झारखंड के गढ़वा शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने नामचीन होटलों में छापेमारी कर 14 जोड़े लड़का-लड़की को बरामद किया है. सभी को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है, जबकि तीन होटलों को सील कर दिया गया है. इस कार्रवाई के बाद होटल मालिकों के बीच हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार, गढ़वा सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के कई होटलों में बिना पहचान पत्र और एंट्री के कमरे दिए जा रहे हैं, जहां अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रशासन को अवगत कराया, जिसके बाद एसडीएम और एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई.
टीम में डीएसपी मुख्यालय, सीओ, इंस्पेक्टर और भारी पुलिस बल शामिल था. जब शहर के चार होटलों में छापेमारी की गई तो एक होटल में दरवाजा तोड़कर आठ जोड़े युवक-युवतियों को पकड़ा गया. वहीं रंका रोड स्थित एक अन्य होटल से तीन जोड़े बरामद किए गए. इस तरह कुल 14 जोड़े पुलिस के हत्थे चढ़े, जिनमें कुछ नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं.
प्रशासन ने मौके पर ही तीन होटलों को सील कर दिया और कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में देह व्यापार की आशंका सामने आई है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है.
इस संबंध में एसडीएम संजय पांडेय और एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि बिना वैध दस्तावेज के होटल में कमरा देना नियमों का उल्लंघन है. पूरे मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.