीं हैं. दिल्ली का इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT-Delhi) भी प्लेसमेंट को लेकर अपनी पहचान बना रही है. संस्थान की ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, बीटेक में सबसे ज्यादा सालाना सीटीसी 122.76 लाख रुपये यानी करीब 1.23 करोड़ रुपये रही. वहीं, एमटेक में सबसे ज्यादा पैकेज 38.48 लाख रुपये सालाना दर्ज किया गया.
https://iiitd.ac.in/placement/stats
कैसा रहा इंटरनेशनल प्लेसमेंट का हाल?
IIIT दिल्ली के छात्रों को भारत के साथ-साथ विदेशी कंपनियों से भी नौकरी के ऑफर मिले हैं. इंटरनेशनल प्लेसमेंट में सबसे ज्यादा पैकेज 48.65 लाख रुपये सालाना रहा. बीटेक छात्रों को कुल 372 A+ ऑफर मिले. इन ऑफर का सीटीसी 12.50 लाख रुपये था. इसके अलावा 222 A ऑफर मिले, जिनका सीटीसी 7 लाख रुपये से ज्यादा और 12 लाख रुपये से कम था. वहीं, 88 B ऑफर ऐसे रहे, जिनका सीटीसी 7 लाख रुपये से कम था. इनमें से 60 ऑफर बाद में अपग्रेड होकर A या A+ कैटेगरी में पहुंच गए. कुल मिलाकर बीटेक छात्रों को 679 भारतीय और 2 विदेशी ऑफर मिले. बीटेक छात्रों का औसत सालाना पैकेज 20.77 लाख रुपये रहा. वहीं, एमटेक छात्रों के लिए यह आंकड़ा 17.05 लाख रुपये सालाना रहा.
क्या कहते हैं आंकड़े?
IIIT दिल्ली के 2026 प्लेसमेंट सीजन में छात्रों को नौकरी और इंटर्नशिप के कुल 868 ऑफर मिले हैं. इनमें 682 ऑफर फुल-टाइम नौकरियों के लिए हैं, तो बचे 186 ऑफर समर इंटर्नशिप के लिए रहे. सैलरी की बात करें तो बीटेक छात्रों ने औसतन 20.77 लाख रुपये सालाना का पैकेज हासिल किया. संस्थान के सभी छात्रों को मिलाकर औसत सालाना पैकेज 19.59 लाख रुपये रहा है.