नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के एक बीपीओ यूनिट में काम करने वाली महिला कर्मचारियों के साथ कथित उत्पीड़न का मामला सामने आया है, जिसमें जबरन नमाज पढ़वाने, धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने, छेड़छाड़, दुष्कर्म और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. यह घटनाएं 2022 से लेकर 2026 के बीच 18 से 25 वर्ष की युवतियों के साथ होने का दावा किया गया है.
इस मामले में अब तक 9 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनमें 6 पुरुष और 2 महिला कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुछ अन्य की तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपियों में आसिफ अंसारी, दानिश, शफी शेख, शाहरुख कुरैशी, रजा मेमन और तौसीफ अत्तर शामिल हैं. इसके अलावा पीओएसएच (यौन उत्पीड़न रोकथाम) समिति के ऑपरेशंस मैनेजर आश्विन चैनानी को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि एचआर मैनेजर निदा खान फरार बताई जा रही है.
मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जिसने अब तक कम से कम 12 पीड़िताओं की पहचान की है. यह मामला एक शिकायत के बाद सामने आया, जिसके आधार पर गुप्त जांच शुरू की गई. जांच एजेंसियां डिजिटल सबूतों और बाहरी कड़ियों की भी पड़ताल कर रही हैं.
FIR में क्या-क्या आरोप लगाए गए हैं?
एफआईआर के अनुसार, जुलाई 2022 से फरवरी 2026 के बीच आरोपी दानिश शेख, तौसीफ अत्तर और निदा खान ने एक महिला कर्मचारी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की. तौसीफ अत्तर ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए, जबकि दानिश ने ऑफिस और लॉबी में महिला को पकड़कर शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की, जिससे उसे अपमान और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा.
एक अन्य एफआईआर में मई 2023 से मार्च 2026 के बीच रजा मेमन और शाहरुख कुरैशी पर आरोप है कि उन्होंने महिला कर्मचारी को घूरा, छुआ और उसके निजी व वैवाहिक जीवन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं. शिकायत के बावजूद कंपनी के अधिकारी ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपियों को बढ़ावा मिला.
एक मामले में 2022 से फरवरी 2026 के बीच शफी शेख पर बैठकों के दौरान महिला के शरीर के अंगों को घूरने और तौसीफ अत्तर पर उसकी निजी जिंदगी और संतान न होने को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप हैं. साथ ही उसे पकड़कर शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश भी की गई.
अश्लील सवाल पूछने का आरोप
मई 2025 से दिसंबर 2025 के बीच तौसीफ अत्तर ने महिला से निजी जीवन को लेकर अश्लील सवाल पूछे, उसे घूरा और अशोभनीय इशारे किए. इसके अलावा हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर धार्मिक भावनाएं आहत कीं.
एक अन्य शिकायत में 2022 से मार्च 2026 के बीच तौसीफ अत्तर, दानिश, शाहरुख शेख और रजा मेमन पर आरोप है कि उन्होंने महिला को जबरन नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया, हिंदू धर्म का अपमान किया और उसे मांसाहार खाने के लिए बाध्य कर धर्म परिवर्तन का प्रयास किया.
गलत तरीके से छूने के आरोप
सितंबर 2024 से फरवरी 2026 के बीच आसिफ अंसारी और शफी शेख पर महिला के शरीर को लेकर अश्लील टिप्पणियां करने और उसे अनुचित तरीके से छूने के आरोप हैं. साथ ही तौसीफ अत्तर द्वारा धार्मिक भावनाएं आहत करने का भी जिक्र है.
जून 2025 से मार्च 2026 के बीच आसिफ, शाहरुख, रजा, तौसीफ और शफी पर महिला का पीछा करने, अश्लील टिप्पणियां करने और गलत तरीके से छूने के आरोप लगाए गए हैं. साथ ही हिंदू धर्म को लेकर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया.
जनवरी 2025 से अब तक रजा मेमन और शफी शेख पर महिला को उसकी इच्छा के विरुद्ध निजी बातचीत में उलझाने, शादी का प्रस्ताव देने और शरीर पर अश्लील टिप्पणी करने के आरोप हैं. दोनों उस महिला से जानबूझकर टकराते थे, जिससे उसे अपमान महसूस होता था.
वहीं जनवरी 2026 से 1 अप्रैल 2026 के बीच रजा मेमन और शाहरुख कुरैशी पर अश्लील टिप्पणियां करने, इशारे करने और महिला की गतिविधियों पर नजर रखने के आरोप हैं. पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में जांच जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना है.