राजस्थान के बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी एक बार फिर देश भर में सुर्खियों में हैं. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) आरक्षण नियमों में सरलीकरण की मांग को लेकर वे जन जागृति और 'सरलीकरण यात्रा' निकाल रहे हैं. जोधपुर में अपार जनसमर्थन मिलने के बाद जब यह यात्रा बीकानेर पहुंची, तो वहां उनका बेहद अनोखे और अचरज भरे अंदाज में स्वागत किया गया.
बीकानेर में रविंद्र सिंह भाटी के एक समर्थक ने अपनी 40 फीट लंबी मूंछों से माला बनाकर उन्हें पहनाई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है.
जब मूंछों की माला देख जोश में आ गए विधायक
देर रात जब रविंद्र सिंह भाटी का काफिला बीकानेर पहुंचा, तो हजारों समर्थकों की भीड़ सड़कों पर उतर आई. भाटी अपनी गाड़ी की छत पर खड़े होकर जनता और समर्थकों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे.
इसी दौरान गाड़ी पर मौजूद उनके एक अनोखे समर्थक ने अपनी लगभग 40 फीट लंबी मूंछों को खोला और उसकी माला बनाकर विधायक रविंद्र भाटी के गले में लपेट दी. समर्थक के इस अनोखे सम्मान को देखकर विधायक भाटी भी पूरी तरह जोश में आ गए और गाड़ी पर खड़े होकर समर्थकों के साथ डांस करने लगे. देखें VIDEO:-
जेसीबी से पुष्प वर्षा, छतों पर चढ़कर लोगों ने बरसाए फूल
बीकानेर में यात्रा के प्रवेश करते ही माहौल पूरी तरह भाटीमय नजर आया. समर्थकों ने जगह-जगह जेसीबी (JCB) मशीनों पर चढ़कर काफिले पर भारी पुष्प वर्षा की.
लूणकरणसर, मोतीगढ़ और कालू होते हुए देर रात यह यात्रा बीकानेर शहर पहुंची. शहर के गोकुल सर्किल से शुरू हुआ रोड शो नया शहर, चौखूटी पुलिया, हेड पोस्ट ऑफिस, ऐतिहासिक जूनागढ़, रानी बाजार, जैन कॉलेज और पुराने बस स्टैंड से होते हुए बीकानेर के प्रमुख मार्गों से गुजरा. इस दौरान लोग देर रात तक अपने घरों की छतों पर खड़े रहकर भाटी पर फूल बरसाते नजर आए.
EWS नियमों में सरलीकरण को लेकर आर-पार के मूड में भाटी
बता दें कि रविंद्र सिंह भाटी EWS आरक्षण की जटिल शर्तों और नियमों में ढील (सरलीकरण) देने की मांग को लेकर लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं. उनका कहना है कि EWS की वर्तमान शर्तों के कारण राज्य के हजारों पात्र युवा इस योजना के लाभ से वंचित रह जाते हैं. बीकानेर में मिले इस अभूतपूर्व समर्थन ने उनकी इस यात्रा को और अधिक मजबूती प्रदान की है.